Features

मिलिए मुंबई के नए फ़िनिशर सूर्यांश शेडगे से, जो IPL 2025 में भी चमक सकते हैं

21 साल के इस युवा बल्लेबाज़ ने SMAT 2024-25 के दौरान 251.92 के सर्वाधिक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की और अपनी टीम को ख़िताब जिताने में मदद किया

मुंबई के नए फ़िनिशर सूर्यांश शेडगे को बधाई देते सूर्यकुमार यादव  PTI

इक्कीस साल के सूर्यांश शेडगे सिर्फ़ बल्लेबाज़ी ही नहीं विचारों में भी पूरी तरह स्पष्टता रखते हैं। कम से कम उनसे बात करने पर तो यही पता चलता है।

Loading ...

उदाहरण के लिए, इसी साल के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी (SMAT) के विदर्भ के ख़िलाफ़ क्वार्टर फ़ाइनल को ही ले लिया जाए। जब वह छह नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए आए तो उनकी टीम को 24 गेंदों में 60 रनों की ज़रूरत थी। उनकी पिछली छह में से पांच पारियों का स्कोर 1*, 0, 9, 12 और 1* था।

शेडगे ने आते ही प्रहार किए और ऑफ़ स्पिनर मंदार महाले के ओवर में एक चौके और तीन छक्के की मदद से 24 रन बना डाले। उन्होंने इस मैच में 12 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए।

उन्हें इस टूर्नामेंट से पहले ही बता दिया गया था कि वह नंबर पांच या छह पर ही बल्लेबाज़ी करेंगे, इसलिए उन्होंने अपने आप को वैसी ही परिस्थितियों के लिए तैयार किया था।

SMAT फ़ाइनल में मध्य प्रदेश के ख़िलाफ़ अहम पारी खेलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शेडगे ने कहा, "इस टूर्नामेंट में आने से पहले मैंने अपने अभ्यास में कुछ बदलाव किया था। मैं छह गेंदों के सेट में अभ्यास करता था और उन छह गेंदों पर एक निश्चित रन बनाने की कोशिश करता था। इस अभ्यास से मुझे बहुत मदद मिला। मैं हर छह गेंद के बाद ब्रेक भी लेता था। मैं मैच परिस्थितियों को अभ्यास में ला रहा था। जब आप इस तरह का अभ्यास करते हो तो आपकी मसल मेमोरी बन जाती है और फिर मैच के दौरान बल्लेबाज़ी में आसानी होती है।"

शेगड़े जब भी बल्लेबाज़ी करने आते हैं, परिस्थितियां मुश्किल ही होती हैं और उन्होंने इसको अपना आदत बना लिया है। विदर्भ के ख़िलाफ़ मैच को उन्होंने गेंद को अलूर के रोड पर भेजकर ख़त्म किया। इससे छह दिन पहले उन्होंने आंध्रा के ख़िलाफ़ आठ गेंदों पर नाबाद 30 रनों की पारी खेली थी और मुंबई ने एक रिकॉर्ड चेज़ किया था। बड़ौदा के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल में शेगड़े को सिर्फ़ एक गेंद खेलने को मिला, लेकिन उन्होंने उस गेंद को भी स्टैंड में पहुंचा दिया।

शेगड़े कहते हैं, "मैं हमेशा ऐसी ही बल्लेबाज़ी करता हूं। अपने अंडर-16 दिनों में भी मैंने एक प्रथम श्रेणी मैच में 115 गेंदों पर 196 रनों की पारी खेली थी। मैं बस गेंद को देखता हूं और प्रहार करता हूं। अगर आप ऐसा खेलते हो तो निश्चित रूप से ग़लतियां भी करोगे। इसके लिए बहुत सारी ताक़त की ज़रूरत होती है।"

शेगड़े ने फ़ाइनल में भी मुंबई के लिए काम किया  Himanshu Agrawal/ESPNcricinfo

शेगड़े की नौ में से छह SMAT पारियां नंबर छह पर आई हैं। वह फ़ाइनल में नंबर सात पर बल्लेबाज़ी करने आए, जब मुंबई को 32 गेंदों में 46 रनों की ज़रूरत थी और उनकी आधी टीम पवेलियन में थी। शेगड़े ने इस मैच में 15 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया।

****

शेगड़े ने अभिषेक नायर, मोंटी देसाई और मनीष बंगेरा के कोचिंग में पावर हिटिंग का अभ्यास किया है।

वह बताते हैं, "जब आप ऐसे कोचों के साथ समय बिताते हैं तो आपको एक प्रस्पेक्टिव मिलता है। अभ्यास करने से अधिक, आप उनसे बात करते हैं। दिन के अंत में आपको कुछ निश्चित गेंदों पर कुछ निश्चित रन चाहिए होते हैं। यह एक मानसिक खेल अधिक है। इसलिए आप कितना सकारात्मक रहते हैं, वह अधिक महत्वपूर्ण है। इसके अलावा कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। मैंने और मेरे परिवार ने इसके लिए कड़ी मेहनत की है।"

मध्य प्रदेश के ख़िलाफ़ इस मैच के दौरान शेगड़े ने वेंकटेश अय्यर की एक गेंद पर सूर्यकुमार यादव के माफ़िक ऑफ स्टंप की ओर शफ़ल कर फ़ाइन लेग के ऊपर स्वीप कर छक्का लगाया। शेगड़े ने बताया कि वह सूर्यकुमार भैया से भी बहुत कुछ इनपुट लेते रहते हैं।

"जब गेंदबाज़ रन-अप लेता है तो मैं किसी निश्चित शॉट के बारे में नहीं सोच रहा होता हूं। जब वह दौड़ना शुरू करता है तो मेरा दिमाग़ भी दौड़ना शुरू करता है। और जब मैं निर्णय ले लेता हूं तो उसके बाद कोई दूसरा विचार मेरे दिमाग़ में नहीं आता है।"सूर्यांश शेगड़े

शेगड़े ने उस स्वीप के बारे में बात करते हुए कहा, "मैंने देखा कि उस दिशा में दो फ़ील्डर सर्किल के अंदर हैं। गेंदबाज़ ने ऑफ़ स्टंप के बहुत बाहर गेंद की थी। मुझे पता था कि वह फिर से ऐसा करेगा। तो मुझे बस उस पोजिशन में जाकर गेंद को टाइम करने की ज़रूरत थी। अगर आप थोड़ा पहले रिएक्ट करते तो गेंदबाज़ को पता चल सकता था। इसलिए जब वह गेंद रिलीज़ करने जा रहा था, तब मैं पोजिशन में आया।"

शेगड़े को पिछले साल उनके स्पाइन में L4 कैटेगरी का स्ट्रेस फ़्रैक्चर हुआ था, इसलिए वह SMAT 2023-24 सीज़न से बाहर हो गए थे और IPL से भी उनकी फ़्रैंचाइज़ी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने रिलीज़ कर दिया था।

हालांकि इस साल उन्होंने SMAT में 251.92 के सर्वाधिक स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए और अब उनका अगला लक्ष्य IPL 2025 होगा, जहां वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।

Suryansh ShedgeIndiaM. Pradesh vs MumbaiSyed Mushtaq Ali Trophy

हिमांशु अग्रवाल ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं