Features

अंडर 19 वर्ल्ड कप से लेकर IPL तक, शिखर धवन के यादगार प्रदर्शन

विशेषकर ODI क्रिकेट में धवन ने बड़े मंचों पर हमेशा अपना लोहा मनवाया

धवन बड़े मंचों पर लगातार भारत के लिए तुरुप का इक्का सिद्ध हुए  Cricket Australia/Getty Images

शिखर धवन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अब अलविदा कह चुके हैं। ऐसे में तमाम प्रारूपों में उनके कुछ यादगार प्रदर्शनों पर एक नज़र डालते हैं।

Loading ...

शुरुआत में ही दे दिए थे कुछ बड़ा करने का संकेत

2004 में बांग्लादेश में हुए अंडर 19 वर्ल्ड कप में ही धवन ने इस बात के संकेत दे दिए थे कि वह आगे चलकर कैसे बल्लेबाज़ साबित होने वाले हैं। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 84.16 की औसत और 93.51 के स्ट्राइक रेट से 505 रन बनाए। वह इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी थे। सात पारियों में धवन ने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया। भारत इस टूर्नामेंट में सेमीफ़ाइनल तक पहुंचा था और धवन इस टूर्नामेंट के प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट थे। धवन 2022 तक अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे, साउथ अफ़्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा।

एक यादगार टेस्ट डेब्यू

डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ धवन ने 187 रनों की पारी खेली थी  BCCI

धवन ने 2010 में ही ODI में भारत के लिए डेब्यू कर दिया था लेकिन उनका असली सफर 2013 में शुरू हुआ जब उन्होंने टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत के लिए पदार्पण किया। मोहाली में उन्होंने महज़ 85 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया और वह टेस्ट डेब्यू पर सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए। उनका यह रिकॉर्ड आज तक क़ायम है। उन्होंने उस पारी में 187 रन बनाए जो टेस्ट डेब्यू पर किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सर्वोच्च स्कोर है जबकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वह टेस्ट डेब्यू पर सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में आठवें स्थान पर हैं।

चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारत के नायक

2013 में इंग्लैंड में हुई चैंपियंस ट्रॉफ़ी से पहले 2010 से 2011 के बीच में धवन ने भारत के लिए सिर्फ़ 5 ODI खेले थे और इस दौरान उनके बल्ले से 69 रन निकले थे। हालांकि चैंपियंस ट्रॉफ़ी का आग़ाज़ उन्होंने साउथ अफ़्रीका और वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ लगातार दो शतक लगाकर किया। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 48, श्रीलंका के ख़िलाफ़ 69 और बारिश से प्रभावित फ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 24 गेंदों पर 31 रन बनाए। उन्होंने टूर्नामेंट में पांच पारियों में 90.75 की औसत और 101.39 के स्ट्राइक रेट से कुल 363 रन बनाए। भारत ने वह टूर्नामेंट जीत लिया और यहीं से ICC के ODI टूर्नामेंट से धवन के जुड़ाव की शुरुआत हुई।

लिस्ट ए में भी मचाया धमाल

2013 का साल धवन के लिए बेहद शानदार था। टेस्ट और चैंपियंस ट्रॉफ़ी में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने के बाद धवन ने साउथ अफ़्रीका ए के ख़िलाफ़ इंडिया ए का प्रतिनिधित्व किया था और मेज़बानों के पसीने छुड़ा दिए थे।

लिस्ट ए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने 150 गेंदों में 248 रन जड़ डाले थे, जिसमें 30 चौके और सात छक्के शामिल थे। जब धवन आउट हुए तब पारी में 32 गेंदें तब भी शेष थीं और बाद में धवन ने ख़ुद यह स्वीकारा था कि अगर वह अंत तक बल्लेबाज़ी करते तो उनके पास तिहरा शतक जड़ने का भी मौक़ा था।

उनकी इस पारी ने हर किसी को प्रभावित कर दिया था। तत्कालीन मुख्य कोच लालचंद राजपूत से लेकर विपक्षी कप्तान जस्टिन ऑन्टॉन्ग ने धवन की काफ़ी प्रशंसा की थी। धवन की 248 रनों की पारी उस समय लिस्ट ए का दूसरा सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर था। इस समय अब यह विश्व क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मामले में तीसरे स्थान पर है। एन जगदीशन ने अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ 277 रन बनाए थे जबकि रोहित शर्मा ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ ODI में 264 रनों की पारी खेली थी।

ICC टूर्नामेंट में भारत के तुरुप का इक्का

धवन जल्द ही बड़े मंचों पर बड़ा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए।

चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद उन्होंने भारत के लिए 2015 वनडे वर्ल्ड कप और 2017 चैंपियंस ट्रॉफ़ी में सर्वाधिक रन बनाए। 2019 के वर्ल्ड कप में अंगूठे की चोट के चलते बाहर होने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ शतक भी लगाया। जिन खिलाड़ियों ने भी ICC के ODI टूर्नामेंट, वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफ़ी में कम से कम हज़ार रन बनाए हैं, उनमें धवन की 65.15 की औसत सर्वश्रेष्ठ है। 20 मैचों में धवन ने छह शतक और चार अर्धशतकों की बदौलत 1238 रन बनाए हैं।

धवन ने 2014 और 2018 के एशिया कप में भी भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाए थे।

बड़े मंच के खिलाड़ी  ESPNcricinfo Ltd

IPL में भी लाजवाब प्रदर्शन

धवन ने IPL में कुल पांच टीमों का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (और दिल्ली डेयरडेविल्स), मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स, सनराइज़र्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स शामिल हैं। IPL के इतिहास में वह दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने IPL के 222 मैचों में 35.25 की औसत और 127.14 के स्ट्राइक रेट से 6769 रन बनाए हैं।

उन्हें अपना पहला IPL शतक लगाने के लिए 167 पारियों का इंतज़ार करना पड़ा। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ख़िलाफ़ 2020 में उन्होंने पहला शतक लगाया था और इसके ठीक अगले ही मैच में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ भी उन्होंने शतक जड़ दिया।

वह IPL में सबसे ज़्यादा 768 चौके लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं, और सर्वाधिक बार 50 (53) से अधिक स्कोर बनाने के मामले में वह तीसरे स्थान पर हैं।

Shikhar DhawanIndia vs AustraliaICC Cricket World CupICC Champions Trophy

आशीष पंत ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं