गेंदबाज़ों के दम पर मुंबई ने बनाया विदर्भ पर दबदबा
मुंबई के 224 रनों के जवाब में 105 रनों पर ढेर हुई विदर्भ
निखिल शर्मा
11-Mar-2024
दूसरे दिन की शुरुआत में ही धवल ने मैच का अपना तीसरा विकेट लिया • PTI
मुंबई के गेंदबाज़ों के संयुक्त रूप से बेहतरीन प्रदर्शन से मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में चल रहे रणजी ट्रॉफ़ी फ़ाइनल के दूसरे दिन विदर्भ पर अपना दबदबा बना लिया है। मैच के दूसरे दिन विदर्भ मुंबई के 224 रनों के जवाब में 105 रन पर ढेर हो गई। दिन का खेल ख़त्म होने तक मुंबई ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 141 रन बना लिए हैं और उनके पास 260 रनों की बढ़त है। अजिंक्य रहाणे 58 और मुशीर ख़ान 51 रन बनाकर नाबाद हैं।
दिन के खेल की शुरुआत विदर्भ ने तीन विकेट पर 31 रन से की। उम्मीद थी कि विदर्भ का मध्य क्रम टीम को मुश्किलों से उबार लेगा, लेकिन दिन के चौथे ही ओवर में विदर्भ ने ओपनर अथर्व तायडे (23) का विकेट गंवा दिया। दिन की पहली सफलता तेज़ गेंदबाज़ धवल कुलकर्णी ने दिलाई। इसके बाद आदित्य ठाकरे (19) और यश राठौड़ (27) के बीच 40 रन की साझेदारी हुई लेकिन स्पिनर शम्स मुलानी ने ठाकरे को पगबाधा आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया।
कुछ देर बाद कप्तान अक्षय वड़कर भी मुलानी का शिकार हो गए और अब विदर्भ के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई थी। हर्ष दुबे का विकेट लेकर मुलानी ने मैच में अपना तीसरा विकेट पूरा किया। यश समेत पुछल्ले बल्लेबाज़ों को आउट करके तनुष कोटियान ने भी तीन विकेट पूरे किए।
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई के ओपनरों ने इस बार भी सधी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 26 रन जोड़े, यह साझेदारी और बड़ी हो सकती थी लेकिन यश ठाकुर की एक करिश्माई अंदर आती गेंद पर पृथ्वी शॉ 11 रन पर बोल्ड हो गए। कुछ देर बाद भूपेन लालवानी भी हर्ष दुबे की गेंद पर सब्सटीटयूट एमआर काले को कैच दे बैठे। इसके बाद दिन का खेल ख़त्म होने तक कप्तान अजिंक्य रहाणे और मुशीर ख़ान ने यह सुनिश्चित किया कि मुंबई को कोई और झटका नहीं लगे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।
निखिल शर्मा ESPNcricinfo हिंदी में सीनियर सब एडिटर हैं। @nikss26