रिज़वान जावेद पर ICC ने लगाया साढ़े 17 साल का प्रतिबंध
ICC की एंटी करप्शन यूनिट द्वारा लगाया गया यह दूसरा सबसे लंबा प्रतिबंध है

ICC ने यूके बेस्ड एक क्लब क्रिकेटर रिज़वान जावेद के ऊपर साढ़े 17 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। यह ICC द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे लंबा प्रतिबंध है। ICC ने जावेद पर यह फ़ैसला एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एंटी करप्शन कोड के पांच अलग अलग उल्लंघनों का दोषी पाए जाने के बाद लिया है।
जावेद उन आठ खिलाड़ियों और अधिकारियों में शामिल थे जिनके ऊपर सितंबर 2023 में ICC ने चार्ज लगाए थे। इनके ऊपर 2021 में खेली गई अबू धाबी टी10 लीग के दौरान भ्रष्ट आचरण करने का आरोप था। इस मामले में बांग्लादेश के रहने वाले नासिर हुसैन पर भी भ्रष्टाचार के आरोप थे लेकिन हुसैन द्वारा जांच में ICC का सहयोग करने पर उनके ऊपर दो वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया। ICC ने कहा कि जावेद ने ना तो अपने ऊपर लगे आरोपों पर जवाब दिया और ना ही उन्होंने जांच में किसी तरह का सहयोग किया।
जावेद के ऊपर अबू धाबी टी10 लीग के दौरान तीन अलग अलग अवसरों पर मैच को प्रभावित करने के लिए भ्रष्ट हथकंडे अपनाने सहित अन्य खिलाड़ियों को भ्रष्ट आचरण के लिए लालच देने के भी आरोप थे। जावेद को आर्टिकल 2.1.1, 2.1.3, 2.1.4, 2.4.4 और 2.4.6 के तहत दोषी पाया गया है।
ICC के जनरल मैनेजर (इंटीग्रिटी) एलेक्स मार्शल ने कहा, "रिज़वान को पेशेवर क्रिकेटरों को भ्रष्ट आचरण में लिप्त कराने के प्रयासों के चलते प्रतिबंधित किया गया है। यह बैन उन भ्रष्ट लोगों के लिए भी एक कड़ा संदेश है जो क्रिकेट को किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार के दलदल में फंसाने की मंशा रखते हैं।"
जावेद पर यह प्रतिबंध 19 सितंबर 2023 के दिनांक से लागू होगा, इसी दिन उन्हें निलंबित किया गया था।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.