आंकड़े झूठ नहीं बोलते: धोनी को काफ़ी परेशान करते हैं वरूण
चेन्नई के ख़िलाफ़ रसल का बल्ला ख़ूब बोलता है

आईपीएल 2023 का 33वां मुक़ाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। आइए इस मैच से जुड़े कुछ रोचक आंकड़ों पर नज़र डालते हैं।
वरूण कर सकते हैं धोनी को परेशान
आईपीएल में चार बार महेंद्र सिंह धोनी और वरूण चक्रवर्ती का आमना-सामना हुआ। इसमें धोनी, वरूण की 16 गेंदों में सिर्फ़ 11 रन बनाते हुए तीन बार आउट हुए हैं। इसके अलावा धोनी को सुनील नारायण के ख़िलाफ़ बल्लेबाज़ी करने में भी परेशानी होती है। धोनी ने नारायण के 70 से अधिक गेंदों का सामना किया है और सिर्फ़ एक चौका मारने में सफल रहे हैं। नारायण के ख़िलाफ़ धोनी का स्ट्राइक रेट सिर्फ़ 53 का है।
दोनों टीम के गेंदबाज़ पावरप्ले में हो जाते हैं फेल
चेन्नई और कोलकाता के गेंदबाज़ों ने पावरप्ले में अब तक बिल्कुल भी बढ़िया प्रदर्शन नहीं किया है। दोनों टीमों के गेंदबाज़ों ने 10 रन प्रति ओवर की इकॉनमी से रन दिए हैं। साथ ही वह ज़्यादा विकेट लेने में भी असफल रहे हैं और आईपीएल 2023 में पावरप्ले में सबसे कम विकेट लेने वाली टीमों में से एक हैं। कोलकाता ने अब तक पावरप्ले में आठ विकेट लिए हैं और चेन्नई ने सिर्फ़ सात विकेट लिए हैं।
सलामी बल्लेबाज़ों से परेशान है कोलकाता
2022 के बाद से कोलकाता के सलामी बल्लेबाज़ों के साझेदारी का औसत 17.1 का है। पिछले 20 पारियों में सिर्फ़ दो बार सलामी बल्लेबाज़ों ने 50 या उससे ज़्यादा रनों की साझेदारी की है। उन्होंने इस सीज़न चार अलग-अलग सलामी जोड़ी बनाई लेकिन वे सभी नाकाम रहे हैं। 2022 के बाद से कोलकाता की टीम ने कुल 10 ओपनिंग जोड़ियों का प्रयोग किया है लेकिन वे सभी असफल रहे हैं।
ऑफ स्पिनरों के ख़िलाफ़ नितीश राणा कर रहे हैं संघर्ष
नितीश राणा आमतौर पर स्पिन के ख़िलाफ़ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन वह इस सीजन में ऑफ़ स्पिनर के ख़िलाफ़ पांच पारियों में तीन बार आउट हो चुके हैं। साथ ही पिछले सीजन की तुलना में इस सीजन में ऑफ़ स्पिनरों के ख़िलाफ़ उनका स्ट्राइक रेट भी कम है। सीएसके के टीम में मोईन अली और महीष थीक्षणा हैं, जो नितीश को परेशानी में डाल सकते हैं।
रसल-मसल से सावधान
आंद्रे रसल का आईपीएल में चेन्नई के ख़िलाफ़ शानदार रिकॉर्ड है। 2018 के बाद से चेन्नई के ख़िलाफ़ रसल ने 179 की स्ट्राइक रेट से 200 से अधिक रन बनाए हैं, जो 2018 के बाद से आईपीएल में चेन्नई के ख़िलाफ़ एक बल्लेबाज़ के लिए सबसे अधिक है। उन्होंने 22 छक्के लगाए हैं जो चेन्नई़के ख़िलाफ़ एक बल्लेबाज के लिए सबसे अधिक हैं। सिर्फ़ यही नहीं उन्होंने 2018 के बाद से चेन्नई के ख़िलाफ़ खेली गई छह पारियों में तीन बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया है।
राजन राज ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.