News

IPL 2025 के लिए गुरुवार को कप्‍तान की घोषणा करेगी RCB

फ़ाफ़ डुप्‍लेसी को फ़्रैंचाइज़ी ने रिटेन नहीं किया था, जिन्‍होंने IPL 2024 टीम की कप्‍तानी की थी

कौन होगा इस साल RCB का कप्‍तान  BCCI

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) गुरुवार को बेंगलुरु में IPL 2025 के लिए अपने कप्‍तान की घोषणा करेगी।

Loading ...

नए कप्तान के नाम की पुष्टि नहीं की जा सकी है, लेकिन इस पद के लिए सबसे आगे विराट कोहली होने की संभावना है, जिन्होंने कप्‍तानी से हटने से पहले 2013 से 2021 तक फ़्रैंचाइज़ी का नेतृत्व किया था। वह IPL 2023 में तीन मैचों के लिए कप्तान भी रहे थे।

एक अन्य विकल्प मध्यक्रम के बल्लेबाज़ रजत पाटीदार हैं, जो 2021 से RCB के साथ हैं और नवंबर में बड़ी नीलामी से पहले उनके तीन रिटेन खिलाड़ियों में से एक थे। 31 वर्षीय पाटीदार सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी और विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी 2024-25 सीज़न में अपनी राज्य टीम मध्य प्रदेश के कप्तान थे।

2022 से 2024 तक तीन साल तक टीम का नेतृत्व करने वाले फ़ाफ़ डुप्लेसी को रिटेन नहीं करने के बाद RCB को एक नए कप्तान की ज़रूरत है। उन्होंने नीलामी में 40 वर्षीय डुप्लेसी के लिए बोली नहीं लगाई और उन्हें बेस प्राइस पर दिल्ली कैपिटल्स ने ख़रीदा।

डुप्लेसी ने कोहली से कप्तानी संभाली थी, जिन्होंने 2021 में RCB के कप्तान के रूप में अपना नौ सीज़न का कार्यकाल समाप्त किया था। आज तक, कोहली ने IPL में 143 मैचों में RCB का नेतृत्व किया है, जो एमएस धोनी के बाद एक कप्तान के तौर पर दूसरे सबसे अधिक मैच हैं। बतौर कप्‍तान उनका रिकॉर्ड 68 जीत और 70 हार का है और चार बार कोई नतीज़ा नहीं निकला। जबकि RCB ने अभी तक IPL नहीं जीता है, कोहली ने उन्हें 2016 में फ़ाइनल तक पहुंचाया, वो सीज़न जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड 973 रन बनाए। वह IPL 2024 में भी शीर्ष स्कोरर थे,‍ जिसमें उन्‍होंने 154.69 की स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाए और RCB को प्लेऑफ़ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन वे एलिमिनेटर में बाहर हो गए।

RCB के अलावा, कोलकाता नाइटराइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स अन्य टीम हैं जिन्होंने अभी तक आगामी सीज़न के लिए अपने कप्तानों की घोषणा नहीं की है। पिछले साल KKR के कप्तान रहे श्रेयस अय्यर इस साल पंजाब किंग्स का नेतृत्व करेंगे, जबकि पूर्व दिल्‍ली कैपिटल्‍स के कप्तान ऋषभ पंत अब लखनऊ सुपर जाइंट्स का नेतृत्व कर रहे हैं।

Royal Challengers BengaluruIndian Premier League