राहुल द्रविड़ का राजस्थान रॉयल्स का मुख्य कोच बनना तय
द्रविड़ IPL में पहले राजस्थान की कप्तानी कर चुके हैं और उनके मेंटॉर की भूमिका भी निभा चुके हैं

राहुल द्रविड़ का IPL के आगामी सीज़न से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) का मुख्य कोच बनना क़रीब-क़रीाब तय है। ESPNcricinfo को पता चला है कि द्रविड़ ने RR के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और बड़ी नीलामी से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन पर भी फ़्रैंचाइज़ी के साथ उनकी चर्चा हो चुकी है।
RR के मौजूदा कप्तान संजू सैमसन का द्रविड़ के साथ लम्बे समय से पेशेवर रिश्ता रहा है। सैमसन का शुरुआती करियर द्रविड़ की ही देखरेख में उभरा था।
हालांकि ख़ुद RR के साथ द्रविड़ का पुराना संबंध रहा है। वह IPL में RR की कप्तानी (2012 और 2013) करने के साथ साथ उनके मेंटॉर (2014 और 2015) की भी भूमिका निभा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स) का रुख़ किया था। 2019 में वह बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख बने थे। 2021 में वह भारतीय टीम के मुख्य कोच बने थे और उनके ही कार्यकाल में भारतीय टीम ने ICC ट्रॉफ़ी का सूखा समाप्त किया।
ऐसा पता चला है कि RR विक्रम राठौर को भी द्रविड़ के सहायक कोचों में शामिल कर सकती है। राठौर पूर्व में भारतीय टीम के चयनकर्ता रहने के साथ ही NCA में द्रविड़ के कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा रह चुके थे। जबकि बतौर भारतीय कोच द्रविड़ के कार्यकाल में राठौर ने भारतीय टीम के बल्लेबाज़ी कोच की भी भूमिका निभाई थी।
ऐसा पता चला है कि द्रविड़ IPL से RR में अपना कार्यभार संभालेंगे और RR के मौजूदा क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा इस भूमिका में फ़्रैंचाइज़ी के साथ बने रहेंगे।
RR ने 2008 में IPL के प्रथम सीज़न के बाद से ही कोई IPL ट्रॉफ़ी नहीं जीती है। इसके बाद RR ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 2022 में किया था जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के साथ फ़ाइनल खेला था। 2023 में वह प्लेऑफ़ में प्रवेश नहीं कर पाए जबकि 2024 में वह दूसरे क्वालिफ़ायर में बाहर हो गए।
नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.