सौराष्ट्र से पिछड़ी गुजरात, रहाणे की बदौलत मुंबई का रिकॉर्ड SMAT चेज़
बंगाल, चंडीगढ़, आंध्रा, यूपी, बड़ौदा, दिल्ली, एमपी, सौराष्ट्र, मुंबई और विदर्भ ने किया नॉकआउट में प्रवेश

गुरुवार को सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी (SMAT) को ग्रुप मैचों का अंतिम राउंड खेला गया। ताज़ा स्थिति के अनुसार इतना तय है कि मोहम्मद शमी को अधिक मैच का समय मिलेगा और अजिंक्य रहाणे अभी भी कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी की चर्चाओं में बने रहेंगे।
भुवनेश्वर की हैट्रिक और यूपी का नॉकआउट में प्रवेश
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा 10.75 करोड़ में ख़रीदे गए भुवनेश्वर कुमार ने यह दर्शाया है कि अभी उनके भीतर काफ़ी खेल बचा हुआ है। झारखंड के ख़िलाफ़ उनकी मैच जिताऊ हैट्रिक के चलते उत्तर प्रदेश ने प्री क्वार्टर फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली, जहां सोमवार को उनका सामना आंध्रा से होगा।
यूपी की कप्तानी कर रहे भुवनेश्वर ने अपने तीनों विकेट अंतिम ओवर में लिए और झारखंड की टीम लक्ष्य से 10 रन ही दूर रह गई। भुवनेश्वर ने चार ओवर में एक मेडन के साथ मात्र छह रन दिए और झारखंड की टीम 151 तक ही रह गई।
शमी मैच फ़िटनेस की ओर लौट रहे हैं
शमी ने तीन विकेट लिए और प्री क्वार्टर फ़ाइनल में उनकी टीम का सामना चंडीगढ़ से होगा। प्रतिस्पर्धा में अपना सातवां मैच खेल रहे शमी ने 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत बंगाल राजस्थान को 153 पर नौ के स्कोर पर रोकने में सफल हो गया।
शमी ने अभी तक सात मैचों में अपने कोटे के पूरे ओवर डाले हैं। उन्होंने अधिकतम 28 ओवर में 27.3 ओवर की गेंदबाज़ी की है और 7.67 की इकॉनमी से उन्होंने आठ विकेट चटकाए हैं। SMAT से पहले शमी ने रणजी ट्रॉफ़ी के पांचवें राउंड में मध्य प्रदेश के विरुद्ध सात विकेट हॉल लिया था।
रहाणे की पारी की बदौलत मुंबई ने किया रिकॉर्ड SMAT चेज़
एक करो या मरो मैच में रहाणे की 95 रनों की पारी की बदौलत मुंबई ने SMAT में अपना रिकॉर्ड चेज़ करते हुए आंध्रा को हरा दिया। प्री क्वार्टर फ़ाइनल में उनका सामना अब विदर्भ से होगा जिसे मुंबई ने पिछले रणजी सीज़न के फ़ाइनल में पटखनी दी थी।
रहाणे ने 54 गेंदों की अपनी पारी में कुल नौ चौके और चार छक्के जड़े। अंत में सुयांश शेगडे ने मुंबई को जीत दिला दी। पृथ्वी शॉ और रहाणे ने पारी की शुरुआत करते हुए चार ओवर में महज़ 51 रन जोड़ लिए थे, शॉ ने 15 गेंदों पर 34 रन बनाए। हालांकि श्रेयस अय्यर (25) और सूर्यकुमार यादव (4) कुछ ख़ास नहीं कर पाए। लेकिन इसके बाद रहाणे को शिवम दुबे का साथ मिला और दोनों ने मिलकर 31 गेंदों पर 54 रन जोड़े। इस दौरान दुबे ने 18 गेंदों पर 34 रन जोड़े। मुंबई को 10 गेंदों पर 26 रनों की दरकार थी और शेगडे दो गेंद पर दो रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने आठ गेंद पर 30 रन बनाए और तीन गेंद शेष रहते मुंबई को जीत हासिल हो गई।
सौराष्ट्र से पिछड़ी गुजरात
नेट रन रेट के चलते गुजरात ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई। उन्हें सौराष्ट्र और बड़ौदा के ख़िलाफ़ हार झेलनी पड़ी थी। बड़ौदा ने सिक्किम के ख़िलाफ़ रिकॉर्ड T20 स्कोर बनाया था।
कर्नाटका के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात ने पांच विकेट पर 251 रन बनाए। ओपनर आर्य देसाई ने 40 गेंद पर 73 रन बनाए और अक्षर पटेल ने 20 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए। अक्षर ने गेंदबाज़ी में भी 22 रन देकर दो विकेट चटकाए और गुजरात कर्नाटका को 203 के स्कोर पर रोकने में सफल हो गई।
हालांकि सौराष्ट्र गुजरात से बेहतर नेट रन रेट प्राप्त करने में सफल हो गई क्योंकि उन्होंने त्रिपुरा के ख़िलाफ़ 13.3 ओवर में ही 137 का स्कोर चेज़ कर लिया। अंत में बड़ौदा, गुजरात और सौराष्ट्र तीनों ने 24 अंक पर तालिका को समाप्त किया लेकिन गुजरात सौराष्ट्र से नेट रन रेट के मामले में 0.335 के अंतर से पिछड़ गई।
शशांक किशोर ESPNcricinfo में सीनियर सब एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी में कंसल्टेंट सब एडिटर नवनीत झा ने किया है।
Read in App
Elevate your reading experience on ESPNcricinfo App.