News

कर्नाटका के मुख्य कोच बने के येरे गौड़, पीवी शशिकांत की लेंगे जगह

गौड़ ने पिछले साल कर्नाटका को U-23 सीके नायुडू ट्रॉफ़ी जिताया था

गौड़ के कार्यकाल के दौरान कर्नाटका ने पहली बार सीके नायुडू ट्रॉफ़ी जीता था  KSCA

कर्नाटका और रेलवे के पूर्व बल्लेबाज़ के येरे गौड़ को घरेलू सीज़न 2024-25 के लिए कर्नाटका का मुख्य कोच बनाया गया है। वह पीवी शशिकांत की जगह लेंगे, जो 2022 से लगातार दो सीज़न के लिए टीम के मुख्य कोच थे।

Loading ...

गौड़ इससे पहले 2018 से 2022 तक लगातार चार सीज़न कर्नाटका टीम के कोच रह चुके हैं। 2023 में वह कर्नाटका की अंडर-23 टीम के कोच बने, जिनके नेतृत्व में टीम ने पहली बार सीके नायुडू ट्रॉफ़ी जीता।

अब कर्नाटका क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को उम्मीद है कि 52 वर्षीय यह पूर्व क्रिकेटर अपने 134 प्रथम श्रेणी मैचों के अनुभव का प्रयोग करके सीनियर टीम को भी ख़िताब के क़रीब लाएगा।

2023-24 के भारतीय घरेलू सीज़न के दौरान कर्नाटका की टीम विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी और रणजी ट्रॉफ़ी दोनों के सेमीफ़ाइनल में पहुंची थी।

कर्नाटका के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मंसूर अली ख़ान टीम की गेंदबाज़ी कोच की भूमिका में बने रहेंगे, जबकि पूर्व बल्लेबाज़ जे अभिराम भी चयन समिति के अध्यक्ष के पद को बरक़रार रखेंगे। अभिराम हाल ही में ज़िम्बाब्वे दौरे पर गई भारतीय टीम के मैनेजर भी थे।

टीम का फ़ील्डिंग कोच शबरीष पी मोहन को बनाया गया है, वहीं पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज़ सोमशेखर एन शिरागुप्पी अंडर-23 टीम में गौड़ की जगह मुख्य कोच का पद संभालेंगे।

भारत की पूर्व बल्लेबाज़ करूणा जैन को राज्य की महिला अंडर-23 टीम का मुख्य कोच बनाया गया है।

Yere GoudParamnathe ShashikanthSomashekar ShiraguppiKaruna JainIndiaRanji Trophy