आंकड़े झूठ नहीं बोलते : रोहित की कप्तानी में मुंबई का सबसे निराशाजनक सीज़न
लुईस और यशस्वी की जोड़ी है पावरफ़ुल, सूर्यकुमार यादव को पसंद हैं रॉयल्स गेंदबाज़

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का ये सीज़न बेहद निराशाजनक जा रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में इस टीम के लिए अगले दोनों मैच करो या मरो के हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शारजाह में मुंबई के सामने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की चुनौती होगी। हालांकि राजस्थान के लिए भी प्लेऑफ़ में पहुंचने के लिए हर मैच में जीत ज़रूरी है। मैदान के साथ-साथ आंकड़ों में भी ये दोनों टीमें संघर्ष करती दिखाई दे रही हैं।
राजस्थान का रॉयल पलटवार
आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच कुल 23 मुक़ाबले हुए हैं, जिसमें 12 बार जीत मुंबई के नाम रही है तो 11 बार जीत का सेहरा राजस्थान के सिर बंधा है। लेकिन पिछले कुछ सालों से इन आंकड़ों में भारी फेरबदल देखने को मिला है, और इसकी वजह है राजस्थान का शानदार पलटवार। 2018 से अब तक राजस्थान ने सात मुक़ाबलों में पांच बार मुंबई को मात दी है। 2018 और 2019 के दोनों ही सीज़न में राजस्थान ने मुंबई को एक भी मैच नहीं जीतने दिया था, 2020 में ये आंकड़ा 1-1 था और इस बार यानी 2021 में मुंबई 1-0 से आगे है।
फ़िज़ को पसंद है 'बड़ी मछली' का शिकार
बेन स्टोक्स और जोफ़्रा आर्चर की ग़ैरमौजूदगी में मुस्तफ़िज़ुर रहमान राजस्थान के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ों में शुमार हैं। और ये अनुभव उनके आंकड़ों में भी झलकता है। मैदान से बाहर मछली पकड़ने का शौक़ रखने वाले फ़िज़ मैदान के अंदर भी बड़ी मछली को अपने जाल में फंसाना जानते हैं। मुंबई के विस्फोटक बल्लेबाज़ हार्दिक पंड्या को मुस्तफ़िज़ुर चार पारियों में दो बार आउट कर चुके हैं, जबकि इस दौरान पंड्या ने उनके ख़िलाफ़ 10.5 की औसत से ही रन बनाए हैं। इसी तरह मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा भी फ़िज़ के बिछाए जाल में दो बार फंस चुके हैं, हालांकि इस दौरान हिटमैन ने 36 की ओसत और 160 के स्ट्राइक रेट से 72 रन भी बनाए हैं।
राजस्थान की पावरफ़ुल सलामी जोड़ी
राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीज़न अगर कोई चीज़ लबसे ज़्यादा पॉज़िटिव रही है तो वह है उनकी बेमिसाल सलामी जोड़ी। कैरेबियाई ओपनर एविन लुईस और युवा यशस्वी जायसवाल के बीच लगातार विस्फोटक साझेदारी देखने को मिल रही है। अब तक चार पारियों में इन दोनों खब्बू बल्लेबाज़ों के बीच 54.8 की औसत और 180 के स्ट्राइक रेट से 219 रन आए हैं, इतना ही नहीं इस दौरान तीन अर्धशतकीय साझेदारी भी आई है। इस सीज़न में लुईस ने अब तक पावरप्ले में 190 के स्ट्राइक रेट से 110 रन बनाए हैं और इस फ़ेहरिस्त में कम से कम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में वह अव्वल नंबर पर हैं।
टी20 में मुंबई के गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ लुईस के आंकड़ों पर नज़र डालें तो वह हैरान करने वाले हैं। लुईस ने बुमराह के ख़िलाफ़ आठ गेंदों पर 250 के स्ट्राइक रेट से 20 रन, कायरन पोलार्ड के ख़िलाफ़ 20 गेंदों पर 245 के स्ट्राइक रेट से 49 रन और ट्रेंट बोल्ट के ख़िलाफ़ 5 गेंदों पर 220 के स्ट्राइक रेट से 11 रन बनाए हैं।
इस आंकड़े को मुंबई बदलने के लिए बेताब !
इस सीज़न मुंबई की ओर से अब तक खेले गए 12 मैचों में सिर्फ़ छ: अर्धशतक आए हैं, जो किसी भी टीम का सबसे कम है। इस फ़ेहरिस्त में 12 50+ स्कोर के साथ चेन्नई सुपर किंग्स सबसे ऊपर है, जबकि राजस्थान आठ 50+ स्कोर के साथ मुंबई से एक स्थान ऊपर है। मुंबई के लिए आईपीएल इतिहास का ये दूसरा सबसे निराशाजनक प्रदर्शन है, इससे पहले 2008 में मुंबई की ओर से सिर्फ़ पांच बार 50+ का स्कोर आया था।
शारजाह में 'सूर्य' बिखेरेंगे चमक
हालांकि एक पॉज़िटिव चीज़ मुंबई के लिए इस मैच में ज़रूर है, और वह हैं उनके बेहतरीन बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव। सूर्य ने राजस्थान के ख़िलाफ़ सात पारियों में 49.2 की औसत से 295 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145 का रहा है। उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में किसी भी टीम के ख़िलाफ़ इतने रन नहीं बनाए हैं, यानी शारजाह में सूर्य की चमक से चमक सकती है मुंबई इंडियंस की क़िस्मत।
सैयद हुसैन ESPNCricinfo हिंदी में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट हैं।@imsyedhussain
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.