आंकड़ें - विदेशी पिच पर रोहित का पहला टेस्ट शतक
उन्होंने अपने करियर में तीसरी बार छक्का लगाकर तिहरे अंकों में (शतक) में प्रवेश किया। केवल सचिन तेंदुलकर ही इस मामले में रोहित शर्मा से आगे हैं।

1- ओवल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़, रोहित शर्मा ने घर से बाहर अपना पहला टेस्ट शतक बनाया। यह घरेलू मैदानों पर उनके लगाए सात शतकों के बाद विदेशी सरजमीं पर लगाया उनका पहला शतक है, उन्होंने इस मामले में मोहम्मद अज़हरुद्दीन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने विदेशी पिचों पर पहला शतक लगाने से पहले, घरेलू पिचों पर सबसे ज्यादा शतक लगाए थे।
3- रोहित शर्मा ने तीन बार छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया है। इस मामले में सचिन तेंदुलकर उनसे आगे हैं। सचिन ने यह कारनामा छह बार किया है। रोहित ने अपना शतक पूरा करने के लिए मोईन अली को लांग ऑन के ऊपर से छक्का जड़कर 2013 में मुंबई की यादों को ताजा कर दिया, जब उन्होंने मार्लन सैमुएल्स को इसी तरह छक्का लगाकर शतक पूरा किया था।, वहीं 2019 में रांची में उन्होंने डेन पीड्ट के ख़िलाफ़ छक्का लगा कर अपना शतक पूरा किया था।
47- विदेशी पिच पर टेस्ट में अपना पहला शतक बनाने के लिए रोहित ने 47 पारियां खेलीं। भारतीय खिलाड़ी में से केवल अनिल कुंबले (78 पारियों) को ही इससे अधिक समय लगा था। विशेषज्ञ बल्लेबाजों में, केवल इयान रेडपथ ने 64 पारियों में और शिवनारायण चंद्रपॉल ने 52 पारियों में विदेशी धरती पर अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था। इस मामले में इन दोनों खिलाड़ियों ने रोहित से अधिक समय लिया था।
31.29- फ़िलहाल घर से दूर रोहित का टेस्ट औसत 31.29 है, जो उनके करियर में पहली बार 30 से ऊपर गया है। 2021 में उनका औसत 14 पारियों में 43.51 है, जिसमें चार अर्धशतक और एक शतक शामिल है।
9- इंग्लैंड में रोहित के लिए नौ अंतर्राष्ट्रीय शतक, किसी भी भारतीय खिलाड़ी से अधिक है। इस मामले में पहले राहुल द्रविड़ उनसे आगे थे। किसी भी मेहमान खिलाड़ी के द्वारा इंग्लैंड में सबसे अधिक शतक का रिकॉर्ड सर डोनाल्ड ब्रैडमैन के नाम है, जिनके नाम 11 शतक हैं और रोहित इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। विवियन रिचर्ड्स के भी इंग्लैंड में नौ शतक हैं। उन नौ शतकों में से आठ शतक रोहित ने 2018 के बाद लगाए हैं।
2- इंग्लैंड में तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाले दो खिलाड़ी हैं। एक रोहित के मौजूदा ओपनिंग पार्टनर केएल राहुल और दूसरे खुद रोहित। हालांकि बतौर स्पेशलिस्ट ओपनर ऐसा करने वाले रोहित इकलौते खिलाड़ी हैं।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo स्टैटिस्टिशियन हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के सब एडिटर राजन राज ने किया है।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.