मार्टिन गप्टिल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
38 वर्षीय गप्टिल ने अक्तूबर 2022 में अंतिम बार न्यूज़ीलैंड के लिए कोई मैच खेला था

दाएं हाथ के बल्लेबाज़ मार्टिन गप्टिल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट ने अपने संन्यास की घोषणा कर दी है।
गप्टिल इस समय न्यूज़ीलैंड की स्थानीय T20 लीग सुपर स्मैश में ऑकलैंड के लिए खेल रहे हैं और उन्होंने कहा कि वह विश्व भर की अन्य फ़्रैंचाइज़ी लीग खेलते रहेंगे। गप्टिल पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा हैं, जिन्हें ड्राफ़्ट के ज़रिए इस्लामाबाद की टीम ने रिटेन किया है।
38 वर्षीय गप्टिल ने अंतिम बार न्यूज़ीलैंड के लिए अक्तूबर 2022 में खेला था। गप्टिल सफ़ेद गेंद क्रिकेट में न्यूज़ीलैंड के महान बल्लेबाज़ों में से एक रहे हैं। 198 वनडे में उनके नाम 7346 रन हैं। सिर्फ़ रॉस टेलर (8607) और स्टीफ़न फ़्लेमिंग (8007) ने ही इस प्रारूप में गप्टिल से अधिक रन बनाए हैं।
वह T20I में अभी भी न्यूज़ीलैंड के लिए सबसे ज़्यादा रन बल्लेबाज़ हैं। गप्टिल ने 122 मैच में 31.81 की औसत और 135.70 के स्ट्राइक रेट से 3531 रन बनाए हैं।
गप्टिल ने 2009 से 2016 के बीच न्यूज़ीलैंड के लिए 47 टेस्ट भी खेले, हालांकि इस प्रारूप में उन्हें उतनी सफलता नहीं मिल पाई। गप्टिल ने टेस्ट में 29.38 की औसत से 2586 रन बनाए हैं।
गप्टिल ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के बयान में कहा, "एक बच्चे के तौर पर न्यूज़ीलैंड के लिए खेलना हमेशा से मेरा सपना था और मुझे 367 मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है। मैं अपनी टीम के तमाम साथियों और कोच का आभार व्यक्त करना चाहता हूं और मार्क ओडॉनेल का भी जिन्होंने मुझे अंडर 19 के दिनों से ही कोचिंग दी। मैं अपनी पत्नी लॉरा और बच्चों का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं।"
गप्टिल ने जनवरी 2009 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ डेब्यू किया था और उन्होंने 135 गेंदों पर 122 रनों की पारी खेली थी। छह वर्ष बाद 2015 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ ही उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में दोहरा शतक जड़ते हुए 237 रनों की पारी खेली। वनडे में सिर्फ़ रोहित शर्मा (264) ने ही गप्टिल से बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया है।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.