Features

भारतीय पारी के दौरान पंत, गिल और जायसवाल ने की रिकॉर्ड्स की बौछार

धोनी से आगे और तेंदुलकर के लीग में शामिल हुए पंत, गिल का कप्तानी डेब्यू पर बड़ा प्रदर्शन

7 टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत के नाम अब सात शतक हो चुके हैं और अब वह भारत के लिए सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के छह शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

Loading ...

3 इंग्लैंड में पंत के अब तीन टेस्ट शतक हो गए हैं। इंग्लैंड में किसी भी अन्य विदेशी विकेटकीपर ने एक से ज़्यादा शतक नहीं लगाया है। इंग्लैंड के लेस एमस ने वेस्टइंडीज़ में और ज़िम्बाब्वे के ऐंडी फ़्लॉवर ने भारत में तीन-तीन टेस्ट शतक लगाए हैं। इनके अलावा विदेश में तीन शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज़ों में सिर्फ़ पंत ही हैं।

147 शुभमन गिल ने हेडिंग्ली में कप्तानी पदार्पण पर 147 रनों की पारी खेली, जो कि किसी भारतीय कप्तान का कप्तानी डेब्यू पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। विजय हज़ारे ने 1951 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ कप्तानी डेब्यू करते हुए नाबाद 164 रन बनाए थे।

 ESPNcricinfo Ltd

5 इससे पहले पांच बार ऐसा हुआ है, जब विदेशी धरती पर किसी टेस्ट पारी में तीन या अधिक भारतीय बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए हों। आख़िरी बार ऐसा 2007 में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ मीरपुर में हुआ था। 2018 के बाद पहली बार भारत के तीन या अधिक बल्लेबाज़ों ने टेस्ट पारी में शतक लगाए हैं। 2 यशस्वी जायसवाल, गिल और पंत, इंग्लैंड में एक टेस्ट पारी में शतक लगाने वाले केवल दूसरे भारतीय तिकड़ी बने हैं। इससे पहले राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली ने 2002 में हेडिंग्ली में ही ऐसा किया था।

6 पंत ने छह छक्के लगाए, जो इंग्लैंड में किसी विदेशी बल्लेबाज़ द्वारा टेस्ट पारी में सबसे ज़्यादा लगाए गए छक्के हैं। ये छह छक्के विदेशी धरती पर किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा टेस्ट पारी में लगाए गए संयुक्त दूसरे सर्वाधिक छक्के भी हैं। पहले नंबर पर हार्दिक पांड्या हैं, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के ख़िलाफ़ श्रीलंका में सात छक्के लगाए थे।

134 पंत का इस टेस्ट में स्कोर, हेडिंग्ली में किसी विकेटकीपर का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पहले नंबर पर जॉनी बेयरस्टो हैं, जिन्होंने 2016 में श्रीलंका के ख़िलाफ़ 140 रन बनाए थे।

3 पंत ने तीन बार टेस्ट में छक्का मारकर शतक पूरा किया है और तीनों बार इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ही उन्होंने ऐसा किया है। भारत के लिए टेस्ट में छक्का मारकर शतक पूरा करने के मामले में केवल सचिन तेंदुलकर (6) और रोहित शर्मा (3) ही पंत से ऊपर या उनके साथ हैं।

Rishabh PantIndiaEnglandEngland vs IndiaIndia tour of EnglandICC World Test Championship

संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैस्टिशियन हैं