Features

खिलाड़ियों की अनुपलब्धता और चोट से परेशान RCB

पेरी, पाटिल और आशा चोट से उबर रही हैं, ऐसे में RCB की उम्मीदें एक बार फिर से मांधना पर टिकी हैं

RCB ने पिछले सीज़न फ़ाइनल में DC को हराया था  BCCI

पिछले सीज़न रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की टीम दिल्ली कैपिटल्स (DC) को फ़ाइनल में मात देते हुए चैंपियन बनी थी। लीग चरण में वह तीसरी सबसे अधिक अंक अर्जित करने वाली टीम थी। इसके बाद एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस (MI) को हराते हुए वे फ़ाइनल में पहुंचे थे।

Loading ...

WPL 2025 में RCB की टीम में नया क्या है?

RCB को इस सीज़न की शुरुआत से पहले ही खिलाड़ियों की अनुपलब्धता और चोटों की चिंताओं का सामना करना पड़ा है। सोफ़ी डिवाइन ब्रेक पर हैं, वहीं बाएं हाथ की स्पिनर सोफ़ी मोलिन्यू चोट के कारण बाहर हैं। केट क्रॉस ने भी चोट से उबरने के लिए इस सीजन से नाम वापस ले लिया है।

उनकी स्टार ऑलराउंडर ऐलिस पेरी को हाल ही में ऐशेज़ के दौरान कूल्हे में चोट लगी थी, लेकिन वह टीम के बड़ौदा रवाना होने से पहले ही बेंगलुरु पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा स्पिनर आशा शोभना और श्रेयांका पाटिल भी चोट से उबर रही हैं और अक्तूबर 2024 के बाद से दोनों ने कोई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली हैं। डिवाइन, मोलिन्यू, पेरी और आशा ने पिछले साल RCB की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

RCB ने मोलिन्यू के स्थान पर इंग्लैंड की स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर चार्ली डीन को शामिल किया है, जबकि हेदर ग्राहम और किम गार्थ को डिवाइन और क्रॉस की जगह क्रमश: टीम में लाया गया है।

RCB ने नीलामी से पहले हेदर नाइट, नेडिन डी क्लर्क और शुभा सतीश सहित कुछ खिलाड़ियों को रिलीज़ किया था। नीलामी में टीम ने चार नए खिलाड़ी ख़रीदे--प्रेमा रावत, वीजे जोशिता, राघवी बिष्ट और जगरवि पवार। मध्यम गति की गेंदबाज जोशिता हाल ही में U-19 महिला विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। वहीं 20 वर्षीय बिष्ट ने हाल ही में भारत के लिए पदार्पण किया है।

लेग स्पिनर रावत को नीलामी में 1.2 करोड़ रुपये में ख़रीदा गया था। उन्होंने उत्तराखंड महिला T20 लीग में काफ़ी आक्रामक बल्लेबाज़ी का भी मुज़ाहिरा किया था। वहीं ऑफ़ स्पिनर पवार मुंबई की सीनियर महिला T20 ट्रॉफी 2023-24 की ख़िताबी जीत में अहम भूमिका निभा चुकी हैं।

नीलामी से पहले RCB ने इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज को UP वारियर्ज़ से ट्रेड करके अपनी टीम में शामिल किया था।

RCB की संभावित XI

1. स्मृति मांधना (कप्तान), 2. डैनी वायट हॉज, 3. ऐलिस पैरी, 4. एस मेघना, 5. ऋचा घोष (विकेटकीपर), 6. राघवी बिष्ट, 7. श्रेयांका पाटिल / प्रेमा रावत, 8. जॉर्जिया वेयरहम, 9. किम गार्थ, 10. कनिका आहूजा, 11. रेणुका सिंह

अन्य खिलाड़ी: एकता बिष्ट, चार्ली डीन, वीजे जोशिता, जगरवि पवार, आशा शोभना, हेदर ग्राहम

मुख्य खिलाड़ी

कई बड़े नामों की अनुपस्थिति और कुछ खिलाड़ियों की चोटों के कारण, RCB की उम्मीदें कप्तान स्मृति मांधना की फ़ॉर्म पर टिकी हैं। 2024 में मांधना ने शानदार प्रदर्शन किया था और 2025 की शुरुआत भी बेहतरीन रही है। उन्होंने आयरलैंड के ख़िलाफ़ खेले गए तीन वनडे मैचों में 41, 73 और 135 रन बनाए। पिछले साल RCB के लिए वह ऐलिस पेरी के बाद दूसरी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ थीं।

मध्यक्रम को मजबूती देने के लिए राघवी बिष्ट एक बेहतरीन विकल्प हैं, जो ऋचा घोष के साथ मिलकर विस्फ़ोटक बल्लेबाज़ी कर सकती हैं। दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ तीसरे T20I में उन्होंने मांधना और घोष के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाज़ी की थी। उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करने के साथ-साथ ज़रूरी मौकों पर आक्रामक शॉट भी लगाए थे।

इस युवा खिलाड़ी पर होगी नज़र: वीजे जोशिता

स्विंग गेंदबाज़ और उपयोगी लोअर ऑर्डर बल्लेबाज़ वीजे जोशिता U-19 T20 विश्व कप में शानदार फ़ॉर्म में थीं। अक्तूबर 2024 में घरेलू U-19 T20 ट्रॉफ़ी में उन्होंने 175.60 की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए थे और दिसंबर में U-19 त्रिकोणीय सीरीज़ में चार मैचों में सात विकेट लेकर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बनी थीं। महिला U-19 T20 विश्व कप के शुरुआती मुक़ाबले में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उन्होंने धारदार गेंदबाज़ी करते हुए 2 ओवर में 2/5 के आंकड़े दर्ज किए थे और पूरे टूर्नामेंट में छह विकेट चटकाए थे।

RCB के लीग मैचों का कार्यक्रम

RCB अपना पहला मुक़ाबला 14 फ़रवरी को वडोदरा में गुजरात जायंट्स के ख़िलाफ़ खेलेगी। इसके बाद वे 17 फ़रवरी को पिछले साल की फ़ाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेंगी। इसके बाद टीम बेंगलुरु लौटेगी, जहां वे मुंबई इंडियंस, UP वारियर्ज़, जायंट्स और कैपिटल्स के ख़िलाफ़ घरेलू मैच खेलेंगी। फिर वे 8 मार्च को लखनऊ में वारियर्ज़ से भिड़ेंगी और 11 मार्च को ब्रेबॉर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ अपने लीग चरण का समापन करेंगी।

Royal Challengers Bengaluru WomenWomen's Premier LeagueWomen's Premier League