प्रीव्यू

नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ अहम मैच से अभियान शुरू करेगी नामीबिया

ग्रुप ए में अपना अभियान शुरू करने वाली आख़िरी टीम है नामीबिया, नीदरलैंड्स को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ क़रीबी मैच में मिली थी हार

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 9, 2026, 4:07 PM • 11 hrs ago
Ruben Trumpelmann struck in his first over, Namibia vs South Africa, Only T20I, Windhoek, October 11, 2025

Ruben Trumpelmann होंगे नामीबिया के लिए काफ़ी अहम  •  Cricket Namibia

बड़ी तस्वीर: अंत की शुरुआत

यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। दिल्ली में नीदरलैंड्स और नामीबिया की भिड़ंत भले ही उतनी सुर्ख़ियां न बटोर पाए जितनी उपमहाद्वीप की बड़ी टीमों के मुक़ाबले बटोरते हैं, लेकिन मंगलवार को हारने वाली टीम के लिए यह 2026 T20 विश्व कप में उनके सफ़र के अंत की शुरुआत हो सकती है।
दोनों टीमों को ग्रुप A में USA, भारत और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। सुपर 8 में सिर्फ़ टॉप-2 टीमें पहुंचेंगी, और यहां हार का मतलब होगा एलिमिनेशन के बिल्कुल किनारे पहुंच जाना।
नामीबिया के लिए यह स्थिति कुछ ज़्यादा ही निर्दयी लग सकती है, क्योंकि इस ग्रुप में वही इकलौती टीम है जिसने अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। लेकिन एसोसिएट देशों की तरह नामीबिया को ऐसे दबावों की आदत है और वे अक्सर अपने समकक्षों से बेहतर ढंग से इसका सामना करते हैं। उनकी निरंतरता ने उन्हें अफ्रीका क्वालिफ़ायर्स में शानदार प्रदर्शन के बाद लगातार चौथे विश्व कप तक पहुंचा दिया है। यह मुकाबला अक्तूबर 2025 के बाद उनका पहला T20I भी होगा। पिछला मैच उन्होंने साउथ अफ्रीका के ख़िलाफ़ अपने पहले  मुक़ाबले में आख़िरी ओवर के रोमांच में जीता था।
नीदरलैंड्स अब भी शनिवार को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेले गए उलटफेर से भरे मुक़ाबले को भूल नहीं पाए होंगे। एक ऐसा मैच जिसे वे पहले हार रहे थे, फिर लगभग जीत चुके थे और आख़िरकार फिर हार गए। मैच के बाद पॉल वान मीकरन ने बिना लाग-लपेट के कहा था: "मैं बिल्कुल साफ़ कहना चाहता हूं कि आज पाकिस्तान ने मैच नहीं जीता, हमने खुद से मैच गंवा दिया।"
अगर ओपनिंग डे पर उलटफेर होता तो नीदरलैंड्स के खाते में दो अंक होते, लेकिन अब वे इस मैच में इस सच्चाई के साथ उतरेंगे कि वे एक और जीता हुआ मैच हाथ से निकलने का जोख़िम नहीं उठा सकते।

फ़ॉर्म गाइड

नामीबिया: WLWWW (पिछले पांच पूरे हुए T20I, हालिया पहले)
नीदरलैंड्स: LLLWW

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

नीदरलैंड्स के तेज़ गेंदबाज़ पॉल वैन मीकरन शनिवार को लगभग इतिहास रच ही चुके थे। पाकिस्तान को जब नौ ओवर में सिर्फ़ 50 रन चाहिए थे, तब उन्होंने डबल-विकेट मेडन फेंककर मैच की रफ़्तार ही बदल दी। उनके आंकड़े 2/20 रहे, लेकिन जीत हाथ न आने से न तो नीदरलैंड्स को सुर्ख़ियां मिलीं और न ही मीकरन को।
अगर T20 टीमों की नींव ऑलराउंडरों पर टिकी होती है, तो जेजे स्मिट ने इस विश्व कप से पहले नामीबिया के लिए वही मज़बूत आधार तैयार किया है। अफ्रीका क्वालिफ़ायर्स में वे टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे। चार पारियों में 197 रन, औसत 98.50 और स्ट्राइक रेट 187.61। वे उपयोगी मीडियम पेस भी डालते हैं और पांच मैचों में छह विकेट भी चटकाए। 2025 में उनका इकॉनमी रेट 6.19 रहा है, और मिडिल ओवर्स में नियंत्रण हासिल करने के लिए वे नामीबिया के लिए बेहद अहम होंगे।

टीम न्यूज़

एक बेहतरीन सामूहिक गेंदबाज़ी प्रयास ने नीदरलैंड्स को यादगार जीत के बेहद क़रीब पहुंचा दिया था, इसलिए संयोजन में ज़्यादा छेड़छाड़ की संभावना कम है।
नीदरलैंड्स (संभावित): 1 माइकल लेविट, 2 मैक्स ओ'डाउड, 3 बास डलीडे, 4 कॉलिन एकरमैन, 5 स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान व विकेटकीपर), 6 ज़ैक लायन-कैशे, 7 लोगन वैन बीक, 8 रॉल्फ़ वान डर मर्व, 9 आर्यन दत्त, 10 काइल क्लाइन, 11 पॉल वैन मीकरन
दिल्ली की पिच पर धूप में स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना को देखते हुए नामीबिया अपने अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड स्कोल्ट्ज़ को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकता है।
नामीबिया (संभावित): 1 लॉरेन स्टीनकैंप, 2 यान फ्राइलिंक, 3 यान निकोल लॉफ़्टी-ईटन, 4 गेरार्ड इरास्मस (कप्तान), 5 जेजे स्मिट, 6 मलान क्रूगर, 7 ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), 8 रूबेन ट्रम्पेलमैन, 9 बर्नार्ड स्कोल्ट्ज़, 10 बेन शिकोन्गो, 11 जैक ब्रैसल

पिच और हालात: छोटी बाउंड्री, अधिक रन?

उत्तर भारत में सर्दी अब विदा लेने को है, लेकिन दिल्ली में यह मुक़ाबला सुबह 11 बजे खेला जाएगा, जहां तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन धुंध फील्डिंग को चुनौतीपूर्ण बना सकती है। अरुण जेटली स्टेडियम देश के छोटे मैदानों में से एक है, और इसकी छोटी बाउंड्री बड़े शॉट्स को बढ़ावा देती है।

आंकड़े और रोचक तथ्य

  • नीदरलैंड्स और नामीबिया अब तक चार पूरे हुए T20I खेल चुके हैं, जिसमें नीदरलैंड्स 3-1 से आगे है। इसमें फरवरी 2024 में हुआ सबसे हालिया मुक़ाबला भी शामिल है, जहां नीदरलैंड्स ने 247/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
  • नामीबिया अपने T20I इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले और सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी पर भरोसा करेगा। गेरार्ड इरास्मस जिनके नाम 77 पारियों में 1833 रन (औसत 32.15) हैं, जबकि बर्नार्ड स्कोल्ट्ज़ ने 79 विकेट 19.79 की औसत और 6.18 की इकॉनमी से लिए हैं।
  • अरुण जेटली स्टेडियम में आठ साल में खेले गए आठ T20I में औसत स्कोर 165 रहा है। हालांकि इनमें से आधे मैच 2016 T20 विश्व कप के दौर के हैं। अक्तूबर 2024 में यहां खेले गए आख़िरी मैच में भारत ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 221 रन ठोककर इस मैदान की हाई-स्कोरिंग क्षमता का ज़्यादा सटीक संकेत दिया था।