Features

IPL : RTM नियम में क्या बदलाव आया है? क्या नीलामी की धनराशि बढ़ाई गई है?

IPL नीलामी और रिटेंशन नियमों से जुड़े तमाम सवालों के जवाब

धोनी को CSK 4 करोड़ में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर करेगी रिटेन ?

धोनी को CSK 4 करोड़ में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर करेगी रिटेन ?

IPL 2025 मेगा ऑक्शन की बड़ी बातें जो आपका जानना है ज़रूरी

क्या अभी भी आपको IPL नीलामी को लेकर रिटेंशन नियमों के बारे में पुख़्ता जानकारी हासिल नहीं हो पाई है? आइए, रिटेंशन से जुड़े तमाम सवालों के जवाब तलाशते हैं।

Loading ...

कितने खिलाड़ियों को रिटेन किया जा सकता है?

बड़ी नीलामी से पहले 2024 के अपने दल से फ़्रैंचाइज़ी अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं, इसमें अधिकतम पांच कैप्ड खिलाड़ी और अधिकतम दो अनकैप्ड खिलाड़ी हो सकते हैं। यह IPL के इतिहास में पहली बार है जब इतनी संख्या में खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी गई है, इसकी प्रमुख वजह यह है कि इस प्रावधान से फ़्रैंचाइज़ी को अपने कोर खिलाड़ियों को रिटेन कर पाने का अवसर मिलेगा।

क्या नीलामी से पहले रिटेन होने वाले खिलाड़ियों में देशी और विदेशी की कोई सीमा तय की गई है?

पहली बार IPL ने देशी या विदेशी कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने पर सीमा नहीं लगाई है, कोई टीम अगर चाहे तो सभी पांच विदेशी कैप्ड खिलाड़ियों को भी रिटेन कर सकती है।

क्या राइट टू मैच कार्ड का विकल्प उपलब्ध होगा?

हां, फ़्रैंचाइज़ी अपने 2024 के दल से रिटेंशन और राइट टू मैच कार्ड (RTM) के जरिए अधिकतम छह खिलाड़ियों को किसी भी तरह रिटेन करने के लिए स्वतंत्र है। मतलब अगर फ़्रैंचाइज़ी चाहे तो बिना किसी खिलाड़ी को रिटेन किए सिर्फ़ RTM कार्ड का ही उपयोग कर सकती है। जो फ़्रैंचाइज़ी बिना किसी खिलाड़ी को रिटेन किए नीलामी में जाएगी तो उसके पास छह RTM कार्ड होंगे और जो फ़्रैंचाइज़ी सभी छह खिलाड़ियों को रिटेन कर लेगी उनके पास नीलामी में उपयोग करने के लिए एक भी RTM कार्ड नहीं होगा।

RTM कार्ड का विकल्प पहली बार 2014 की नीलामी के दौरान अस्तित्व में आया था। 2022 के सीज़न से पहले इसे समाप्त कर दिया गया था। इससे पहले बड़ी नीलामी में अधिकतम तीन RTM कार्ड का ही उपयोग किया जा सकता था।

RTM में क्या बदलाव लाया गया है?

RTM फ़्रैंचाइज़ियों को अपने पुराने खिलाड़ी को अपने दल में वापस लाने का विकल्प देता है। इसके तहत खिलाड़ी नीलामी में जिस धनराशि में बिका है, पुरानी फ़्रैंचाइज़ी उतनी ही धनराशि देकर अपने खिलाड़ी को वापस अपने दल में शामिल कर सकती है। पिछली बड़ी नीलामियों में जब एक खिलाड़ी को ख़रीद लिया जाता था तब ऑक्शनर खिलाड़ी की पुरानी फ़्रैंचाइज़ी से पूछता था कि क्या वह इस खिलाड़ी को वापस अपने दल में लाने के इच्छुक हैं? अगर वे इच्छुक रहते तो वे उतनी धनराशि देकर खिलाड़ी को अपने दल में दोबारा शामिल कर सकते थे।

हालांकि आगामी नीलामी में अगर पुरानी फ़्रैंचाइज़ी RTM कार्ड का उपयोग करना चाहेगी तो जिस फ़्रैंचाइज़ी ने खिलाड़ी पर अंतिम दांव खेला है, उसे अपनी बोली बढ़ाने का मौक़ा दिया जाएगा। इस मामले में पुरानी टीम को RTM के तहत किसी खिलाड़ी को दोबारा शामिल करने के लिए उतनी ही बोली लगानी होगी।

उदाहरण के तौर पर, मान लेते हैं कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) वेंकटेश अय्यर को रिटेन नहीं करती है। नीलामी में KKR के साथ अन्य टीमों की अय्यर को ख़रीदने की होड़ चल रही है और यह बोली छह करोड़ पर जाकर रुक जाती है। मान लेते हैं कि इस बोली को KKR ने नहीं मुंबई इंडियंस (MI) ने लगाया है। तब ऑक्शनर पहले KKR से पहले पूछेगा कि क्या वह अय्यर को रिटेन करने के लिए RTM कार्ड का उपयोग करने के इच्छुक हैं। अगर KKR इच्छुक होगी तो MI को बोली बढ़ाने का मौक़ा दिया जाएगा। अगर MI बोली नहीं बढ़ाती है तो KKR अय्यर को उसी क़ीमत पर रिटेन कर सकती है। लेकिन MI अगर बोली बढ़ा देती है तो KKR को नई बोली जितनी राशि का दांव लगाना होगा और अगर KKR ऐसा नहीं करती है तब अय्यर को MI ख़रीद लेगी।

नीलामी का पर्स कितना है?

IPL ने नीलामी के पर्स को 120 करोड़ तक बढ़ा दिया है, जो कि 2024 की नीलामी की तुलना में 20 फ़ीसदी अधिक है। 2022 की नीलामी में एक टीम के पास 90 करोड़ का पर्स था, जिसके बाद हर साल इसमें पांच करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की जा रही थी।

रिटेंशन स्लैब क्या हैं?

रिटेंशन की संख्या के अनुसार IPL ने अलग-अलग रिटेंशन के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की है। रिटेन किए जाने वाले पहले तीन खिलाड़ियों के लिए रिटेंशन कैप 18 करोड़, 14 करोड़ और 11 करोड़ रुपए है। चौथे और पांचवें रिटेंशन के लिए राशि क्रमशः 18 और 14 करोड़ है। जबकि अनकैप्ड खिलाड़ी के लिए चार करोड़ की राशि निर्धारित की गई है।

ऐसी स्थिति में अगर कोई फ़्रैंचाइज़ी पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है तो नीलामी से पहले उसके 75 करोड़ ख़र्च हो जाएंगे जो कि नीलामी के पर्स की दो तिहाई राशि है। IPL 2022 की बड़ी नीलामी से पहले के प्रावधान से तुलना करें तब फ़्रैंचाइज़ी को अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की स्थिति में नीलामी से पहले अपने कुल पर्स से 47 फ़ीसदी की राशि ख़र्च करनी थी।

क्या यह सही है कि पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अनकैप्ड खिलाड़ियों की श्रेणी में आ जाएंगे?

हां, IPL ने 2021 के सीज़न के बाद इस नियम को समाप्त कर दिया था लेकिन अब उन्होंने दोबारा इस प्रावधान को शामिल किया है। इसका अर्थ है कि पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) महेंद्र सिंह धोनी को एक अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर ख़ुद को शामिल कर सकती है। यह प्रावधान न सिर्फ़ धोनी बल्कि पीयूष चावला, मोहित शर्मा और संदीप शर्मा जैसे अन्य पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल किए जाने का रास्ता खोल देगा।

रिटेंशन को अंतिम रूप देने की अंतिम तिथि क्या है?

टीमों को उनके रिटेंशन को अंतिम रूप देने के लिए 31 अक्तूबर 2024 तक का समय दिया गया है। जो भी खिलाड़ी 31 अक्तूबर से पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर लेगा उसे कैप्ड खिलाड़ी माना जाएगा। अगर किसी खिलाड़ी को अनकैप्ड खिलाड़ी रहते टीम ने रिटेन कर लिया तब ऐसी स्थिति में नीलामी से पहले अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू करने के बावजूद उस खिलाड़ी को अनकैप्ड खिलाड़ी ही माना जाएगा।

क्या विदेशी खिलाड़ियों को प्रतिबंधित करने का भी कोई प्रावधान आया है?

अगर कोई विदेशी खिलाड़ी नीलामी में ख़रीदा जाता है और बिना किसी ठोस वजह के वह बाद में ख़ुद को अनुपलब्ध बताता है, तब ऐसी स्थिति में उस खिलाड़ी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा। जैसा कि ESPNcricinfo ने अपनी एक रिपोर्ट में पहले भी बताया था कि सभी 10 टीमों ने IPL गवर्निंग काउंसिल से जुलाई में ऐसा प्रावधान लाए जाने की मांग की थी। इसके साथ ही जो विदेशी खिलाड़ी बड़ी नीलामी में ख़ुद को पंजीकृत नहीं करता है, तब उसे अगली छोटी नीलामी के लिए पंजीकृत नहीं होने दिया जाएगा।

क्या छोटी नीलामी में विदेशी खिलाड़ियों को मिलने वाली अधिकतम धनराशि भी तय की गई है?

हां, IPL ने विदेशी खिलाड़ियों के अधिकतम फ़ीस का प्रावधान लाए जाने का निर्णय लिया है। छोटी नीलामी में किसी विदेशी खिलाड़ी की फ़ीस, अधिकतम रिटेंशन राशि (18 करोड़) और बड़ी नीलामी में लगने वाली सबसे बड़ी बोली की तुलना में जो भी न्यूनतम राशि होगी उससे अधिक नहीं होगी।

उदाहरण के तौर पर, अगर IPL 2025 के लिए बड़ी नीलामी में सबसे बड़ी बोली 20 करोड़ की लगती है तब छोटी नीलामी में किसी विदेशी खिलाड़ी की अधिकतम फ़ीस 18 करोड़ होगी। लेकिन अगर बड़ी नीलामी में सबसे बड़ी बोली 18 करोड़ से कम लगती है, मसलन 16 करोड़ की लगती है तब विदेशी खिलाड़ी का कैप अधिकतम 16 करोड़ का होगा। अगर विदेशी खिलाड़ी के ऊपर निर्धारित प्रावधान से अधिक बोली लगती है तब ऐसी स्थिति में शेष राशि को BCCI अपने पास जमा रख लेगा।

क्या फ़्रैंचाइज़ी रिटेंशन की निर्धारित राशि को अपने स्तर पर बदल सकती है?

हां, फ़्रैंचाइज़ी निर्धारित राशि की तुलना में किसी खिलाड़ी को कम या ज़्यादा राशि में रिटेन कर सकती है लेकिन इसका असर उनके पर्स पर पड़ेगा। ऐसी दो घटनाएं 2021 में हुई बड़ी नीलामी से पहले हुई थीं। पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को क्रमशः 14 और चार करोड़ में रिटेन करने के बजाय 12 और चार करोड़ दिए थे। लेकिन इसके बावजूद जब वह नीलामी में गए तब उनके पर्स में 72 करोड़ रुपए ही बचे थे।

इसके विपरित दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ऋषभ पंत (12 करोड़), अक्षर पटेल (9 करोड़), पृथ्वी शॉ (7.5 करोड़) और अनरिख़ नॉर्खिए (6.5 करोड़) को रिटेन किया था। जबकि IPL द्वारा चार कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए निर्धारित की गई राशि 16 करोड़, 12 करोड़, आठ करोड़ और चार करोड़ थी। DC ने चार खिलाड़ियों को रिटेन के क्रम में नॉर्खिए को अधिक राशि देने के एवज़ में निर्धारित सीमा से ढाई करोड़ अधिक की धनराशि ख़र्च कर दी थी। इसलिए बड़ी नीलामी में DC का पर्स घटकर 42.5 करोड़ रह गया था।

क्या कोई खिलाड़ी रिटेन किए जाने से मना कर सकता है?

अगर कोई खिलाड़ी नीलामी में जाना चाहता है तो वह बेशक ख़ुद को न रिटेन किए जाने के लिए अपनी फ़्रैंचाइज़ी से कह सकता है।

Indian Premier League