रांची वनडे में कोहली-रोहित ने खड़ा किया कीर्तिमानों का क़िला
यह रांची में कोहली का पांच पारियों में तीसरा शतक था और उनका वहां औसत 173 का हो गया है

681 - भारत और साउथ अफ़्रीका ने रांची में खेले गए पहले वनडे में कुल 681 रन बनाए, जो दोनों टीमों के बीच एक वनडे में सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले 2015 के वानखेड़े वनडे में 662 रन बने थे, जिसमें साउथ अफ़्रीका ने 438 और भारत ने 224 रन बनाए थे।
6 - विराट कोहली के साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे में अब कुल 6 शतक हो चुके हैं, जो कि विश्व में सर्वाधिक हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और डेविड वॉर्नर (5-5) को पीछे छोड़ा।
352 - वनडे में रोहित शर्मा के कुल 352 छक्के हो चुके हैं, जो विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने शाहिद अफ़रीदी (351) को पीछे छोड़ा।
20 - वनडे में रोहित-कोहली की कुल 20 शतकीय साझेदारियां हो चुकी हैं। यह कुमार संगकारा-तिलकरत्ने दिलशान के बराबर है और सिर्फ़ सचिन तेंदुलकर-सौरव गांगुली (26) उनसे आगे हैं। रांची में 136 रनों की साझेदारी घर में उनकी 8वीं लेकिन 2020 के बाद पहली शतकीय साझेदारी थी।
7 - रांची में कोहली ने सात छक्के लगाए। वनडे में इससे पहले सिर्फ़ दो बार उन्होंने इतने या अधिक छक्के लगाए थे। 8 बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम (2023) 7 बनाम ऑस्ट्रेलिया, जयपुर (2013)
साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे में भारत की ओर से यह संयुक्त रूप से यह दूसरा सबसे ज़्यादा है। यूसुफ़ पठान ने 2011 के एक मैच में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 8 छक्के लगाए थे। भारत ने कुल 16 छक्के लगाए, जो साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे में उनका सबसे बड़ा आंकड़ा है।
173- रांची में कोहली का वनडे में औसत 173 का है, जो किसी भी बल्लेबाज़ का 500+ रन वाले वेन्यू पर दूसरा सबसे ऊंचा औसत है। यहां उन्होंने 5 पारियों में तीन शतक और एक अर्धशतक की मदद से 519 रन बनाए हैं। यहां उनके सभी शतक, 120+ स्कोर रहे हैं।
11 - साउथ अफ़्रीका का स्कोर तीसरा विकेट गिरने पर सिर्फ़ 11 रन था। इसके बाद भी उन्होंने 300+ बनाया। वनडे इतिहास में ऐसा सिर्फ़ दूसरी बार हुआ। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 206 के सिडनी वनडे में श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन विकेट 10 रन पर गिरने के बाद 368 रन बनाए थे।
1 - वनडे इतिहास में पहली बार किसी टीम में नंबर चार से नीचे के पांच बल्लेबाज़ों ने 35+ रन बनाए।
10 - कुलदीप यादव वनडे में चार या उससे अधिक विकेट अब 10 बार ले चुके हैं। भारतीय स्पिनरों में यह संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा और अनिल कुंबले के बराबर है। भारत की तरफ़ से सिर्फ़ मोहम्मद शमी (16) और अजीत अगरकर (12) उनसे आगे हैं।
392 - रोहित-कोहली द्वारा एक साथ खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैचों की संख्या अब 391 हो चुकी है। यह भारत के लिए किसी जोड़ी द्वारा सबसे ज़्यादा मैच हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर-राहुल द्रविड़ (391) को पीछे छोड़ा। कुल मिलाकर दुनिया में सिर्फ़ 5 जोड़ियां ही इनसे आगे हैं।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैस्टिशियन हैं
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.