भ्रष्टाचार के कारण मार्लन सैमुएल्स पर लगा छह साल का प्रतिबंध
अगस्त 2023 में उन्हें कई तरह के भ्रष्टाचार के आरोप में दोषी पाया गया था

वेस्टइंडीज़ के पूर्व बल्लेबाज़ मार्लन सैमुएल्स को एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद छह साल के लिए सभी तरह के क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह प्रतिबंध 11 नवंबर 2023 से मान्य होगा।
इस साल अगस्त में दोषी पाए जाने से पहले सैमुएल्स पर सितंबर 2021 में आईसीसी द्वारा चार मामलों में आरोप लगाए गए थे। आरोप 2019 में अबू धाबी टी10 से संबंधित हैं, जहां वह कर्नाटक टस्कर्स की टीम का हिस्सा थे।
सैमुएल्स को जिन चार आरोपों में दोषी पाया गया वह निम्नलिखित हैं:
अनुच्छेद 2.4.2 - भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी को किसी भी उपहार, भुगतान, आतिथ्य या अन्य किसी भी तरह के लाभ की प्राप्ति का खुलासा करने में असफल होना, जो ऐसी परिस्थितियों में किया गया या दिया गया हो जो प्रतिभागी या क्रिकेट के खेल को बदनाम कर सकता हो।
अनुच्छेद 2.4.3 - तकरीबन 62000 रूपए से अधिक मूल्य के आतिथ्य की रसीद भ्रष्टाचार निरोधक आधिकारी के सामने प्रस्तुत करने में विफल होना।
अनुच्छेद 2.4.6 - भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी की जांच में सहयोग करने में असफल होना।
अनुच्छेद 2.4.7 - जांच के लिए प्रासंगिक जानकारी छिपाकर भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारी की जांच में बाधा डालना या देरी करना।
आईसीसी के एचआर और इंटीग्रिटी यूनिट के प्रमुख एलेक्स मार्शल ने कहा, "सैमुएल्स ने क़रीब दो दशकों तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला, इस दौरान उन्होंने कई भ्रष्टाचार विरोधी सत्रों में भाग लिया और उन्हें भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के तहत उनके दायित्व का पूरी तरह से ज्ञान था। हालांकि वह अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जब उस तरह अपराध किए गए थे तब सैमुएल्स उसमें एक भागीदार थे। उनके ऊपर लगाए गए छह साल का प्रतिबंध अन्य खिलाड़ियों के लिए एक उदहारण पेश करेगा"
सैमुएल्स ने 2012 और 2016 टी20 विश्व कप के फ़ाइनल में वेस्टइंडीज़ के लिए सबसे ज़्यादा स्कोर बनाया था। उन्होंने आख़िरी बार 2018 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला था और सभी प्रारूपों में 11,000 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय रन के साथ नवंबर 2020 में अपनी संन्यास की घोषणा की थी। वह अपने करियर के दौरान कई विवादों से घिरे रहे। मई 2008 में "पैसे या लाभ या अन्य पुरस्कार प्राप्त करने के लिए" दोषी पाए जाने के बाद उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.