EPL में टीम ख़रीदने के लिए IPL मालिकों को मिल रही है कड़ी टक्कर
EPL टीमों की इक्विटी बिक्री निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है, जिसमें लंदन क्लब और मैनचेस्टर ओरिजिनल्स सबसे अधिक रुचि आकर्षित कर रहे हैं

कम से कम चार IPL फ्रेंचाइज़ी और गूगल एवं माइक्रोसॉफ़्ट के शीर्ष अधिकारियों समेत वैश्विक टेक दिग्गजों का एक समूह, ECB द्वारा आठ हंड्रेड लीग की फ्रेंचाइज़ी की बिक्री के अंतिम दौर में जगह बनाने वाले शॉर्टलिस्ट में शामिल है।
ESPNcricinfo को मिली जानकारी के अनुसार शॉर्टलिस्ट में मुंबई इंडियंस, सनराइज़र्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक जीएमआर ग्रुप शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में हैम्पशायर की टीम में स्वामित्व ख़रीदा है। शॉर्टलिस्ट में शामिल सभी निवेशकों को अपनी पसंद की फ्रेंचाइज़ी के लिए एक अंतिम वित्तीय बोली लगानी होगी। प्रत्येक फ्रेंचाइज़ी के लिए सबसे ऊंची बोली लगाने वाले को उस फ्रेंचाइज़ी का मालिक बनाया जाएगा।
2024 के अंत में आठ फ्रेंचाइज़ी के मेज़बान काउंटी टीम और निवेशकों के बीच प्रारंभिक दौर के परामर्श के बाद, ECB ने 23 दिसंबर को अपनी शॉर्टलिस्ट तैयार की। यह मेज़बान काउंटियों के हिसाब से तैयार की गई सूची के साथ-साथ गैर-बाध्यकारी फ्लोर वैल्यूएशन पर आधारित था। शुरुआती दौर में निवेशक सभी आठ फ्रेंचाइज़ी के लिए बोली लगा सकते थे, लेकिन छंटनी की गई सूची में, ECB ने प्रत्येक निवेशक को उनकी इच्छा सूची के आधार पर कम से कम एक फ्रेंचाइज़ी के लिए मैप किया है।
ECB ने शॉर्टलिस्ट किए गए निवेशकों से पुष्टि की है कि उनकी अंतिम बोली बाध्यकारी होगी और फ्लोर वैल्यूएशन मूल्य से कम नहीं हो सकती है, जो अंतिम दौर में आरक्षित मूल्य के रूप में कार्य करेगी। बोली की प्रक्रिया अभी भी समाप्त नहीं हुई है। ECB इस सप्ताह 2025 हंड्रेड सीज़न के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। नए मालिक 2026 से ही नियंत्रण ग्रहण करेंगे।
लंदन स्थित फ्रेंचाइज़ी ओवल इनविंसिबल्स और लंदन स्पिरिट ने सबसे ज़्यादा निवेशकों का ध्यान खींचा है, लेकिन मैनचेस्टर ओरिजिनल्स भी उतना ही लोकप्रिय साबित हुआ है। इनविंसिबल्स के लिए शॉर्टलिस्ट में पांच बार के IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस और तकनीकी दिग्गजों का समूह शामिल हैं। लांसर कैपिटल, जिसे मैनचेस्टर यूनाइटेड के सह-मालिक एव्राम ग्लेज़र चलाते हैं और जो ILT20 में डेजर्ट वाइपर्स के मालिक हैं, दोनों लंदन टीमों में रुचि ले रही है।
लंदन स्पिरिट के लिए भी इस समूह का नाम शॉर्टलिस्ट में शामिल है, जिसका घरेलू मैदान लॉर्ड्स है। यह समूह प्रमुख वैश्विक सीईओ के एक ग्रुप से बना है, जिसमें सुंदर पिचाई (गूगल सीईओ), सत्य नडेला (माइक्रोसॉफ़्ट सीईओ), शांतनु नारायण (एडोबी सीईओ), एगॉन डर्बन (सिल्वर लेक मैनेजमेंट सीईओ), और सत्यन गजवानी (अमेरिका स्थित मेजर लीग क्रिकेट के सह-संस्थापक और इंडियन डिजिटल जायंट टाइम्स इंटरनेट के वाइस चेयरमैन) शामिल हैं। इस समूह का नेतृत्व निकेश अरोड़ा कर रहे हैं, जो अमेरिका स्थित साइबर सिक्योरिटी प्रमुख पैलो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ हैं।
मुंबई इंडियंस भी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के लिए शॉर्टलिस्ट में है। ऐसा माना जा रहा है कि निवेशकों की मैनचेस्टर में रुचि का कारण मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनचेस्टर सिटी की वजह से है। साथ ही इस शहर में कई विश्व विद्यालय हैं, जिसमें युवाओं की एक बड़ी आबादी है। सन ग्रुप, जो IPL और SA20 में सनराइज़र्स फ्रेंचाइज़ी का मालिक है, वह नॉटिंघम स्थित ट्रेंट रॉकेट्स, लीड्स स्थित नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स, और कार्डिफ़ स्थित वेल्श फ़ायर की शॉर्टलिसट में शामिल हैं।
ग्लोबल फंड मैनेजर सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स, जिसने 2021 में IPL की गुजरात टाइटंस फ्रेंचाइज़ी ख़रीदी थी, को बर्मिंघम फीनिक्स के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
पहले कई अन्य IPL टीम मालिकों ने हंड्रेड फ्रेंचाइज़ी में हिस्सेदारी खरीदने में रुचि दिखाई थी, जिनमें चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, और पंजाब किंग्स शामिल थे। हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि फ़िलहाल न तो रॉयल्स और न ही पंजाब शॉर्टलिस्ट में हैं। यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि सुपर किंग्स और नाइट राइडर्स शॉर्टलिस्ट में हैं या नहीं।
ECB हंड्रेड की प्रत्येक आठ टीमों में 49% हिस्सेदारी बेच रहा है, जिन्हें फ्रेंचाइज़ी में बदल दिया जाएगा और शुरू में होस्ट काउंटी (या, लंदन स्पिरिट के मामले में, एमसीसी) के साथ संयुक्त उद्यम के रूप में संचालित किया जाएगा।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.