Features

आंकड़े झूठ नहीं बोलते : आवेश के दो विकेट कर सकते हैं मुंबई की क़िस्मत का ताला बंद

रोहित नहीं कर पाते दुश्मांता का सामना

दुश्मांता चमीरा ने रोहित शर्मा को छह बार आउट किया है  PTI

रविवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच इस सीज़न का 37वां मुक़ाबला खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस को इस सीज़न की अपनी पहली जीत का अब भी इंतज़ार है, जबकि लखनऊ की नज़रें अंक तालिका में टॉप पर काबिज़ होने पर हैं। लगातार सात हार झेल चुकी मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज़ों के लिए आवेश और रवि बिश्नोई सबसे बड़ी चुनौती हैं। जबकि लखनऊ के कप्तान केएल राहुल की सबसे पसंदीदा टीम मुंबई इंडियंस ही है।

Loading ...

आवेश या रवि के दो विकेट दिला सकते हैं लखनऊ को जीत

लखनऊ के तेज़ गेंदबाज़ आवेश ख़ान और स्पिन गेंदबाज़ रवि बिश्नोई के आईपीएल का ट्रैक रिकॉर्ड कहता है कि इन दोनों ही गेदबाज़ों में से कोई एक दो या उससे अधिक विकेट लेता है, तब उनकी टीम की जीत की संभावना बढ़ जाती है। यह आंकड़ा इन गेंदबाज़ों की टीम के लिए सफ़लता की कुंजी साबित हुआ है। आवेश और बिश्नोई के दो या उससे अधिक विकेटों ने क्रमशः 80 और 78 फ़ीसदी मुक़ाबले उनकी टीम को जिताए हैं।

रोहित नहीं कर पाते दुश्मांता का सामना

टी20 में दुश्मांता चमीरा ने रोहित शर्मा को कुल दस पारियों में छह बार आउट किया है। रोहित ने दुश्मांता की 32 गेंदों में 103 के स्ट्राइक रेट से 33 रन बनाए हैं। आवेश ख़ान के ख़िलाफ़ भी रोहित का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। उन्होंने कुल तीन पारियों में आवेश की 13 गेंदों का सामना करते हुए 85 के स्ट्राइक रेट से 11 रन बनाए हैं। आवेश ने दो बार रोहित को पवेलियन की राह पकड़ने पर मजबूर भी किया है।

रवि बिश्नोई और जेसन होल्डर दोनों ही क्रमशः तीन और छह मुक़ाबलों में रोहित को एक-एक बार आउट कर चुके हैं। ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे रोहित का रिकॉर्ड सिर्फ़ मार्कस स्टॉयिनस के ख़िलाफ़ संतोषजनक है। उन्होंने पांच पारियों में स्टॉयनिस का सामना किया है, जिसमें रोहित ने 19 गेंदों पर 141 के स्ट्राइक रेट से 28 रन बनाए हैं।

स्काई पर भारी पड़ते हैं रवि

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाज़ी की रीढ़ माने जाने वाले सूर्यकुमार यादव स्पिन गेंदबाज़ रवि बिश्नोई को खेलने में असहज महसूस करते हैं। टी20 में रवि अक्सर स्काई पर भारी पड़ जाते हैं। सूर्यकुमार ने चार पारियों में अब तक बिश्नोई की कुल 17 गेंदों में 18 रन बनाए हैं। जबकि बिश्नोई ने तीन बार उन्हें अपना शिकार भी बनाया है। इस लिहाज़ से सूर्यकुमार छह गेंदों से ज़्यादा बिश्नोई का सामना नहीं कर पाते।

क्या पोलार्ड के सामने सरेंडर करेंगे होल्डर

कायरन पोलार्ड इस सीज़न में अब तक वह करिश्मा नहीं दिखा पाए हैं, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। हालांकि जेसन होल्डर के ख़िलाफ़ उनका रिकॉर्ड लाजवाब रहा है। पोलार्ड ने टी20 के 10 मुक़ाबले में होल्डर की कुल 36 गेंदों का सामना किया है। जिसमें उन्होंने 211 के स्ट्राइक रेट से 76 रन बनाए हैं। होल्डर ने दो मर्तबा पोलार्ड को आउट भी किया है।

मुंबई है राहुल की सबसे पसंदीदा टीम

केएल राहुल ने अगर किसी टीम के ख़िलाफ़ सबसे उम्दा प्रदर्शन किया है, तो वह मुंबई इंडियंस ही है। राहुल ने अपने करियर में सबसे ज़यादा 764 रन मुंबई के ख़िलाफ़ ही बनाए हैं। वहीं मुंबई के गेंदबाज़ों के विरुद्ध भी उनका रिकॉर्ड काफ़ी शानदार रहा है। केएल राहुल जयदेव उनादकट के ख़िलाफ 53 गेंदों में 166 के स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए हैं। पोलार्ड की 36 गेंदों पर उन्होंने 142 के स्ट्राइक से 51 रन बनाए हैं। दोनों गेंदबाज़ों ने एक-एक बार राहुल का विकेट भी हासिल किया है। वहीं जसप्रीत बुमराह की 99 गेंदों का सामना करते हुए राहुल ने 124 रन बनाए हैं। जबकि बुमराह ने राहुल को दो बार आउट भी किया है।

Rohit SharmaSuryakumar YadavKieron PollardLucknow Super GiantsMumbai IndiansLSG vs MIIndian Premier League

नवनीत झा (@imnot_nav) ESPNcricinfo हिंदी में एडिटोरियल फ़्रीलांसर हैं।