रिकॉर्डों के पहाड़ के साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह गए ब्रेंडन टेलर
आंकड़ों के नज़रिए से ज़िम्बाब्वे के बेहतरीन बल्लेबाज़ और कप्तान का करियर

6684 - वनडे क्रिकेट में ब्रेंडन टेलर ने 6684 रन बनाए हैं, जो कि ज़िम्बाब्वे के लिए दूसरा सर्वाधिक है। उनसे अधिक सिर्फ ऐंडी फ़्लावर के नाम 6786 रन है।
11- टेलर के नाम ज़िम्बाब्वे के लिए सबसे अधिक 11 वनडे शतक दर्ज हैं। उनके नाम 39 अर्धशतक भी हैं, जो कि उनके 50+ स्कोर को 50 तक पहुंचाते हैं। ज़िम्बाब्वे के लिए उनसे अधिक 50+ के स्कोर सिर्फ़ ऐंडी फ़्लावर ने 59 बार बनाए हैं।
6 - टेलर के नाम छह टेस्ट शतक हैं, जो कि ज़िम्बाब्वे के लिए संयुक्त रूप से दूसरा सर्वाधिक है। ऐंडी फ़्लावर के नाम सर्वाधिक 12 शतक हैं जबकि उनके भाई ग्रांट फ़्लावर के नाम टेलर के बराबर छह शतक दर्ज हैं। टेलर के नाम कुल 2320 टेस्ट रन हैं, जो उन्हें इस प्रारूप में ज़िम्बाब्वे का चौथा सबसे सफल बल्लेबाज़ बनाता है।
2 - टेलर ने दो बार टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाया है। उन्होंने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 2013 और 2018 में दो बार यह कारनामा किया है। 2013 में टेलर ने कप्तान रहते हुए यह कारनामा किया था, जो उन्हें ज़िम्बाब्वे के लिए ऐसा करने वाला एकमात्र कप्तान बल्लेबाज़ बनाता है। ज़िम्बाब्वे के लिए एक टेस्ट में दो शतक लगाने का कारनामा टेलर के अलावा सिर्फ़ फ़्लावर बंधुओं ने किया है। ग्रांट फ़्लावर ने 1997 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ ऐसा किया था, जबकि ऐंडी फ़्लावर ने 2001 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ यह कारनामा कर के दिखाया था।
9938 - टेलर अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 10000 रन बनाने से सिर्फ़ 62 रन से चूक गए। उनके नाम कुल 9938 अंतर्राष्ट्रीय रन दर्ज हैं। ज़िम्बाब्वे के लिए उनसे अधिक अंतर्राष्ट्रीय रनों का रिकॉर्ड एक बार फिर से फ़्लावर बंधुओं - ऐंडी (11580 रन) और ग्रांट (10028 रन) के नाम है।
2 - टेलर ने विश्व कप में दो शतक बनाए हैं। दोनों ही उन्होंने अपने अंतिम दो विश्व कप मैचों में बनाए हैं- आयरलैंड के ख़िलाफ़ 121 रन और भारत के ख़िलाफ़ 138 रन। वह ज़िम्बाब्वे के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके नाम विश्व कप में एक से अधिक शतक दर्ज हैं। टेलर के नाम 690 विश्व कप रन भी हैं, जो कि ऐंडी फ़्लावर (813 रन) के बाद उन्हें ज़िम्बाब्वे का दूसरा सबसे सफल विश्व कप बल्लेबाज़ बनाता है। उन्होंने 2015 विश्व कप में 433 रन बनाए थे, जो कि किसी एक विश्व कप में ज़िम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक रन हैं।
5 - ज़िम्बाब्वे के लिए वनडे में उनके कप्तानों ने सिर्फ़ नौ शतक लगाए हैं, इसमें से पांच शतक अकेले टेलर के ही है। बाक़ी के 2-2 शतक ऐलेस्टर कैंपबेल और एल्टन चिगंबुरा ने लगाए है। टेलर के नाम टेस्ट कप्तान के रूप में भी चार शतक है, जो कि ज़िम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक है।
17 - टेलर ने ज़िम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक 17 अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाए हैं, जिसमें ज़िम्बाब्वे के कप्तान के रूप में सर्वाधिक छह अंतर्राष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड भी शामिल है।
106 - वनडे क्रिकेट में 106 छक्के जड़कर टेलर ज़िम्बाब्वे के लिए इस प्रारूप में सर्वाधिक छक्के लगाने वालों की सूची में नंबर एक पर विराजमान हैं। उनसे पहले 105 छक्कों के साथ यह रिकॉर्ड चिगंबुरा के नाम था।
संपत बंडारुपल्ली ESPNcricinfo में स्टैटिस्टिशियन हैं, अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर दया सागर ने किया है
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.