News

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए साउथ अफ़्रीका ने घोषित की अपनी टीम

इस प्रतियोगिता के लिए भी टखने की चोट से उबरने में विफल रही नियमित कप्तान वान निकेर्क की जगह सुने लूस करेंगी कप्तानी

सुने लूस की कप्तानी में इस साल हुए वनडे विश्व कप में साउथ अफ़्रीका ने सेमीफ़ाइनल तक का सफ़र तय किया था  ICC via Getty Images

साउथ अफ़्रीका की नियमित कप्तान डैन वान निकेर्क राष्ट्रमंडल खेलों के लिए समय पर टखने की चोट से उबरने में विफल रहने के कारण एक दूसरे बड़े टूर्नामेंट में खेलने से चूक जाएंगी। जनवरी में अपने नए घर में फिसलने और गिरने के बाद वान निकेर्क का टखना टूट गया था, जिससे वह वनडे विश्व कप से बाहर हो गई थीं। हालांकि उन्होंने मई में वापस ट्रेनिंग करना शुरू कर दिया था। उन्होंने अभी तक पूरी फ़िटनेस हासिल नहीं की है और आख़िरी बार नवंबर 2021 में बीबीएल में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेली थी।

Loading ...

वान निकेर्क की अनुपस्थिति में सुने लूस कप्तानी करना जारी रखेंगी। आयरलैंड के ख़िलाफ़ टीम से बाहर रहीं अनुभवी खिलाड़ी मिनॉन डुप्री वापसी कर रही हैं। मसाबाटा क्लास भी वापसी कर रही हैं, जो मार्च में हुए वनडे विश्व में कंधे में चोट लगने के बाद से नहीं खेली हैं। क्लास, साउथ अफ़्रीका की फ़ुल स्ट्रेंथ गेंदबाज़ी आक्रमण को पूरा करेंगी, जिसकी अगुवाई मरीज़ान काप और शबनम इस्माइल करेंगी।

साउथ अफ़्रीका की टीम में एक फ़्रंटलाइन स्पिनर कै तौर पर नोनकुलुलेको म्लाबा हैं, जिन्हें लूस और ट्राइऑन सहयोग करेंगी। साथ ही दो विकेट कीपर विकल्प हैं, तृषा चेट्टी और सिनालो जाफ़्टा। इस महीने की शुरुआत में लिज़ेल ली के अचानक संन्यास लेने से अन्नेका बॉश के लिए शीर्ष क्रम में अपने रोल को मज़बूत करने का अवसर मिल गया है।

महिला क्रिकेट इस महीने के अंत में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण करेगी। साउथ अफ़्रीका को न्यूज़ीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप से दो टीमें सेमीफ़ाइनल में प्रवेश करेंगी।

साउथ अफ़्रीका टीम: अन्नेका बोश, तृषा चेट्टी, नडीन डी क्लर्क, लारा गुडॉल, सिनालो जाफ़्टा, मरीज़ान काप, अयाबोंगा खाका, मासाबाटा क्लास, सुने लूस (कप्तान), नोनकुलुलेको म्लाबा, टुमी सेखुखुने, शबनिम इस्माइल, क्लोई ट्राइऑन, मिनॉन डुप्री, लॉरा वुलफ़ॉर्ट।

South Africa WomenSouth AfricaCommonwealth Games Women's Cricket Competition

फ़िरदौस मूंडा ESPNcricinfo की साउथ अफ़्रीकी संवाददाता हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के एडिटोरियल फ़्रीलांसर कुणाल किशोर ने किया है