News

मांधना: हमें विश्वास था कि हम यह लक्ष्य हासिल कर सकते हैं

RCB ने WPL इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए दूसरा ख़िताब अपने नाम किया

यह RCB का दूसरा WPL ख़िताब है  BCCI

WPL 2026 के फ़ाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को जीत हासिल करने के लिए 204 रनों का विशालकाय स्कोर था। ग्रेस हैरिस के रूप में शुरुआती झटका भी लग गया लेकिन स्मृति मांधना और जॉर्जिया वॉल की जोड़ी ने RCB की वापसी कराई। हालांकि मांधना ने मैच के बाद कहा कि उनकी टीम को विश्वास था कि वह यह लक्ष्य हासिल कर सकते हैं और इसके लिए मांधना ने टीम के सपोर्ट स्टाफ़ को श्रेय दिया।

Loading ...

मांधना ने पोस्ट मैच प्रेज़ेंटेशन में कहा, "जब भी हम जीतते हैं तो यह कहा जा सकता है कि हमने अपनी भावनाओं को नियंत्रित रखा था। लेकिन हमारे सपोर्ट स्टाफ़ ने उस मामले में काफ़ी सपोर्ट किया। सभी खिलाड़ियों को उनका रोल बताया गया। उन्होंने इतना अच्छा काम किया कि हमें बस मैदान पर उतर कर प्लान को फॉलो करना था। हमारी टीम की सभी खिलाड़ी काफ़ी मेहनत कर रही थीं। और जब आप वह करते हो तो आप में आत्मविश्वास आता है और आप इस तरह का स्कोर भी अच्छे आत्मविश्वास के साथ हासिल कर सकते हैं।"

मांधना और वॉल ने शुरुआती झटके से RCB को उबारते हुए 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। हालांकि शुरुआत में ज़िम्मेदारी वॉल ने अपने कंधों पर ली और पावरप्ले में उन्होंने आक्रमण जारी रखा। पहले छह ओवर में RCB का स्कोर एक विकेट पर 49 रन था जिसमें 30 रन अकेले वॉल के बल्ले से आए थे। मांधना ने कहा कि उन्होंने काफ़ी पहले अपनी टीम की साथी खिलाड़ियों से कहा था कि उन्हें ऐसा लगता है कि फ़ाइनल में वॉल टीम के लिए मैच जिताऊ पारी खेलेंगी।

मांधना ने कहा, "वॉल ने नेतृत्व किया (साझेदारी के दौरान)। पावरप्ले में उनके पास ज़्यादा स्ट्राइक थी और वह आक्रमण कर रही थीं। मुझे यह महसूस हो रहा था कि फ़ाइनल में वह एक मैच जिताऊ पारी खेलेंगी। वह पिछले कुछ दिनों से अभ्यास पर अतिरिक्त मेहनत भी कर रही थीं। मैं ख़ुश हूं कि उन्हें इसका फ़ायदा मिला।"

तेज़ गेंदबाज़ लॉरेन बेल एक बार फिर RCB के लिए किफ़ायती गेंदबाज़ साबित हुईं और उन्होंने चार ओवर में मात्र 19 रन ख़र्च किए और 12 डॉट गेंदें डाली। मांधना ने उनके स्पेल को मैच जिताऊ स्पेल करार दिया।

मांधना ने कहा, "पिच बल्लेबाज़ी के लिए काफ़ी अच्छी थी लेकिन गेंदबाज़ी के दौरान आख़िरी के ओवरों में कमाल की गेंदबाज़ हुई। लॉरेन बेल को इसका पूरा श्रेय जाता है। 400 रन के मैच में उन्होंने 20 रन ही दिए।"

मांधना से जब यह पूछा गया कि उन्हें इस टूर्नामेंट में किस खिलाड़ी के प्रदर्शन ने सबसे ज़्यादा प्रभावित किया तो उन्होंने कहा, "टीम में अभी सभी खिलाड़ियों के पास एक कहानी होगी कि हमने इस जीत में इस तरह का योगदान दिया था। PK (प्रत्युषा कुमार) को एक भी मुक़ाबला खेलने का मौक़ा नहीं मिला लेकिन वह हमारे साथ थीं। गौतमी (नायक) और प्रेमा (रावत) दो ख़ास युवा खिलाड़ी हैं। मैं सभी RCB प्रशंसकों को शुक्रिया कहना चाहूंगी। ई साला कप नमदू टू।"

Smriti MandhanaRoyal Challengers Bengaluru WomenDC Women vs RCB WomenWomen's Premier League

नवनीत झा ESPNcricinfo हिंदी में कंसल्टेंट सब एडिटर हैं।