LSG में ऋषभ पंत की कप्तानी का मंत्र - भरोसा, आज़ादी और मज़बूत रिश्ता
ऋषभ पंत ने LSG में कप्तानी संभालते ही दिया ख़ास संदेश - "खिलाड़ियों को स्वतंत्र माहौल देना आसान नहीं, लेकिन ज़रूरी है"
20 जनवरी को ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का कप्तान नियुक्त किया गया था। कोलकाता में हुए एक समारोह में फ्रेंचाइजी ने इसकी घोषणा की, जहां पंत ने कहा था, "अब मुझे यह सोचना है कि इस फ्रेंचाइज़ी को कैसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाए।" अब पंत अपने उसी वादे को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
LSG के अभ्यास सत्र के दौरान पंत ने अपने साथियों से बात की और उन्हें एक ख़ास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि टीम में स्वतंत्र माहौल बनाना सुनने में आसान लगता है, लेकिन इसे अमल में लाना चुनौतीपूर्ण होता है।
दिल्ली कैपिटल्स में कप्तान रहते हुए भी पंत इसी सोच के साथ टीम का नेतृत्व करते थे। वह चाहते थे कि खिलाड़ी खुलकर अपनी राय रखें और खु़द को स्वतंत्र महसूस करें। अभिषेक पोरेल, कुलदीप यादव और कुमार कुशाग्र जैसे खिलाड़ियों ने भी कई मौकों पर इस बात का जिक्र किया है कि पंत किस तरह टीम में सहज वातावरण बनाने का प्रयास करते थे। अब LSG के साथ भी वह उसी दिशा में बढ़ रहे हैं।
टीम से बातचीत में पंत ने कहा, "हम ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं जहां खिलाड़ी अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त कर सकें। यह एक साधारण विचार है, लेकिन इसे हक़ीकत में बदलना मुश्किल होता है। इसके लिए टीम के हर सदस्य को अपनी भूमिका निभानी होगी। ऐसा नहीं है कि सिर्फ टीम मैनेजमेंट को यह माहौल बनाना है। इसमें खिलाड़ियों की भी अहम भूमिका होती है।"
हर दिन सिर्फ़ एक मैच के बारे में सोचें। टीम के लिए जो सबसे अच्छा हो, उसी पर ध्यान दें और मैदान पर अपना 100 प्रतिशत दें। इस दौरान यह मत सोचें कि टीम आपको बैक करेगी या नहीं। हमें अपनी टीम के हर खिलाड़ी पर पूरा भरोसा है, यही वजह है कि हम सभी इस टीम का हिस्सा हैं। चलिए यादों का एक खूबसूरत पिटारा बनाते हैं, एक-दूसरे के साथ अटूट रिश्ता जोड़ते हैंपंत
LSG की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन है। जहां आयुष बदोनी, आर्यन जुयाल और अर्शिन कुलकर्णी जैसे युवा खिलाड़ी हैं, वहीं डेविड मिलर, निकोलस पूरन और ऐडन मारक्रम जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद हैं। पंत चाहते हैं कि सीनियर खिलाड़ी युवाओं के विकास में अहम भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा से लगता है कि अगर आप अपने खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं और उनके साथ मज़बूत रिश्ता बनाते हैं, तो वे मुश्किल हालात में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। हमारी टीम में काफ़ी अनुभव है। निक्की पी (निकोलस पूरन), मारक्रम और मिलर जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। मैं चाहता हूं कि वे अपने अनुभव युवा खिलाड़ियों के साथ साझा करें, ताकि सभी को उनसे सीखने का मौका मिले।"
पंत ने आगे कहा, "हर दिन सिर्फ़ एक मैच के बारे में सोचें। टीम के लिए जो सबसे अच्छा हो, उसी पर ध्यान दें और मैदान पर अपना 100 प्रतिशत दें। इस दौरान यह मत सोचें कि टीम आपको बैक करेगी या नहीं। हमें अपनी टीम के हर खिलाड़ी पर पूरा भरोसा है, यही वजह है कि हम सभी इस टीम का हिस्सा हैं। चलिए यादों का एक खूबसूरत पिटारा बनाते हैं, एक-दूसरे के साथ अटूट रिश्ता जोड़ते हैं और जब हम यहां से जाएं, तो बेहतर इंसान और बेहतर खिलाड़ी बनकर जाएं। चलिए साथ मिलकर खूब मस्ती करते हैं।"
राजन राज ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.