News

महिला T20 विश्व कप की पुरस्कार राशि में हुई बड़ी दोगुने से अधिक की बढ़ोतरी

5 अक्तूबर को शारजाह में होने वाले डबल-हेडर मैच के कार्यक्रम में हुए बदलाव

2023 महिला T20 विश्व कप के विजेता टीम को लगभग 8.5 करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि दी गई थी  ICC via Getty Images

तीन अक्तूबर से शुरू हो रहे महिला T20 विश्व कप के विजेता को लगभग 19.5 करोड़ रूपए की राशि से नवाजा जाएगा। पिछले T20 विश्व कप के विजेता राशि से यह लगभग 134 फ़ीसदी अधिक है। 2023 में इस टूर्नामेंट के विजयी टीम को लगभग 8.5 करोड़ की राशि दी गई थी। ICC ने पुरस्कार राशि में इस वृद्धि की घोषणा मंगलवार को की।

Loading ...

जून 2023 में ICC ने यह घोषणा की थी कि महिला और पुरुष के किसी भी टूर्नामेंट में पुरस्कार राशि एक समान होगी। उस घोषणा के अनुसार यह पहला टूर्नामेंट होगा, जहां महिला और पुरुष टीम के विजेताओं को एक समान पुरस्कार राशि दी जाएगी।

2024 पुरुष T20 विश्व कप के विजेता भारत को इस साल की शुरुआत में लगभग 20.5 करोड़ रूपए मिले थे। पुरुष और महिला टूर्नामेंट में खेले गए मैचों की संख्या में अंतर के कारण महिला T20 विश्व कप की राशि में थोड़ा सा अंतर है और उन्हें 19.5 करोड़ रूपए मिलेंगे। पुरुष टूर्नामेंट में 20 टीमें थीं, जबकि महिला टूर्नामेंट में सिर्फ 10 टीमें हैं।

2024 महिला T20 विश्व कप में उपविजेता को लगभग 9.5 करोड़ रूपए मिलेंगे, जबकि पिछले महिला T20 विश्व कप के फ़ाइनल में हारने वाली साउथ अफ़्रीका को 4.5 करोड़ दिए गए थे। वहीं महिला T20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में हारने वाली दो टीमें लगभग 5.6 करोड़ रूपए कमाएंगी, जो 2023 में दिए गए लगभग 1.75 करोड़ से दोगुने से भी अधिक है। साथ ही विश्व कप में भाग लेने वाली सभी दस टीमों को लगभग 94 लाख रूपए दिए जाने का आश्वासन दिया गया है।

पांच अक्तूबर को होने वाले मुक़ाबले में बदलाव

ICC ने 5 अक्तूबर को शारजाह में होने वाले मैच के कार्यक्रम में बदलाव की भी घोषणा की है। इससे पहले बांग्लादेश और इंग्लैंड स्थानीय समयानुसार 2 बजे शुरू होने वाला दोपहर का मैच खेलने वाले थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका स्थानीय समय 6 बजे शाम से एकदूसरे के ख़िलाफ़ मैच खेलने वाले थे। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका दोपहर में खेलेंगे, जबकि इंग्लैंड शाम को बांग्लादेश से भिड़ेगा।

2024 महिला T20 विश्व कप तीन अक्तूबर को शारजाह में शुरू होगा, जिसमें बांग्लादेश दोपहर 2 बजे स्कॉटलैंड से भिड़ेगा और पाकिस्तान शाम छह बजे श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच खेलेगा।

Bangladesh WomenWest Indies WomenSri Lanka WomenSouth Africa WomenPakistan WomenNew Zealand WomenIndia WomenEngland WomenAustralia WomenICC Women's T20 World Cup