ऋद्धिमान साहा आगामी सीज़न के लिए बंगाल लौटे, बंगाल प्रो टी20 लीग में लेंगे हिस्सा
11 जून से शुरू हो रही बंगाल टी20 लीग में रश्मी मेदिनिपुर विजर्ड्स के लिए खेलते दिखेंगे साहा

ऋद्धिमान साहा आगामी घरेलू सीज़न के लिए बंगाल लौटने को तैयार हैं और मंगलवार से शुरू हो रही बंगाल प्रो टी20 लीग के पहले संस्करण का हिस्सा भी बनेंगे। 2007 में अपना डेब्यू करने के साथ लगभग 15 साल तक बंगाल के लिए खेलने वाले साहा ने 2022-23 सीज़न से पहले प्लेयर-कम-मेंटोर के रूप में त्रिपुरा का साथ पकड़ लिया था।
2021-22 रणजी ट्रॉफ़ी सेमीफ़ाइनल से पहले एक सीनियर प्रशासक द्वारा की गई टिप्पणी से आहत होकर साहा ने अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा था। त्रिपुरा में दो साल बिताने के बाद वह दोबारा बंगाल लौट आए हैं।
बंगाल प्रो टी20 लीग के शुरुआती ड्रॉफ्ट में साहा का नाम नहीं था, लेकिन उन्हें रश्मी मेदिनिपुर विजर्ड्स ने चोटिल अभिमन्यु ईश्वरन के विकल्प के तौर पर शामिल किया है। इस टीम की कप्तानी सुदीप चटर्जी करेंगे और तेज़ गेंदबाज़ ईशान पोरेल भी इसका हिस्सा होंगे।
बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने कहा, "हम रिद्धिमान के बंगाल लौटने पर खुश हैं। बंगाल प्रो टी20 लीग में खेलने की उनकी इच्छा ने लीग में ग्लैमर बढ़ाने का काम किया है।"
39 साल के साहा ने अब तक 136 फ़र्स्ट-क्लास मैचों में लगभग 42 की औसत से 7013 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 43 अर्धशतक लगाए हैं। इसमें भारत के लिए 40 टेस्ट में 29.41 की औसत से बनाए गए 1353 रन भी शामिल हैं।
IPL 2022 में साहा को गुजरात टाइटंस ने खरीदा था और वह टीम के पहले सीज़न में ही चैंपियन बने थे। हालांकि, IPL 2024 में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह नौ पारियों में 15.11 की औसत से केवल 136 रन ही बना सके।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.