News

2025 में अफ़ग़ानिस्तान के मुख्य कोच बने रहेंगे ट्रॉट

ACB ने उनके कार्यकाल को 12 महीने के लिए बढ़ाया है

Jonathan Trott के कार्यकाल में अफ़ग़ानिस्तान को कुछ बड़ी जीत हासिल हुई हैं  ICC via Getty Images

अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) द्वारा एक साल तक कार्यकाल बढ़ाए जाने के चलते जोनाथन ट्रॉट 2025 के अंत तक अफ़ग़ानिस्तान के मुख्य कोच बने रहेंगे। उनका अगला दौरा ज़िम्बाब्वे का होगा लेकिन निजी कारणों के चलते वह सिर्फ़ ODI प्रारूप के लिए ही उपलब्ध रह पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में हामिद हसन मुख्य कोच और नवरोज़ मंगल सहायक कोच की भूमिका में दिखेंगे।

Loading ...

ACB ने 2024 में टीम की सफलता को देखते हुए ट्रॉट का कार्यकाल बढ़ाया है। इस साल अफ़ग़ानिस्तान ने ग्रुप और सुपर 8 स्टेज में न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को मात देते हुए T20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने शारजाह में साउथ अफ़्रीका और बांग्लादेश दोनों को ही ODI सीरीज़ में पटखनी भी दी है। जबकि पिछले वर्ष अफ़ग़ानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी टीमों को शिकस्त दी थी।

अफ़ग़ानिस्तान अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी में पहली बार हिस्सा लेगा। वनडे वर्ल्ड कप की अंक तालिका में शीर्ष आठ में रहने के कारण उन्हें इस टूर्नामेंट में प्रवेश मिला।

ट्रॉट का कार्यकाल जुलाई 2022 में चालू हुआ था और जनवरी 2024 में उनका 18 महीने का अनुबंध बढ़ा दिया गया था। ट्रॉट की नियुक्ति के बाद अफ़ग़ानिस्तान ने 34 में से 14 ODI जीते हैं जबकि 44 में से 20 T20I में उन्हें जीत मिली है।

अफ़ग़ानिस्तान के साथ जुड़ाव ट्रॉट के ख़ुद के पेशेवर जीवन में मुख्य कोच के रूप में पहला कार्यकाल है। इससे पहले वह 2021 T20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के सलाहकार थे। बतौर खिलाड़ी उन्होंने 52 टेस्ट में 44.08 की औसत से 3835 रन बनाए थे। जबकि 2010-11 में उन्होंने इंग्लैंड की ऐशेज़ जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ODI क्रिकेट में ट्रॉट ने 51.25 की औसत, चार शतक और 22 अर्धशतक के साथ 2819 रन बनाए।

Jonathan TrottAfghanistan