शार्दुल ने कराई मुंबई की वापसी
एक समय मुश्किल में थी मुंबई, शार्दुल ने अर्धशतक लगाया फिर लिया एक विकेट
Nikhil Sharma
10-Mar-2024
शार्दुल ने 37 गेंद में लगाया अर्धशतक • PTI
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में एक समय मुंबई की टीम मुश्किलों में घिरी हुई थी, लेकिन सेमीफ़ाइनल मैच की तरह इस बार भी शार्दुल ठाकुर टीम के पालनहार के तौर पर सामने आए और अर्धशतक लगाकर मुंबई को 224 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद विदर्भ ने अपने दो शुरुआती विकेट बहुत जल्दी गंवा दिए। दिन का खेल ख़त्म होने तक विदर्भ ने तीन विकेट के नुकसान पर 31 रन बना लिए हैं।
विदर्भ ने वानखेड़े की पिच को देखते हुए पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया। पहला एक घंटा ऐसा लगा कि उन्होंने यह निर्णय करके ग़लती कर दी है। मुंबई के ओपनर पृथ्वी शॉ और भूपेन लालवानी ने क़रीब 4 रन के रन रेट से रन बनाने शुरू किए। विदर्भ के तेज़ गेंदबाज़ इस बीच अपनी लय हासिल करने में लगे हुए थे। इसका पृथ्वी और भूपेन दोनों ने खुलकर फ़ायदा उठाया। एक समय दोनों ने बिना किसी नुकसान के 81 रन मात्र 19.5 ओवर में बना लिए थे, लेकिन इस बीच यश ठाकुर एक बदलाव के तौर पर गेंदबाज़ी के लिए आए और उन्होंने भूपेन को 37 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
इसके कुछ देर बाद बायें हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने अपना जलवा बिखेरा। पहले उन्होंने पृथ्वी को 46 रन पर बोल्ड किया, जो एक फु़लर गेंद पर स्लॉग स्वीप करने गए और ग़लती कर बैठे। हर्ष यहीं नहीं रूके, अपने अगले ओवर में उन्होंने क्वार्टरफ़ाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले मुशीर ख़ान को एलबीडब्ल्यू कर दिया। कुछ देर बाद श्रेयस अय्यर भी उमेश यादव की गेंद पर स्लिप में कैच थमाकर चलते बने।
इस बीच कप्तान अजिंक्य रहाणे (7) हार्दिक तामोरे (5) ने बेहद ही डिफ़ेंसिव क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। मेडन ओवरों का दबाव बन रहा था और आदित्य ठाकरे ने इसी का फ़ायदा उठाते हुए हार्दिक को विकेटकीपर के हाथों कैच करा दिया। दूसरी ओर अजिंक्य भी संयम नहीं बरत सके और हर्ष की गेंद को एक्स्ट्रा कवर पर बाउंड्री पर भेजने के प्रयास में मिडऑफ़ पर लपके गए।
मुंबई के लिए स्थिति ख़राब हो चुकी थी और उन्होंने 111 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। इस बीच शार्दुल ठाकुर (75) और शम्स मुलानी (13) ने संभलकर खेलने के साथ ख़राब गेंद पर बाउंड्री लगानी शुरू कर दी। शम्स इस बीच यश का शिकार बने और कुछ देर बार तनुष कोटियान को भी यश ने आउट कर दिया। दूसरी ओर शार्दुल ने अपना आक्रामक क्रिकेट जारी रखा और अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 75 रन की पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। तुषार देशपांडे के साथ उन्होंने कुछ अहम रन जोड़े, लेकिन तुषार के आउट होने के बाद वह भी तेज़ खेलने के प्रयास में आउट हो गए।
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी विदर्भ को ध्रुव शौरी के रूप में पहला झटका लगा और वह बिना कोई रन बनाए शार्दुल का शिकार बने। कुछ देर बाद धवल कुलकर्णी ने भी अमन मोखड़े को आठ रन पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। विदर्भ ने एक समय 20 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। कुछ देर बाद करुण नायर भी शून्य के स्कोर पर दिन के अंतिम समय पर आउट हो गए।
निखिल शर्मा ESPNcricinfo हिंदी में सीनियर सब एडिटर हैं। @nikss26