थला आए और एक बार फिर छा गए
मुंबई के ख़िलाफ़ धोनी की पारी का गेंद दर गेंद विवरण

रविवार को सुपर संडे डबल हेडर के दूसरे मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के ख़िलाफ़ महेंद्र सिंह धोनी ने चार गेंदों में 500 के धाकड़ स्ट्राइक रेट से 20 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। धोनी अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर डैरिल मिचेल के आउट होने के बाद बल्लेबाज़ी के लिए आए और MI के कप्तान हार्दिक पंड्या पर लगातार तीन छक्के जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर गया।
अपनी पारी की पहली तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाने वाले धोनी IPL के सिर्फ़ तीसरे और पहले भारतीय बल्लेबाज़ बने। इससे पहले सुनील नारायण 2021 और उनके हमवतन निकोलस पूरन 2023 में ऐसा कर चुके हैं। धोनी ने IPL 2023 से अब तक 82 गेंदें खेली हैं, जिसमें वह 16 छक्कों और सात चौकों की मदद से 163 रन बना चुके हैं। इसमें से 124 रन सिर्फ़ बाउंड्री से ही आए हैं।
आइए डालते हैं धोनी की इस छोटी पर मनोरंजक पारी पर एक नज़र
19.3, हार्दिक, धोनी को, छह रन
धोनी आए हैं और पहली गेंद पर छक्का लाए हैं, वही पुराना अंदाज, ऊपर गेंद थी ऑफ स्टंप के बाहर, उसको मार दिया 81 मीटर लंबे छक्के के लिए लांग ऑन पर
19.4 हार्दिक, धोनी को, छह रन
इस बार डीप मिडविकेट पर मारा है, ऑफ स्टंप के बाहर की लेंथ गेंद को इस बार मोड़कर, खींचकर मारा डीप में, दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हुए
19.5 हार्दिक, धोनी को, छह रन
एक और छक्का, हैट्रिक, इस बार दबाव में फुलटॉस गेंद कर बैठे पंड्या, वो भी धोनी के पैरों पर, अब तोहफा दोगे तो कोई भी मारेगा, वो तो धोनी हैं, उसको टहला दिया हवाई यात्रा पर डीप स्क्वेयर लेग की दिशा में, क्या बात है थला
19.6 हार्दिक, धोनी को, 2 रन
अंतिम गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर की धीमी और बैक ऑफ लेंथ, उसको दूर से ही घसीटकर ऑन साइड में मारने गए थे, अंदरूनी किनारा लगा और गेंद कीपर के बायीं ओर से छिटक कर गई डीप फाइन लेग पर, दो रन लेकर पारी को समाप्त किया
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.