Features

वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ हरलीन और मांधना ने बनाए कई बड़े कीर्तिमान

दूसरे वनडे में भारत ने वेस्टइंडीज़ को हराते हुए तीन मैचों की सीरीज़ में अजेय बढ़त हासिल कर ली है

बेहतरीन बल्लेबाज़ी प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ी काफ़ी उत्साहित थे  BCCI

भारत ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज़ को हराते हुए, तीन मैचों की सीरीज़ में 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। इस मैच में हरलीन देवोल, स्मृति मांधना समेत कई खिलाड़ियों ने कुछ बेहतरीन रिकॉर्ड बनाए हैं। आइए उन कीर्तिमानों पर एक नज़र डालते हैं।

Loading ...

358 पर 5 - यह भारतीय महिला टीम का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा वनडे स्कोर था। भारत ने 2017 में आयरलैंड के ख़िलाफ़ भी 358/2 का स्कोर बनाया था। साथ ही यह वेस्टइंडीज़ की महिला टीम के ख़िलाफ़ वनडे में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।

3 - 2024 में यह तीसरा मौक़ा था, जब भारतीय महिला टीम ने वनडे में 300 या उससे अधिक रन बनाए हैं। एक कैलैंडर वर्ष में यह सबसे ज़्यादा है। साथ ही यह पहला मौक़ा है जब भारतीय टीम ने लगातार दो मैचों में 300 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है।

43 - भारत ने बड़ौदा में 358 रनों का स्कोर बनाने के लिए 43 बाउंड्री लगाई। एक वनडे में मैच में भारतीय टीम के द्वारा लगाई गई, यह सबसे ज़्यादा बाउंड्री है।

2 - यह सिर्फ़ दूसरी बार है, जब चार भारतीय बल्लेबाज़ों ने वनडे में अर्धशतक बनाया। साथ ही यह तीसरी बार है, जब टॉप तीन भारतीय बल्लेबाज़ों ने वनडे (महिला) में अर्धशतक बनाया।

2021 - 2021 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ पूनम राउत के 104 रनों की पारी के बाद यह पहली बार है, जब वनडे में भारत के किसी बल्लेबाज़ (हरलीन देओल) ने शतक लगाया है।

2 - हरलीन देओल भारतीय महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर के बाद ऐसी दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने 100 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ शतक बनाया। हरलीन ने यह उपलब्धि 98 गेंदों में हासिल की। वहीं हरमनप्रीत अब तक तीन शतक लगा चुकी हैं, और वे सभी 100 से अधिक के स्ट्राइक रेट पर बने हैं।

3 - स्मृति मांधना और प्रतिका रावल महिला वनडे क्रिकेट में लगातार 100+ रनों की साझेदारी करने वाली तीसरी भारतीय ओपनिंग जोड़ी बन गई हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि 19 साल पहले 2005 में करुणा जैन और जया शर्मा की जोड़ी ने हासिल की थी।

500 - मांधना ने जब अपना अर्धशतक पूरा किया तो उसके साथ ही वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उनके 500 रन भी पूरे हुए। वेस्टइंडीज़ पांचवीं ऐसी टीम है, जिसके ख़िलाफ़ वनडे में उन्होंने 500 रन बनाए हैं। यह कारनामा करने वाली वह दुनिया की चौथी बल्लेबाज़ हैं। मिताली राज, स्टीफनी टेलर और सूज़ी बेट्स के बाद उनका नाम भी इस सूची में शामिल हो गया है।

743 - मांधना ने साउथ अफ़्रीका की लौर वूलफ़ार्ट को पीछे छोड़ते हुए, इस साल वनडे में 700 रनों के आंकड़े को पार कर लिया है। इसके साथ ही वह 2024 में महिलाओं के वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज़्यादा वनडे रन बनाने के मामले में यह मांधना का सबसे अच्छा साल रहा है। इससे पहले 2022 में वह 700 रनों के आंकड़े को सिर्फ़ चार रनों से चूक गई थीं।

3 - वेस्टइंडीज़ की कप्तान हेली मैथ्यूज़ महिलाओं के वनडे में सिर्फ़ तीसरी क्रिकेटर बनी हैं, जिन्होंने 7 शतकों के साथ 100 विकेट भी लिए हैं। सोफ़ी डिवाइन और स्टीफ़नी टेलर ने भी यह कारनामा किया है।

Harleen DeolSmriti MandhanaIndiaIND Women vs WI WomenWest Indies Women tour of India