News

IPL मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्टर किए गए खिलाड़ियों की सूची में बेन स्टोक्स का नाम नहीं

राहुल, पंत, अय्यर, अश्विन, चहल, शमी, ठाकुर सूची में सबसे ऊंचे बेस प्राइस पर

IPL 2025 रिटेंशन की बड़ी बातें और आगे की रणनीति समझिए यहां

IPL 2025 रिटेंशन की बड़ी बातें और आगे की रणनीति समझिए यहां

PBKS के पर्स में है अब सबसे ज़्यादा रक़म तो DC, KKR, LSG और RCB को कप्तान की तलाश

IPL 2025 के मेगा ऑक्शन के लिए जिन 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है, उस सूची में बेन स्टोक्स का नाम शामिल नहीं हैं। यह IPL ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दाह में आयोजित किया जाएगा।

Loading ...

फ्रेंचाइजियों से इनपुट मिलने के बाद IPL इस लंबी सूची के खिलाड़ियों की छंटनी करेगा। इस लिस्ट में उन सभी प्रमुख भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें उनकी फ्रेंचाइज़ी ने रिटेन नहीं किया है। ऋषभ पंत, के एल राहुल, श्रेयस अय्यर ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रूपए रखा है। इस लिस्ट में आर. अश्विन और युज़वेंद्र चहल भी हैं, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज़ कर दिया था।

मोहम्मद शमी ने पिछले साल नवंबर में 2023 वनडे वर्ल्ड कप फ़ाइनल के बाद से चोटों के कारण कोई क्रिकेट नहीं खेला है, उन्हें भी गुजरात टाइटन्स द्वारा रिटेन नहीं किए जाने के बाद 2 करोड़ के बेस प्राइस पर सूचीबद्ध किया गया है।

2 करोड़ के अधिकतम बेस प्राइस के साथ अन्य भारतीय खिलाड़ियों में खलील अहमद, दीपक चाहर, वेंकटेश अय्यर, आवेश ख़ान, इशान किशन, मुकेश कुमार, भुवनेश्वर कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, टी नटराजन, देवदत्त पड़िक्कल, क्रुणाल पांड्या, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव शामिल हैं।

पृथ्वी शॉ और सरफ़राज़ ख़ान, जो पिछले ऑक्शन में नहीं बिके थे, उन्होंने 75 लाख के बेस प्राइस पर रजिस्ट्रेशन किया है। इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन ने 2014 के बाद से कोई T20 मैच नहीं खेला है और कभी भी IPL का हिस्सा नहीं रहे हैं, उन्होंने 1.25 करोड़ के बेस प्राइस पर ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन किया है। एंडरसन ने इस इंग्लिश समर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और इंग्लैंड की टीम के साथ गेंदबाज़ी कोच की भूमिका निभानी शुरू की थी।

मिचेल स्टार्क, जो 2024 में KKR द्वारा 24.50 करोड़ में ख़रीदे जाने के बाद IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, वह 2 करोड़ के बेस प्राइस के साथ फिर से ऑक्शन पूल में हैं। जोफ़्रा आर्चर भी उसी बेस प्राइस पर सूची में हैं। आर्चर ने 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए केवल पांच मैच खेले थे और फिर चोटों के कारण IPL से बाहर हो गए थे।

इस लंबी सूची में इटली के एक खिलाड़ी थॉमस ड्राका भी शामिल हैं, जिन्होंने कनाडा के ग्लोबल T20 में ब्रैम्पटन के लिए खेला था। 24 वर्षीय ड्राका को हाल ही में यूएई में ILT20 के आगामी सीज़न के लिए MI एमिरेट्स ने चुना है।

एक टीम अपने दल में अधिकतम 25 खिलाड़ियों को शामिल कर सकती है, इसका मतलब है कि नीलामी में कुल 204 स्लॉट उपलब्ध होंगे क्योंकि तमाम फ़्रैंचाइज़ी ने कुल 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। हर टीम के पास कुल 120 करोड़ का पर्स है लेकिन रिटेंशन के चलते बड़ी नीलामी में पंजाब किंग्स (PBKS) 110.5 करोड़ के सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेगी। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 83 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स (DC) 73 करोड़, गुजरात टाइटंस (GT) 69 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 69 करोड़, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 55 करोड़, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 51 करोड़, मुंबई इंडियंस (MI) 45 करोड़, सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) 45 करोड़ और राजस्थान रॉयल्स (RR) 41 करोड़ के पर्स के साथ उतरेगी।

IPL टीमें इस बार अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती थीं, जिसमें अधितकम पांच कैप्ड खिलाड़ी और अधिकतम दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने की अनुमति थी। खिलाड़ियों को या तो नीलामी से पहले रिटेन किया जा सकता था या फिर फ़्रैंचाइज़ी नीलामी में राइट टू मैच (RTM) कार्ड के विकल्प का उपयोग कर अपने पुराने खिलाड़ियोंं दोबारा अपने दल में जोड़ सकती थी।

नीलामी के दौरान अगर किसी खिलाड़ी को किसी अन्य टीम ने ख़रीद लिया और उसकी पुरानी टीम वापस अपने दल में RTM के ज़रिए जोड़ना चाहती है तब वह संबंधित खिलाड़ी पर लगाई गई अधिकतम बोली के दौरान RTM कार्ड का उपयोग कर सकती है। हालांकि इसके बाद उस खिलाड़ी पर अधिकतम बोली लगाने वाली नई फ़्रैंचाइज़ी को खिलाड़ी पर उनकी अपनी इच्छानुसार बोली बढ़ाने का विकल्प दिया जाएगा। अगर पुरानी टीम उस नई बोली जितनी राशि का दांव खिलाड़ी पर खेलती है तभी वो अपने पुराने खिलाड़ी को अपने दल में जोड़ पाएगी।

चूंकि PBKS ने सिर्फ़ दो खिलाड़ियों को रिटेन किया है, ऐसे में उनके पास सबसे ज़्यादा चार RTM के विकल्प मौजूद होंगे। वहीं तीन खिलाड़ी रिटेन करने वाली RCB के पास RTM के तीन और चार खिलाड़ी रिटेन करने वाली DC के पास RTM के दो विकल्प होंगे। MI, CSK, GT, SRH और LSG ने पांच खिलाड़ी रिटेन किए हैं, ऐसे में उनके पास RTM का एक विकल्प होगा। वहीं KKR और RR के पास एक भी RTM का विकल्प नहीं होगा। हां अगर कोई फ़्रैंचाइज़ी चाहे तो बिना RTM कार्ड का उपयोग किए भी अपने पुरानी खिलाड़ियों पर अधिकतम बोली लगाकर उन्हें ख़रीद ही सकती है।

Ben StokesRishabh PantKL RahulShreyas IyerIndian Premier League