Features

किशन और सूर्यकुमार के बल्ले से निकले रनों ने बनाया कीर्तिमानों का क़िला

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए पांचवें T20I में कई आकर्षक और रोचक रिकॉर्ड बने हैं

Ishan Kishan ने सिर्फ़ 42 गेंदों में लगाया शतक  BCCI

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए पांचवें T20I में कीर्तिमानों की बौछार हो गई। 42 गेंदों में इशान किशन का शतक, T20I में सूर्युकमार यादव के सबसे तेज़ 3000 रन और दोनों टीमों के द्वारा बनाए गए 496 रन। ये सभी ऐसे आंकड़े थे, जिन्होंने कीर्तिमानों का नया क़िला स्थापित किया। आइए देखते हैं कि इस मैच में और कौन-कौन से रिकॉर्ड बने।

Loading ...

271 पर 5 - शनिवार को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत ने पांच विकेट के नुक़सान पर 271 रन बनाए। यह T20I में उनका तीसरा सबसे बड़ा कुल स्कोर है। भारत अब तक T20I में चार मौक़ों पर 250 से ज़्यादा रन बना चुका है, जो इस फ़ॉर्मैट में किसी भी टीम से सबसे ज़्यादा है।

यह स्कोर न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है। इसने 2018 में ऑकलैंड में ऑस्ट्रेलिया के 245 - 4 के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।

496 - तिरुवनंतपुरम में भारत और न्यूज़ीलैंड ने कुल 496 रन बनाए। यह किसी भी T20I मैच का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (दोनों टीम के स्कोर को मिलाकर) है। T20I में सबसे बड़ा मैच स्कोर 517 रन का है, जो 2023 में साउथ अफ़्रीका और वेस्टइंडीज़ ने सेंचुरियन में बनाया था।

 ESPNcricinfo Ltd

23 - भारतीय टीम ने अपनी बल्लेबाज़ी के दौरान कुल 23 सिक्सर लगाए। T20I की एक पारी में यह उनका संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा सिक्सर हैं। इससे पहले भारत ने 2024 में जोहान्सबर्ग में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भी 23 छक्के लगाए थे। कुल मिलाकर T20I की एक पारी में भारत से ज़्यादा सिक्सर सिर्फ़ तीन टीमों ने लगाए हैं

न्यूज़ीलैंड ने अपनी पारी में 13 सिक्सर और जोड़कर मैच का कुल आंकड़ा 36 तक पहुंचा दिया। यह T20I मैचों में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे आगे 2025 में बुल्गेरिया और जिब्राल्टर के बीच खेले गए मैच में 41 सिक्सर लगे थे।

69 - भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पांच मैचों की सीरीज़ में कुल 69 सिक्सर लगाए, जो किसी भी द्विपक्षीय सीरीज़ में किसी भी टीम के द्वारा सबसे ज़्यादा हैं। यह T20I क्रिकेट की किसी भी सीरीज़ या टूर्नामेंट में किसी टीम द्वारा लगाए गए तीसरे सबसे ज़्यादा सिक्सर भी हैं।

इस सीरीज़ में कुल 116 सिक्सर लगे, जिनमें न्यूज़ीलैंड के 47 सिक्सर शामिल हैं। यह किसी भी द्विपक्षीय T20I सीरीज़ का तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।

42 - इशान किशन ने शनिवार को 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ किसी भी बल्लेबाज़ का सबसे तेज़ शतक है और पुरुषों के T20I में भारत की ओर से पांचवां सबसे तेज़ शतक है।

वह न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ बने। वह उनके ख़िलाफ़ एक पारी में दस या उससे ज़्यादा छक्के लगाने वाले सिर्फ़ दूसरे बल्लेबाज़ भी हैं।

25 किसी भी टीम द्वारा सबसे ज़्यादा है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड 13 शतकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। किशन इस फ़ॉर्मैट में भारत के लिए शतक लगाने वाले 13वें बल्लेबाज़ बने।

1822सूर्यकुमार यादव ने 1822 गेंदों में T20I क्रिकेट में 3000 रन पूरे किए। यह इस उपलब्धि तक पहुंचने का सबसे तेज़ रिकॉर्ड है। उन्होंने मुहम्मद वसीम के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1947 गेंदों में यह मुक़ाम हासिल किया था।

 ESPNcricinfo Ltd

137- किशन और सूर्यकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी हुई। यह पुरुषों के T20I में भारत की सबसे बड़ी तीसरे विकेट की साझेदारी है। यह न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ किसी भी विकेट के लिए भारत की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी है।

शनिवार को दूसरा विकेट गिरने के बाद भारत ने 223 रन जोड़े। यह T20I की एक पारी में चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। इस सीरीज़ में यह तीसरा मौक़ा है जब भारत ने एक पारी में दूसरे विकेट के बाद 200 से ज़्यादा रन जोड़े हैं । इससे पहले भारत ने कभी ऐसा नहीं किया था।

202 पर 3 - भारत ने पारी के आख़िरी 12 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 202 रन जोड़े। आठ ओवर के बाद स्कोर 69 पर 2 था। पुरुषों के T20I में आख़िरी 12 ओवरों में सिर्फ़ दो टीमों ने इससे ज़्यादा रन बनाए हैं। 2023 में मंगोलिया के ख़िलाफ़ नेपाल ने 237 रन जोड़े थे। 2024 में ज़िम्बाब्वे ने गाम्बिया के ख़िलाफ़ 219 रन बनाए थे। ESPNcricinfo के फ़ोरकास्टर के मुताबिक आठ ओवर के बाद भारत का अनुमानित स्कोर 181 था।

3.1 - न्यूज़ीलैंड ने शनिवार को 3.1 ओवर में 50 रन पूरे किए। यह भारत के ख़िलाफ़ किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे तेज़ 50 रन हैं। इसने पिछले महीने अहमदाबाद में साउथ अफ़्रीका के 3.3 ओवर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पुरुषों के T20I में सिर्फ़ दो बार न्यूज़ीलैंड इससे तेज़ 50 तक पहुंचा है। दोनों ही मौक़े छोटे किए गए मैचों में आए थे।

57 - फ़िन ऐलन ने पावरप्ले में 57 रन बनाए। यह पुरुषों के T20I में भारत के ख़िलाफ़ इस फ़ेज़ में किसी भी बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 के T20 विश्व कप में एडिलेड में लिटन दास ने 56 रन बनाए थे।

न्यूज़ीलैंड ने पावरप्ले के अंत में एक विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए। यह भारत के ख़िलाफ़ सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले 2016 में वेस्टइंडीज़ ने 78 रन बनाए थे।

5 पर 51 - तिरुवनंतपुरम में अर्शदीप सिंहने 51 रन देकर पांच विकेट लिए। यह T20I क्रिकेट का सबसे महंगा पांच विकेट हॉल हैं। वह उन सिर्फ़ तीन गेंदबाज़ों में भी शामिल हैं जिन्होंने 50 से ज़्यादा रन देने के बावजूद T20I में चार या उससे ज़्यादा विकेट लिए हैं।

अर्शदीप ने पुरुषों के सभी T20 मैचों में दूसरा सबसे महंगा पांच विकेट हॉल भी दर्ज किया। उनसे आगे सिर्फ़ आंध्र के चीपुरुपल्ली स्टीफ़न हैं, जिन्होंने 2016 में दिल्ली के ख़िलाफ़ 52 रन दिए थे।

58 - जसप्रीत बुमराह ने शनिवार को अपने चार ओवरों में 58 रन दिए। यह T20 क्रिकेट में उनके करियर का सबसे महंगा स्पेल है। पारी के 14वें ओवर में उन्होंने 22 रन दिए। यह T20I में उनका सबसे महंगा ओवर भी रहा।

शनिवार को खेले गए पांचवें T20I में बुमराह उन पांच गेंदबाज़ों में शामिल रहे, जिन्होंने 50 से ज़्यादा रन दिए। यह पुरुषों के T20I मैच में संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा है। 2024 में जिम्बाब्वे के ख़िलाफ़ खेले गए T20I में गाम्बिया के पांच गेंदबाज़ों ने भी 50 या उससे ज़्यादा रन दिए थे।

29 - भारत की पारी के 12वें ओवर में 29 रन बने, जिसे ईश सोढ़ी ने डाला। पुरुषों के T20I में न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों में सिर्फ़ डैरिल टफ़ी ने एक ओवर में इससे ज़्यादा रन दिए हैं। उन्होंने 2005 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 30 रन दिए थे। सोढ़ी ने पिछले मैच में भी 12वें ओवर में 29 रन दिए थे।

6 - सूर्यकुमार के नाम छह प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ अवॉर्ड हैं। यह पुरुषों के T20I में किसी भी खिलाड़ी द्वारा संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। वह वानिंदु हसरंगा के साथ इस सूची में बराबरी पर हैं। उनसे आगे सिर्फ़ विराट कोहली हैं, जिनके नाम सात अवॉर्ड हैं।

Ishan KishanSuryakumar YadavArshdeep SinghJasprit BumrahIndia vs New ZealandIndia vs South AfricaNew Zealand tour of IndiaSouth Africa tour of India