लिस्ट-ए मैचों में 150 रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बने आयुष म्हात्रे
म्हात्रे ने विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में नागालैंड के ख़िलाफ़ अपने मुंबई टीम के साथी यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा

मुंबई के आयुष म्हात्रे लिस्ट-ए क्रिकेट में 150 रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने 17 साल 168 दिन की उम्र में विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के दौरान नागालैंड के ख़िलाफ़ मैच में यह कारनामा किया और यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा।
मुंबई के जायसवाल ने 17 साल 291 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड 2019 के विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के दौरान झारखंड के ख़िलाफ़ बनाया था।
उन्होंने अपनी इस पारी में 117 गेंदों का सामना किया और 11 छक्के व 15 चौकों की मदद से 181 रन बनाए, जिससे उनकी टीम ने 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 403 रन का एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। म्हात्रे ने इसी सीज़न मुंबई के लिए प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था और अपने बेहतरीन प्रदर्शन की मदद से नियमित सदस्य बन गए हैं।
उनके नाम अपने डेब्यू सीज़न में दो प्रथम श्रेणी शतक और एक लिस्ट-ए शतक है, जबकि दोनों फ़ॉर्मैट में एक-एक अर्धशतक भी वह बना चुके हैं।
वह हाल ही में संपन्न हुए अंडर-19 एशिया कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा थे, जहां उन्होंने लगातार दो अर्धशतक लगाया। हालांकि इस वजह से वह भारत के घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.