Features

आंकड़े: अंडर-19 विश्व कप फ़ाइनल में 175 रनों की पारी खेल सूर्यवंशी ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड

सूर्यवंशी ने अपनी पारी के 150 रन सिर्फ़ बाउंड्री से बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे

12  ICC/Getty Images

175 वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अंडर-19 विश्व कप 2026 फ़ाइनल में 175 रनों की पारी खेली। यह यूथ वनडे मैचों में किसी भी फ़ाइनल या नॉकआउट मैच का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 172 रन था, जो पाकिस्तान अंडर-19 के समीर मिन्हास ने भारत अंडर-19 टीम के ख़िलाफ़ हालिया एशिया कप फ़ाइनल में बनाया था।

Loading ...

सूर्यवंशी का 175 का स्कोर ICC टूर्नामेंट के किसी भी फ़ाइनल में (अंडर-19 और सीनियर स्तर मिलाकर) बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड अलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2022 के महिला वनडे विश्व कप फ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 170 रन बनाए थे।

1 सूर्यवंशी अब अंडर-19 विश्व कप में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड राज बावा के नाम था, जिन्होंने 2022 में युगांडा के ख़िलाफ़ नाबाद 162 रन बनाए थे।

सूर्यवंशी का 175 रन का स्कोर यूथ वनडे में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। उनसे आगे केवल अंबाती रायुडू हैं, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ नाबाद 177 रन बनाए थे।

15 सूर्यवंशी ने अपनी 175 रन की पारी में 15 छक्के लगाए, जो यूथ वनडे की एक पारी में किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा, जो उन्होंने दिसंबर में UAE के ख़िलाफ़ 14 छक्के लगाकर बनाया था।

सूर्यवंशी यूथ वनडे में पांच बार दस या उससे ज़्यादा छक्के लगा चुके हैं, जबकि बाक़ी सभी बल्लेबाज़ मिलकर ऐसा सिर्फ़ तीन बार ही कर पाए हैं।

150 सूर्यवंशी ने शुक्रवार को 150 रन सिर्फ़ बाउंड्री से बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यह इस स्तर पर एक और रिकॉर्ड है। इससे पहले यूथ वनडे की एक पारी में सबसे ज़्यादा बाउंड्री से रन 124 बने थे, जो 2018 में केन्या के ख़िलाफ़ हसिता बोयागोड़ा ने अपनी 191 रन की पारी के दौरान बनाया था।

सूर्यवंशी ने कुल 30 बाउंड्री लगाईं, जो एक पारी में किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा लगाई गई संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा बाउंड्री हैं। बोयागोड़ा ने भी अपनी 191 रन की पारी में 28 चौके और दो छक्के लगाए थे।

शतक का जश्न मनाते सूर्यवंशी  ICC/Getty Images

71 सूर्यवंशी ने 71 गेंदों में अपने 150 रन पूरे किए। यह यूथ वनडे में किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया सबसे तेज़ 150 है। सूर्यवंशी ने इस मामले में अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया। इससे पहले उन्होंने हालिया एशिया कप में UAE के ख़िलाफ़ 84 गेंदों में 150 रन बनाए थे।

सूर्यवंशी अब यूथ वनडे में एक से ज़्यादा 150+ स्कोर बनाने वाले तीन बल्लेबाज़ों में शामिल हो गए हैं। अन्य दो हैं- पुलिंदु परेरा और जोरिख वैन शाल्कवाइक।

2 सूर्यवंशी का 55 गेंदों में शतक अंडर-19 विश्व कप का दूसरा सबसे तेज़ शतक भी है। उनसे आगे केवल विल मलाजचुक हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में जापान के ख़िलाफ़ 51 गेंदों में शतक लगाया था।

कुल मिलाकर, यह यूथ वनडे में पांचवां और भारत के लिए दूसरा सबसे तेज़ शतक है। इस शतक से आगे इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पिछले साल लगाया गया उनका 52 गेंदों का शतक ही है।

110 सूर्यवंशी ने यूथ वनडे की 25 पारियों में 110 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी अन्य बल्लेबाज़ का कम से कम दोगुना है। दूसरे नंबर पर जावाद अबरार (55) हैं, जबकि इस फ़ॉर्मेट में कोई अन्य बल्लेबाज़ 40 छक्कों तक भी नहीं पहुंच पाया है।

बेहतरीन पारी के बाद सूर्यवंशी को बधाई देते इंग्लिश खिलाड़ी  ICC/Getty Images

इनमें से 30 छक्के उन्होंने इसी टूर्नामेंट में लगाए हैं, जिससे वह अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेवॉल्ड ब्रेविस के नाम था, जिन्होंने 2022 संस्करण में 18 छक्के लगाए थे। यह फ़िन ऐलन (2016 और 2018 में मिलाकर 18 छक्कों) के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा था।

1412 सूर्यवंशी ने यूथ वनडे में 1412 रन बनाए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा बनाए गए चौथे सबसे ज़्यादा रन हैं। उन्होंने भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन के मामले में विजय ज़ोल के 1404 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

इनमें से 439 रन उन्होंने इसी विश्व कप में बनाए हैं, जिससे वह इस टूर्नामेंट के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। यह अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में किसी बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया चौथा सबसे ज़्यादा रन भी है। यह भारत के लिए दूसरा सबसे ज़्यादा है। शिखर धवन ने 2004 के अंडर-19 विश्व कप में 505 रन बनाए थे।

3 भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में अब सर्वाधिक तीन 400+ टोटल हैं, यूथ वनडे मिलकर यह चौथा 400+ टोटल है। इंग्लैंड के ख़िलाफ़ नौ विकेट पर भारत का 411 का स्कोर यूथ वनडे में किसी पूर्ण सदस्य देश के ख़िलाफ़ पहला 400+ टोटल भी है। पिछले महीने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भारत का 393 पर सात का टोटल यूथ वनडे में इससे पिछला सर्वोच्च टोटल था।

Vaibhav SooryavanshiIndia Under-19s (Young Cricketers)IND Under-19 vs ENG Under-19ICC Men's Under-19 World Cup