उर्विल के साथ सबसे तेज़ शतक बनाने वाले भारतीय बने अभिषेक शर्मा
पंजाब के लिए खेलते हुए अभिषेक ने मेघालय के ख़िलाफ़ 28 गेंद में लगाया शतक

अभिषेक शर्मा ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में पंजाब के लिए खेलते हुए मेघालय के ख़िलाफ़ 28 गेंद में शतक लगाया, जिससे वह उर्विल पटेल के साथ सबसे तेज़ T20 शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
राजकोट में पंजाब मेघालय के सात विकेट पर 142 रनों के बाद लक्ष्य का पीछा कर रही थी। हरनूर सिंह के साथ ओपनिंग पर उतरे अभिषेक ने 29 गेंद में नाबाद 106 रन बनाए। उन्होंने पिछली ही गेंद पर अपना शतक पूरा किया था। पंजाब ने अभिषेक की इस आक्रामक पारी की बदौलत 9.3 ओवर में ही लक्ष्य का पीछा कर लिया। पंजाब की यह ग्रुप ए में सात में से पांचवीं जीत है और नॉकआउट में जाने के लिए उन्होंने इस जीत के साथ अपने नेट रन रेट में भी इजाफ़ा किया।
IPL 2024 में भी ट्रैविस हेड के साथ सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने टीम को फ़ाइनल तक का सफ़र तय कराने में अहम भूमिका निभाई थी, जहां पर उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा था। IPL 2025 से पहले SRH ने उनको 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
28 गेंद में लगाया गया यह शतक अब विश्व में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज़ शतक है। सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड इस्तोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने इस साल जून में साइप्रस के ख़िलाफ़ 27 गेंद में शतक लगाया था।
उर्विल ने 27 नवंबर को ही गुजरात के लिए खेलते हुए त्रिपुरा के ख़िलाफ़ 35 गेंद में नाबाद 113 रन की पारी खेली थी।
27 नवंबर 2024 को ही उर्विल ने 50 ओवर की सैयद मुश्ताक़ में 41 गेंद में शतक लगाया था। तब एक दिन पहले ही उन्हें IPL 2024 की नीलामी से गुजरात टाइटंस ने रिलीज कर दिया था। यह लिस्ट ए में किसी भारतीय द्वारा दूसरा सबसे तेज़ शतक था। सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड यूसुफ़ पठान के नाम था जिन्होंने 40 गेंद में शतक लगाया था। IPL 2023 में उन्हें कोई मैच खेलने का मौक़ा नहीं मिला था और इस बार की IPL नीलामी में वह बिके नहीं थे।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.