नामीबिया के लॉफ़्टी इटन ने लगाया सबसे तेज़ टी20आई शतक
नेपाल के ख़िलाफ़ खेलते हुए उन्होंने 33 गेंद में शतक लगाया और एक गेंद से कुशल मल्ला का रिकॉर्ड तोड़ा

नामीबिया के जैन निकोल लॉफ़्टी इटन ने पुरुष क्रिकेट में सबसे तेज़ टी20आई शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने यह रिकॉर्ड नेपाल में चल रही त्रिकोणीय टी20 सीरीज़ के पहले मैच के दौरान तोड़ा।
नेपाल के ख़िलाफ़ खेलते हुए उन्होंने 33 गेंद में शतक लगाया और नेपाल के कुशल मल्ला का रिकॉर्ड एक गेंद से तोड़ दिया। कुल मिलाकर लॉफ़्टी इटन ने 36 गेंद में 101 रन बनाए जिसमें 11 चौके और आठ छक्के शामिल थे। उन्होंने 92 गेंद बाउंड्री से बनाए जो टी20आई में किसी बल्लेबाज़ के सबसे अधिक रन हैं।
मल्ला ने 2023 एशियन गेम्स में मंगोलिया के ख़िलाफ़ यह कारनामा किया था जिसमें नेपाल ने तीन विकेट पर 314 रन बनाए थे। इसी मैच में दीपेंद्र सिंह ऐरी ने नौ गेंद में अर्धशतक लगाया था जो टी20आई का सबसे तेज़ अर्धशतक है। संयोग से लॉफ़्टी ने यह रिकॉर्ड तब तोड़ा जब ऐरी गेंदबाज़ी कर रहे थे और मल्ला मैदान पर मौजूद थे।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नामीबिया का स्कोर 11 ओवर में तीन विकेट पर 62 रन था जब लॉफ़्टी इटन बल्लेबाज़ी के लिए। उन्होंने पहली छह गेंदों में दो छक्के और एक चौका लगाया और 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
मलान क्रुगर के साथ मिलकर उन्होंने चौथे विकेट के लिए 52 गेंद में 135 रन जोड़े और नामीबिया ने चार विकेट पर 206 रन बनाए। ओपनिंग करने वाले क्रुगर 48 गेंद में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। बाद में लॉफ्टी इटन ने गेंदबाज़ी में तीन ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए और नेपाल 19 ओवरों में 186 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.