सुपर जायंट्स फ़्रैंचाइज़ी के ग्लोबल डायरेक्टर का पद संभालेंगे टॉम मूडी
यह 2022 के बाद पहली बार IPL में उनकी वापसी है

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG), पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टॉम मूडी को अपने ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट के रूप में नियुक्त करने जा रही है, जिसके तहत वह IPL में LSG, SA20 में डरबन सुपर जायंट्स और द हंड्रेड में मैनचेस्टर टीम की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।
60 वर्षीय मूडी इस खेल के सबसे प्रतिष्ठित कोचों में से एक हैं। वे पिछले दो दशकों से अंतरराष्ट्रीय और फ़्रैंचाइज़ी टीमों के कोच रह चुके हैं। इस साल इंग्लैंड की गर्मियों में प्रमुख कोच के रूप में मूडी ने ओवल इनविंसिबल्स को लगातार तीसरे साल द हंड्रेड का खिताब जिताया। उन्होंने ILT20 में डेज़र्ट वाइपर्स के साथ भी इसी तरह की भूमिका निभाई थी और 2023 और 2025 में टीम को उपविजेता बनाया था।
ऐसा माना जा रहा है कि मूडी ने LSG का ऑफ़र इसलिए स्वीकार किया क्योंकि इसमें उन्हें बड़ी भूमिका मिली। RPSG ग्रुप (RP संजीव गोयनका ग्रुप) के स्वामित्व वाली LSG ने अभी तक मूडी की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उनके कॉन्ट्रैक्ट की अवधि की भी पुष्टि नहीं हो पाई है।
मूडी IPL में 2022 के बाद पहली बार वापसी कर रहे हैं। तब उन्होंने सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) छोड़ा था। यह SRH के साथ उनकी दूसरी पारी थी। पहली बार 2013 से 2019 तक वे कोच रहे, जिसमें 2016 में टीम ने ख़िताब भी जीता था। 2021 में वे डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट के रूप में लौटे, लेकिन अगले सीज़न में ऑस्ट्रेलियाई कोच ट्रेवर बेलिस के टीम छोड़ने के बाद उन्हें प्रमुख कोच की भूमिका फिर दी गई।
LSG में मूडी उस भूमिका को संभालेंगे, जो पहले भारत के पूर्व तेज गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान निभा रहे थे। LSG ने ज़हीर को दो साल के लिए नियुक्त किया था, लेकिन यह साझेदारी सिर्फ़ एक सीज़न तक चली और सितंबर में ज़हीर ने टीम के साथ रास्ते अलग कर लिए।
अपने पहले दो IPL सीज़न (2022 और 2023) में प्लेऑफ़़ तक पहुंचने के बाद LSG पिछले दो सीज़नों में प्लेऑफ़़ में जगह नहीं बना सकी। 2025 में 14 मैचों में छह जीत के साथ टीम सातवें स्थान पर रही थी। अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम पर खेले गए सात मैचों में से टीम ने सिर्फ़़ दो मैच जीते।
नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo में न्यूज़ एडिटर हैं
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.