महिला विश्व कप में सभी अंपायर और रेफ़री महिलाएं ही होंगी
18 सदस्यीय मैच अधिकारियों के इस पैनल में चार मैच रेफ़री और 14 अंपायर शामिल हैं

भारत और श्रीलंका में होने वाला आगामी महिला वनडे विश्व कप का आयोजन केवल महिला मैच अधिकारियों के पैनल के साथ होगा।
30 सितंबर से 2 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए ICC ने गुरुवार को नौ देशों से चार मैच रेफ़री और 14 अंपायरों की घोषणा की जिसमें सभी महिलाएं हैं।
ट्रूडी एंडरसन (न्यूज़ीलैंड), शांद्रे फ़्रिट्ज़ (साउथ अफ़्रीका), जी एस लक्ष्मी (भारत) और मिशेल परेरा (श्रीलंका) मैच रेफ़री होंगी।
ऑन-फ़ील्ड और टीवी अंपायर में सू रेडफ़र्न (इंग्लैंड), क्लेयर पोलोसाक और एलोइस शेरिडन (ऑस्ट्रेलिया), कैंडेस ला बोर्डे और जैकलिन विलियम्स (वेस्टइंडीज़), किम कॉटन (न्यूज़ीलैंड), सारा दंबनेवाना (ज़िम्बाब्वे), शथिरा जाकिर जेसी (बांग्लादेश), केरिन क्लैस्टे और लॉरेन एजेनबैग (साउथ अफ़्रीका), एन जनानी, वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन (भारत) और निमाली परेरा (श्रीलंका) शामिल हैं।
इनमें पोलोसाक, विलियम्स और रेडफ़र्न अपने तीसरे महिला वनडे विश्व कप में भाग लेंगी, जबकि एजेनबैग और कॉटन अपने दूसरे विश्व कप में भाग लेंगी।
इस पैनल में किसी भी वैश्विक ICC टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा महिला अंपायर और मैच रेफ़री होंगी, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 2024 में हुए T20 विश्व कप में 13 महिला अंपायरों और मैच रेफ़री की संख्या से पांच ज़्यादा है।
हालांकि हाल के तीन आयोजनों - बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेल और हाल ही में हुए दो महिला T20 विश्व कप में मैच अधिकारियों के पैनल की सभी सदस्य महिलाएं ही थीं, लेकिन इससे पहले किसी भी वनडे विश्व कप में ऐसा नहीं हुआ है।
ICC अध्यक्ष जय शाह ने एक बयान में कहा, "यह महिला क्रिकेट के सफ़र में एक निर्णायक क्षण है और हमें उम्मीद है कि यह खेल के सभी पहलुओं में कई और नई कहानियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।" उन्होंने आगे कहा, "मैच अधिकारियों के एक पूर्ण महिला पैनल का शामिल होना न केवल एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि क्रिकेट में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए ICC की अटूट प्रतिबद्धता का एक सशक्त प्रतिबिंब भी है।"
13वें महिला वनडे विश्व कप की शुरुआत 30 सितंबर को मेज़बान भारत और श्रीलंका के बीच मुक़ाबले से होगी। गतविजेता ऑस्ट्रेलिया का सामना 1 अक्तूबर को न्यूज़ीलैंड से होगा। प्रत्येक टीम अन्य सात टीमों से एक-एक बार खेलेगी और शीर्ष चार टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचेंगी।
ये मुक़ाबले गुवाहाटी, इंदौर, विशाखापट्टनम, नवी मुंबई और कोलंबो में खेले जाएंगे और फ़ाइनल 2 नवंबर को होगा।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.