आंकड़े: मारक्रम और साउथ अफ़्रीका ने तोड़ डाले अनेक विश्व कप रिकॉर्ड्स
दिल्ली में खेले गए साउथ अफ़्रीका बनाम श्रीलंका के रनों से भरे मुकाबले में बने सभी रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां

428-5 - साउथ अफ़्रीका ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ जो स्कोर बनाया वो पुरुष विश्व कप का सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने 2015 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ बनाए गए 417/5 के स्कोर को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही यह श्रीलंका के ख़िलाफ़ किसी टीम द्वारा वनडे में बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी हो गया है। इससे पहले 2009 में भारत ने राजकोट में श्रीलंका के ख़िलाफ़ 414/7 का स्कोर बनाया था।
8- साउथ अफ़्रीका ने आठवीं बार वनडे में 400 रनों के आंकड़े को पार किया है। इनमें से सर्वाधिक तीन बार उन्होंने ये कारनामा विश्व कप में किया है। अन्य सभी टीमें मिलकर भी विश्व कप में केवल दो बार ऐसा कर सकी हैं।
3- साउथ अफ़्रीका की पारी में तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए और ऐसा विश्व कप इतिहास में पहली बार हुआ है।
3- इससे पहले तीन बार वनडे की एक पारी में तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए हैं। इनमें से दो बार साउथ अफ़्रीका ने 2015 में वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ जोहान्सबर्ग और मुंबई में किया था। पिछले साल नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ जब इंग्लैंड ने 498 रनों का विश्व रिकॉर्ड टोटल बनाया था तब उनकी ओर से भी तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए थे।
49 गेंदों में शतक- ऐडन मारक्रम ने वनडे विश्व कप इतिहास का सबसे तेज़ शतक लगाया है। 2011 में केविन ओ'ब्रायन ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 50 गेंदों में शतक जड़ा था।
4- पहली बार वनडे में साउथ अफ़्रीका ने लगातार चार पारियों में 300 से अधिक रनों का स्कोर बनाया है। श्रीलंका के ख़िलाफ़ विश्व कप मैच से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ लगातार तीन मैचों में 300 से अधिक का स्कोर बनाया था।
204- क्विंटन डिकॉक और रासी वान दर दुसें के बीच हुई साझेदारी साउथ अफ़्रीका के लिए श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी हो गई है।
17- डिकॉक ने वनडे विश्व कप में पहला शतक लगाने से पहले इस फ़ॉर्मेट में 17 शतक लगाए थे। किसी अन्य बल्लेबाज़ ने पहले विश्व कप शतक से पहले इतने शतक नहीं लगाए हैं।
4- श्रीलंका के चार विशेषज्ञ गेंदबाज़ों ने 80 से अधिक रन ख़र्च किए। कसुन रज़िता (90), दिलशान मधुशंका (86), मथीसा पथिराना (95) और दुनिथ वेल्लालगे (81) वो गेंदबाज़ हैं। पिछले साल नीदरलैंड्स के इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैच के बाद यह केवल दूसरा मौक़ा है जब किसी टीम से चार गेंदबाज़ों ने 80 से अधिक रन ख़र्च किए हैं।
754- साउथ अफ़्रीका बनाम श्रीलंका मुक़ाबले में कुल 754 रन बने और यह वनडे विश्व कप के एक मैच में बनने वाले सर्वाधिक रन हैं। इससे पहले 2019 में ट्रेंटब्रिज में खेले गए ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मुक़ाबले में 714 रन बने थे।
31- साउथ अफ़्रीका और श्रीलंका ने मिलकर 31 छक्के लगाए जो एक विश्व कप मैच में संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक छक्के हैं। 2019 में मैनचेस्टर में खेले गए इंग्लैंड बनाम अफ़ग़ानिस्तान मुक़ाबले में 33 छक्के लगे थे तो वहीं 2015 के क्वार्टर-फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड बनाम वेस्टइंडीज़ मैच में 31 छक्के जड़े गए थे।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैटिस्टिशन हैं
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.