Features

क्या इस विश्व कप में भी सुपर-8 में पहुंच पाएगा USA?

सौरभ नेत्रवलकर, मोनांक पटेल और हरमीत सिंह जैसे खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट घर वापसी जैसे होगा

USA के कप्तान मोनांक पटेल और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर, टीम के अहम सदस्य हैं  ICC/Getty Images

ग्रुप मुक़ाबले

Loading ...

बनाम भारत, मुंबई, 7 फ़रवरी
बनाम पाकिस्तान, कोलंबो (एसएससी), 10 फ़रवरी
बनाम नीदरलैंड्स, चेन्नई, 13 फ़रवरी
बनाम नामीबिया, चेन्नई, 15 फ़रवरी

बड़ी तस्वीर: कुछ USA खिलाड़ियों के लिए घर वापसी

2024 में USA T20 विश्व कप का सह-मेजबान था और उन्होंने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में प्रवेश कर सुर्खियां बंटोरी। उन्होंने पूर्व चैंपियन पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया। क्या USA फिर से सुपर-8 में पहुंच सकता है?

2026 में उनके ग्रुप में दो अन्य एसोसिएट टीमें नीदरलैंड्स और नामीबिया हैं। हालांकि उन्हें अपने अभियान की शुरुआत भारत के ख़िलाफ़ करनी है। तीन दिन बाद उनका सामना पाकिस्तान से होगा, जो ऑस्ट्रेलिया को अपने घर में हराकर आत्मविश्वास से लबरेज़ है।

चयन के लिहाज़ से सबसे बड़ा सवाल मध्य क्रम में सही खिलाड़ियों की पहचान करना होगा, क्योंकि ऐरन जोंस इसमें शामिल नहीं होंगे। जोंस को हाल ही में ICC ने भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित किया है। जोंस उन 18 खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने हाल ही में श्रीलंका में अभ्यास किया था। कप्तान मोनांक पटेल और मुख्य कोच पुबुदु दसनायके को यह तय करना होगा कि क्या वे दाएं हाथ के बल्लेबाजों से भरे बल्लेबाज़ी क्रम के साथ ठीक हैं या फिर पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज शेहान जयसूर्या को शामिल कर उसमें बदलाव करना चाहते हैं। कुछ साल पहले USA शिफ़्ट हुए जयसूर्या USA के लिए डेब्यू करने के इच्छुक होंगे, लेकिन उन्होंने आखिरी T20 मैच 2024 में और आखिरी T20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2020 में खेला था।

यह विश्व कप कई USA खिलाड़ियों के लिए घर वापसी जैसा भी होगा, जिनमें हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रवलकर और शुभम रंजन शामिल हैं, जिनका जन्म भारत में हुआ और जिन्होंने यहां घरेलू क्रिकेट खेला है। पूर्व दिल्ली बल्लेबाज मिलिंद कुमार भी परिस्थितियों की जानकारी के चलते प्रभाव छोड़ने की उम्मीद करेंगे।

हालिया फ़ॉर्म

USA क्रिकेट में लंबे समय से चल रहे संकट और इसके चलते ICC द्वारा बोर्ड के निलंबन ने टीम को विश्व कप से पहले अच्छी तैयारी का मौक़ा नहीं दिया है। USA ने अप्रैल 2025 के बाद से कोई भी T20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 2025 में उन्होंने नौ में से आठ मैच जीते। हालांकि विपक्ष में ओमान, कनाडा, बरमूडा और केमैन आइलैंड्स जैसी टीमें थीं।

इन पर रहेंगी नज़रें: मोनांक और नेत्रवलकर

नेत्रवलकर USA के लिए पावरप्ले और डेथ ओवरों में भरोसेमंद गेंदबाज़ रहे हैं। 2025 से अब तक इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ने (USA और MLC व CPL में अपनी टीमों के लिए) 21 पारियों में 8.3 की इकॉनमी और 22.9 के स्ट्राइक रेट से 20 विकेट लिए हैं।

मोनांक 2025 के बाद से फ़ॉर्म के आधार पर USA के सबसे अच्छे बल्लेबाज रहे हैं। USA और MLC में अपनी टीम के लिए उन्होंने 22 पारियों में 41.81 की औसत और 150.9 के स्ट्राइक रेट से 878 रन बनाए हैं, जिसमें सात अर्धशतक और एक शतक शामिल है।

आख़िरी मौक़ा

अगर USA 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में T20 मुक़ाबलों के लिए मेज़बान के रूप में क्वालिफ़ाई करता है, तो इस दल के कई खिलाड़ी अपने करियर को आगे तक खींचना चाहेंगे। हालांकि मिड-30s में चल रहे नेत्रवलकर और अली खान के लिए यह थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

सर्वश्रेष्ठ एकादश

1 मोनांक पटेल (कप्तान), 2 एंड्रियस गौस (विकेटकीपर), 3 साईतेजा मुक्कामल्ला, 4 संजय कृष्णमूर्ति, 5 मिलिंद कुमार/शयन जहांगीर/ शेहान जयसूर्या, 6 शुभम रंजन, 7 मोहम्मद मोहसिन, 8 हरमीत सिंह, 9 जसदीप सिंह, 10 अली खान, 11 सौरभ नेत्रवलकर

Monank PatelPubudu DassanayakeShehan JayasuriyaHarmeet SinghSaurabh NetravalkarShubham RanjaneMilind KumarAli KhanUnited States of AmericaU.S.A. vs PakistanICC Men's T20 World Cup

नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं।