Features

T20I में सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बनीं दीप्ति शर्मा

दीप्ति के करियर से जुड़े कुछ बेहतरीन आंकड़े

Deepti Sharma ने 152 T20I विकेट लिए हैं  BCCI

दीप्ति शर्मा महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बन गई हैं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेले गए पांचवें T20I में नीलाक्षिका सिल्वा को आउट कर मेगन शूट के 151 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। दीप्ति के नाम अब 133 T20I मैचों में 152 विकेट दर्ज हैं। उनका औसत 19.00 और इकॉनमी रेट 6.12 है।

Loading ...

उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी

दीप्ति महिला T20I क्रिकेट में विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली भारतीय गेंदबाज़ बन गई हैं। पुरुष क्रिकेट में कोई भी भारतीय गेंदबाज़ इस सूची में पहले स्थान तक नहीं पहुंच पाया है। भारत की ओर से सबसे क़रीब आरपी सिंह पहुंचे थे। वह 2007 में पुरुष T20I क्रिकेट में 13 विकेटों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर थे। उनसे आगे सिर्फ़ शाहिद अफ़रीदी थे। महिला T20I क्रिकेट में रन बनाने वालों की ऑल टाइम सूची में भी कोई भारतीय खिलाड़ी शीर्ष पर नहीं रही हैं। हालांकि हरमनप्रीत कौर (जुलाई 2024) और स्मृति मांधना (दिसंबर 2024 से) दोनों ही ऑल टाइम चार्ट में सूज़ी बेट्स के बाद दूसरे स्थान पर रह चुकी हैं।

150 से ज़्यादा विकेटों का अनोखा डबल

श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेले गए तीसरे T20I में दीप्ति वनडे और T20I दोनों फ़ॉर्मैट्स में 150 से ज़्यादा विकेट लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। फ़िलहाल उनके नाम वनडे क्रिकेट में 162 विकेट दर्ज हैं। शूट वनडे में 145 विकेटों के साथ इस उपलब्धि के सबसे क़रीब हैं, जबकि सोफ़ी एक्लस्टन के नाम वनडे में 141 और T20I में 142 विकेट हैं।

महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ों की सूची में दीप्ति तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी हैं। तीनों फ़ॉर्मैट्स को मिलाकर उनके नाम अब 334 विकेट दर्ज हैं। श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीसरे T20I में उन्होंने एलिस पेरी के 331 विकेटों के आंकड़े को पीछे छोड़ा। अब उनसे आगे सिर्फ़ झूलन गोस्वामी (355 विकेट) और कैथरीन सीवर-ब्रंट (335 विकेट) हैं।

मैच जिताने की क़ाबिलियत

दीप्ति ने लगातार सीरीज़ के नतीजों पर गहरा असर डाला है। उन्होंने T20I क्रिकेट में तीन बार प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का पुरस्कार जीता है। यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा है। इस सूची में उनके साथ शेफ़ाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर और मिताली राज भी शामिल हैं।

साल दर साल अच्छा प्रदर्शन

फुल मेंबर टीमों की खिलाड़ियों में से सिर्फ़ 12 महिला खिलाड़ियों ने T20I क्रिकेट में किसी एक कैलेंडर वर्ष में 25 या उससे ज़्यादा विकेट लिए हैं। दीप्ति इकलौती खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह उपलब्धि दो बार हासिल की है। उन्होंने 2022 और 2024 में ऐसा किया। इसके अलावा किसी एक कैलेंडर वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 या उससे ज़्यादा विकेट लेने वाली सात महिलाओं में दीप्ति अकेली खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह कारनामा तीन अलग-अलग वर्षों में किया है। उन्होंने 2022, 2024 और 2025 में यह मुक़ाम हासिल किया।

परिस्थितियों की परख में माहिर

T20I क्रिकेट में किसी बल्लेबाज़ को पांच या उससे ज़्यादा बार आउट करने वाले 31 गेंदबाज़ों में दीप्ति इकलौती हैं जिन्होंने यह काम पांच अलग-अलग बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ किया है। उन्होंने चमरी अतापत्तू और डैनी वायट हॉज को छह-छह बार आउट किया है, जबकि टैमी ब्यूमोंट, अलिसा हीली और बेथ मूनी को पांच-पांच बार पवेलियन भेजा है। इस सूची में अगला नाम अनीसा मोहम्मद का है, जिन्होंने यह उपलब्धि तीन बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ हासिल की है।

Deepti SharmaIND Women vs SL WomenSri Lanka Women tour of India