News

त्रिपुरा के सलाहकार बने साउथ अफ़्रीकी खिलाड़ी लांस क्लूज़नर

रणजी पक्ष के साथ काम करने के अलावा, वह विभिन्न एज ग्रुप में पुरुष और महिला वर्ग में राज्य की आठ टीमों की मदद करेंगे

साल में 100 दिन क्लूज़नर त्रिपुरा क्रिकेट के लिए काम करेंगे  ICC via Getty Images

साउथ अफ़्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूज़नर को भारत के आगामी घरेलू सत्र के लिए त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

Loading ...

51 वर्षीय क्लूज़नर को साल में 100 दिन उनके साथ काम करने के लिए अनुबंधित किया गया है। रणजी पक्ष के साथ काम करने के अलावा, वह विभिन्न आयु समूहों में पुरुष और महिला वर्ग दोनों में राज्य की आठ टीमों की मदद करेंगे।

त्रिपुरा क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष तिमिर चंदा ने कहा कि क्लूज़नर शनिवार को राज्य की राजधानी अगरतला पहुंचेंगे ताकि राज्य के क्रिकेटरों के समग्र विकास के लिए काम किया जा सके। पहले चरण में क्लूज़नर 20 दिनों तक अगरतला में रहेंगे और क्रिकेटरों का मार्गदर्शन करेंगे।

चंदा ने कहा, "हमें उम्मीद है कि क्रिकेटरों को उनके विशाल अंतर्राष्ट्रीय अनुभव से फ़ायदा होगा। हमारे क्रिकेटर भी क्लूज़नर के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।"

साउथ अफ़्रीका के लिए 49 टेस्ट और 171 वनडे खेलने वाले क्लूज़नर 2018-19 सत्र के लिए दिल्ली के सलाहकार कोच भी थे। वह वर्तमान में एसए20 टूर्नामेंट में डरबन सुपर जायंट्स के कोच हैं। वह पहले साउथ अफ़्रीका और ज़िम्बाब्वे के बल्लेबाज़ी कोच के रूप में काम कर चुके हैं और 2021 टी20 विश्व कप में अफ़ग़ानिस्तान के मुख्य कोच थे।

इस साल की शुरुआत में उन्होंने साउथ अफ़्रीका के अगले सीमित ओवरों के कोच बनने के लिए अपना आवेदन वापस ले लिया था। ताकि वह टी20 फ्रेंचाइज़ी में अपनी भूमिकाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

Lance KlusenerTripura