Features

धवन : वैश्विक ODI टूर्नामेंट के बेताज बादशाह

धवन और रोहित शर्मा के बीच ODI में कुल 18 बार शतकीय साझेदारी हुई

धवन ने एशिया के बाहर ODI में और भी बेहतरीन प्रदर्शन किया  BCCI

शिखर धवन ने एक दशक से भी लंबा सफर तय करने के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। तीनों प्रारूपों में उनके कुछ रोचक आंकड़ों पर नज़र डालते हैं।

Loading ...

187 - धवन ने अपनी पहली टेस्ट पारी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मोहाली में 187 रन बनाए थे, जो पुरुष टेस्ट में भारत की ओर से डेब्यू करने वाले खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। वहीं विश्व भर में डेब्यू पर यह किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गयाआठवां सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने सिर्फ़ 85 गेंदों पर शतक जड़ दिया था जो डेब्यू पर लगाया गया सबसे तेज़ शतक है।

44.11 - धवन ने 164 ODI पारियों में 91.35 के स्ट्राइक रेट और 44.11 की औसत से 6793 रन बनाए। 3 हज़ार या उससे अधिक रन बनाने वाले कुल 19 भारतीय बल्लेबाज़ों में से सिर्फ़ चार खिलाड़ियों ने ही धवन से अधिक औसत के साथ रन बनाए हैं। इन खिलाड़ियों में विराट कोहली, एमएस धोनी, रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर का नाम शामिल है।

65.15 - चैंपियंस ट्रॉफ़ी और ODI वर्ल्ड कप के दौरान धवन ने 65.15 की औसत से रन बनाए। इन दोनों टूर्नामेंट में धवन ने 20 पारियों में छह शतक लगाए और 10 बार उन्होंने 50 का आंकड़ा पार किया। इन दोनों टूर्नामेंट में कम से कम एक हज़ार रन बनाने वाले 51 बल्लेबाज़ों में धवन की औसत सर्वश्रेष्ठ है। हालांकि कोहली (64.55) इस मामले में उनसे अधिक पीछे नहीं हैं। धवन ने ODI वर्ल्ड कप (10 पारी) में 53.70 और चैंपियंस ट्रॉफ़ी (10 पारी) में 77.88 की औसत से रन बनाए।

18 - ODI में रोहित और धवन के बीच पहले विकेट के लिए कुल 18 बार शतकीय साझेदारी हुई। यह किसी सलामी जोड़ी द्वारा की गई शतकीय साझेदारियों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ है। सिर्फ़ तेंदुलकर और सौरव गांगुली (21) के ही नाम रोहित और धवन से अधिक शतकीय साझेदारियां हैं। रोहित और धवन के नीच कुल 5148 रनों की साझेदारी हुई, जो तमाम सलामी जोड़ियों के बीच हुई साझेदारियों में चौथा सर्वश्रेष्ठ है।

140 - धवन ने 140 पारियों में 6000 ODI रन बनाए थे। सिर्फ़ चार बल्लेबाज़ ही धवन से कम पारियां खेल कर इस उपलब्धि को हासिल कर पाए हैं। इन खिलाड़ियों में हाशिम अमला, कोहली, केन विलियमसन और डेविड वॉर्नर का नाम शामिल है।

109 - धवन ने अपने 100वें ODI मैच में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 109 रनों की पारी खेली थी। इस प्रारूप में अपने 100वें मैच में शतक जड़ने वाले 10 बल्लेबाज़ों में धवन का नाम भी शामिल है।

61 - एशिया में धवन ने 61 की टेस्ट औसत से रन बनाए। 24 पारियों में उन्होंने छह शतकों की बदौलत 1403 रन बनाए। हालांकि एशिया के बाहर खेलीं 34 पारियों में उन्होंने 26.82 की औसत और एक शतक की बदौलत 982 रन ही बनाए।

12 - धवन ने भारत के बाहर ODI में कुल 12 शतक जड़े। जबकि इस प्रारूप में उनके नाम कुल 17 शतक हैं। टेस्ट के परे एशिया के बाहर ODI में उनका रिकॉर्ड बेहतरीन है। उन्होंने 44.03 की औसत और 89.34 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड में यह रिकॉर्ड और बेहतर है। इन चार देशों में खेली कुल 69 पारियों में उन्होंने 46.68 की औसत और 91.73 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और आठ शतक भी लगाए।

6769 - धवन ने IPL में 6769 रन बनाए हैं। इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वह सिर्फ़ कोहली (8004) से पीछे हैं। IPL में धवन द्वारा लगाए गए 768 चौके किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए लीग में लगाए गए सर्वाधिक चौके हैं। उनके बाद कोहली का नंबर आता है, जिन्होंने 765 चौके लगाए हैं।

5 - धवन ने IPL में कुल पांच बार (2012, 2016, 2019, 2020 और 2021) 500 से अधिक रन बनाए। सिर्फ़ कोहली, डेविड वॉर्नर (7 बार) और केएल राहुल (छह बार) ने ही धवन से ज़्यादा बार IPL के एक सीज़न में 500 से अधिक रन बनाए हैं। 2018 में धवन कुछ ही रनों से 500 रन बनाने से चूक गए थे। उस सीज़न उन्होंने 497 रन बनाए थे।

Shikhar DhawanIndiaSouth Africa vs IndiaIndia vs Australia

एस राजेश ESPNcricinfo के स्टैट्स एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के कंसलटेंट सब एडिटर नवनीत झा ने किया है।