News

एक ओवर में सात छक्के लगाकर ऋतुराज ने रचा इतिहास

महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज़ ने उत्तर प्रदेश के गेंदबाज़ शिवा सिंह के ख़िलाफ़ बनाया यह रिकॉर्ड

ऋतुराज ने इस दौरान अपना दोहरा शतक भी पूरा किया (फ़ाइल फ़ोटो)  Maharashtra Cricket Association

महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में उत्तर प्रदेश के स्पिनर शिवा सिंह के एक ओवर में सात छक्के जड़कर इतिहास रच दिया है।

Loading ...

यह कारनामा महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर के दौरान हुआ। उस समय महाराष्ट्र का स्कोर पांच विकेट पर 272 रन था। इस ओवर में 43 रन बने, जो कि एक रिकॉर्ड है।

बाएं हाथ के स्पिनर शिवा ने राउंड द विकेट से आते हुए पहली गेंद लो फ़ुलटॉस दिया, जिसे ऋतुराज ने डीप मिडविकेट पर टांग दिया। इसके बाद दूसरा छक्का गेंदबाज़ के ऊपर से लगा। तीसरी गेंद थोड़ी शार्ट थी तो उसे ऋतुराज ने डीप स्क्वेयर लेग पर मारा। इसके बाद शिवा ने लाइन बदलते हुए ऑफ़ स्टंप से काफ़ी बाहर गेंद की, जिसे गायकवाड़ ने स्लॉट में पाते हुए लांग ऑफ़ के ऊपर से मार दिया।

 ESPNcricinfo Ltd

पांचवीं गेंद नो बॉल थी, जिसे ऋतुराज ने लांग ऑन पर मारा। अगली फ़्री हिट गेंद भी उसी दिशा में गई और ऋतुराज ने इस छक्के के साथ अपना दोहरा शतक भी पूरा किया। शिवा ने अंतिम गेंद ओवर द विकेट से आते हुए स्लॉट में दिया, जिसे ऋतुराज ने डीप मिडविकेट के ऊपर से दे मारा।

गायकवाड़ ने अपनी इस पारी के दौरान 159 गेंदों में 220 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 16 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। बाक़ी के महाराष्ट्र के बल्लेबाज़ 142 गेंदों में सिर्फ़ 96 रन ही बना पाए।

Ruturaj GaikwadShiva SinghIndiaMaharashtra vs UPVijay Hazare Trophy