News

पूरन : ऐसी दुर्घटना से उबरना आसान नहीं, लेकिन जल्द ही मैदान पर दिखेंगे पंत

पूरन को भी पंत की तरह 2015 में सड़क दुर्घटना का सामना करना पड़ा था

दिल्ली के एक मैच के दौरान ऋषभ पंत  BCCI

एक समय निकोलस पूरन का भी वही हाल था, जो फ़िलहाल ऋषभ पंत का है। आठ साल पहले पूरन भी एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनकी दो सर्जरी हुई थी और उन्हें दुर्घटना के बाद पहली बार चलने में छह महीने का समय लगा था। इसलिए पूरन, पंत के हालात को समझते हैं। हालांकि उन्हें पूरा विश्वास है कि पंत वापसी करेंगे।

Loading ...

पूरन ने कहा, "यह पंत के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण है। मेरी पंत से बात होती है और हमारे अच्छे संबंध हैं। ऐसे समय में आप चाहते हैं कि आप जल्दी से उबरे, क्योंकि उबरने की यह प्रक्रिया बहुत डिप्रेसिंग और फ़्रस्टेटिंग होती है।"

2015 में पूरन जब सिर्फ़ 19 साल के थे, तब उनका अभ्यास से घर लौटते वक़्त कार एक्सीडेंट हुआ था। एक कार, उनके कार के ऊपर चढ़ गई थी और वह बेहोश हो गए थे। उन्हें तब ही होश आया, जब वह हॉस्पिटल पहुंचे। उनके दाएं और बाएं दोनों पैरों में चोट थी और दोनों में सर्जरी करना पड़ा।

पूरन ने कहा, "ऐसे समय में कई बार आपको अपनी उबरने की प्रगति का पता नहीं चलता। ज़िंदगी में कई बार आप बहुत तेज़ी से उबरना चाहते हैं, लेकिन ऐसा होता नहीं है। यह बहुत चुनौतीपूर्ण है, लेकिन आपको अपने आप पर विश्वास करना होगा। आपको यह स्वीकार करना होगा कि जो हुआ है, उसका कोई न कोई कारण है। आप उस पर सवाल नहीं उठा सकते क्योंकि आपको उसका जवाब भी नहीं मिलेगा। आपको भगवान पर, अपने आप पर और अपनी मेहनत पर विश्वास करने की ज़रूरत है।"

उन्होंने आगे कहा, "ऋषभ भी इससे निकल आएंगे, वह मजबूत इंसान हैं। उन्हें ख़ुद पर भरोसा करना है, ख़ुद के साथ समय बिताना है और यह समझना है कि कौन लोग उनके साथ हैं। यही सबसे उचित समय होता है, जब आप पहचानें कि आपके दोस्त कौन हैं।"

Nicholas PooranRishabh PantLucknow Super GiantsDelhi CapitalsIndiaWest IndiesIndian Premier League