महेला जयवर्धने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच बने
2017 से 2022 तक कोच रहे जयवर्धने, मार्क बाउचर की जगह लेंगे

मुंबई इंडियंस (MI) ने महेला जयवर्धने को IPL 2025 के लिए अपना मुख्य कोच बनाया है। वह मार्क बाउचर की जगह लेंगे, जो 2022 और 2023 में टीम के मुख्य कोच थे।
इससे पहले जयवर्धने 2017 से 2022 तक लगातार पांच साल तक टीम के मुख्य कोच रहे थे। हालांकि 2022 में MI फ़्रैंचाइज़ी के दूसरे लीगों में वैश्विक विस्तार के कारण उन्हें फ़्रैंचाइज़ी का ग्लोबल हेड बनाया गया था, लेकिन अभी उन्हें फिर से वापस लाया गया है।
MI की तरफ़ से फ़्रैचाइज़ी मालिक आकाश अंबानी ने एक प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए कहा, "हम महेला को वापस मुख्य कोच के रूप में लाकर बहुत उत्साहित हैं। हमारी अन्य टीमें भी अब अपनी पांव जमा चुकी हैं और यह महेला को वापस लाने का सही मौक़ा है। उनके नेतृत्व और ज्ञान से MI को हमेशा लाभ मिला है। हम इस मौक़े पर बाउचर को भी उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हैं। वह MI परिवार का एक अभिन्न हिस्सा हैं।"
वहीं इस अवसर पर जयवर्धने ने कहा, "MI परिवार के साथ मेरी यात्रा विकास की यात्रा रही है। 2017 में भी जब मैं आया था तो भविष्य के लिए एक टीम तैयार करनी थी, अभी भी कुछ वैसा ही मौक़ा है। यह मेरे लिए एक उत्साहित करने वाली चुनौती है और मैं इस अवसर के लिए तैयार हैं।"
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.