News

हसरंगा ने दिया श्रीलंका की T20 कप्तानी से इस्तीफ़ा

हसरंगा की कप्तानी में श्रीलंका T20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से ही बाहर हो गया था

हसरंगा की कप्तानी में श्रीलंका T20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से ही बाहर हो गया था  ICC/Getty Images

श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय की कप्तानी से इस्तीफ़ा दे दिया है। हसरंगा ने यह फ़ैसला ऐसे समय में लिया है जब इसी महीने की अंत में भारत तीन टी20 मैचों और तीन एकदिवसीय की श्रृंखला खेलने के लिए श्रीलंका जाने वाला है। भारत और श्रीलंका की इस श्रृंखला की शुरुआत T20I श्रृंखला से ही हीनी है, जिसका पहला मैच 26 जुलाई को खेला जाना है।

Loading ...

हसरंगा के त्यागपत्र को ESPNcricinfo ने देखा है जिसमें उन्होंने कहा है, "मैं हमेशा एक खिलाड़ी के तौर पर श्रीलंका के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का पूरा प्रयास करूंगा और इसके साथ ही मैं टीम का भी पूरी तरह से समर्थन करूंगा।"

हसरंगा ने पिछले T20 वर्ल्ड कप के दौरान श्रीलंकाई टीम की अगुवाई की थी। हालांकि उनकी कप्तानी में श्रीलंका की टीम कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर पाई और टूर्नामेंट के लीग स्टेज से ही बाहर हो गई। श्रीलंका टूर्नामेंट के सुपर 8 राउंड में भी नहीं पहुंच पाया था और पहले राउंड में उसे सिर्फ़ नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ ही जीत मिल पाई। जबकि बांग्लादेश और साउथ अफ़्रीका के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था।

हालांकि हसरंगा का कप्तानी से इस्तीफ़ा देना चौंकाने भरा ज़रूर है। भले ही वर्ल्ड कप में श्रीलंका कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन हसरंगा कप्तानी की भूमिका में काफ़ी नए थे और उन्हें कप्तानी से हटाए जाने का किसी तरह का दबाव भी नहीं था। यहां तक की हसरंगा ने इसी साल आईपीएल के ऊपर श्रीलंका के लिए खेलने को तरजीह भी दी थी।

हसरंगा ने अपने त्यागपत्र में श्रीलंका के विश्व कप अभियान पर कहा, "विश्व कप में श्रीलंका का शुरुआती चरण में बाहर हो जाना मेरे लिए बतौर कप्तान और पूरी टीम के लिए भी काफ़ी निराशाजनक था। एक टीम और एक राष्ट्र के तौर पर हमें काफ़ी ज़्यादा उम्मीदें थीं और मुझे भी पूरा विश्वास था कि टूर्नामेंट के लिए बेस्ट टीम का चयन हुआ है। मैं इस प्रदर्शन के लिए कोई बहाना नहीं देना चाहता लेकिन अगर हम बांग्लादेश के ख़िलाफ़ क़रीबी मैच को जीत गए होते तो संभव है कि हमारे लिए परिस्थितियां कुछ और होतीं।"

बांग्लादेश ने उस मैच में श्रीलंका को छह गेंद शेष रहते दो विकेट से हराया था। जबकि नेपाल के ख़िलाफ़ श्रीलंका का अंतिम लीग मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।

श्रीलंका ने हसरंगा की अगुवाई में कुल 10 T20I खेले और इसमें श्रीलंका को छह में जीत मिली। इसमें ज़िम्बाब्वे और अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ सीरीज़ जीत भी शामिल है। बीच में उनके ऊपर अंपायर के साथ अभद्र व्यवहार करने के चलते दो मैच का प्रतिबंध भी लगाया गया था।

हसरंगा के बाद श्रीलंका की T20 कप्तानी का कोई प्रबल दावेदार तो नहीं है लेकिन उनकी अनुपस्थिति में दो मैच में कप्तानी कर चुके चरिथ असलंका के नाम पर विचार ज़रूर किया जा सकता है। असलंका लंका प्रीमियर लीग (LPL) में जाफ़ना किंग्स के कप्तान भी हैं। हालांकि ख़ुद हसरंगा भी इस टूर्नामेंट में कैंडी फ़ैल्कंस की अगुवाई कर रहे हैं।

हाल ही में क्रिस सिल्वरवुड ने श्रीलंका के मुख्य कोच के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके बाद पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या को श्रीलंका का अंतरिम कोच नियुक्त किया गया है। जयसूर्या भारत के ख़िलाफ़ घरेलू T20 और एकदिवसीय श्रृंखलाओं में श्रीलंका के अंतरिम कोच की भूमिका निभाते नज़र आएंगे।

Wanindu HasarangaIndiaSri LankaIndia tour of Sri Lanka