News

मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे यशस्वी जायसवाल

MCA ने उनके NOC रद्द करने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है

जायसवाल मुंबई के लिए 2019 से खेल रहे हैं  PTI

यशस्वी जायसवाल, मुंबई की तरफ़ से घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने उनका अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) उनके अनुरोध पर रद्द कर दिया है, जो उन्होंने गोवा के लिए खेलने के लिए बनवाया था।

Loading ...

MCA के अध्यक्ष अजिंक्य नायक ने एक प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए कहा, "यशस्वी हमेशा से मुंबई क्रिकेट के एक बेहतरीन चेहरे रहे हैं। हमने उनके NOC रद्द करने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और वह आगामी घरेलू सीज़न में मुंबई के लिए उपलब्ध रहेंगे।"

अप्रैल में जायसवाल ने MCA से NOC ली थी और गोवा के लिए खेलने का मन बनाया था। MCA ने जायसवाल के इस फ़ैसले को 'आश्चर्यजनक' करार दिया था।

हालांकि एक महीने के बाद जायसवाल ने फिर से MCA को पत्र लिखा, जिसमें कहा गया था कि जायसवाल अपने परिवार के साथ गोवा शिफ़्ट होने की योजना बना रहे थे। हालांकि उन्होंने अपनी इस योजना को बदल लिया है और अब वह मुंबई की तरफ़ से ही खेलते रहना चाहते हैं।

23 साल के इस सलामी बल्लेबाज़ ने 2019 में मुंबई की तरफ़ से प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। तब से उन्होंने मुंबई की तरफ़ से 10 प्रथम श्रेणी मैचों में 53.93 की औसत और चार शतकों की मदद से 863 रन बनाए हैं। हालिया समाप्त हुए घरेलू सीज़न में भी जायसवाल ने मुंबई की तरफ़ से खेला था।

फ़िलहाल जायसवाल भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड में हैं।

Yashasvi JaiswalMumbai (Bombay)India