प्रीव्यू

चोट से परेशान चल रही न्यूज़ीलैंड के सामने अफ़ग़ानिस्तान की पहली चुनौती

राशिद ख़ान की टीम पिछले T20 विश्व कप के अभियान से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहेगी

ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 7, 2026, 12:53 PM • 2 hrs ago

बड़ा दांव

अफ़ग़ानिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड और T20 विश्व कप का शुरुआती चरण। कुछ सुना-सुना सा लग रहा है? 2024 में गयाना में अफ़ग़ानिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को 84 रन से हराया था।
इस जीत ने अफ़ग़ानिस्तान की परीकथा जैसी सेमीफ़ाइनल यात्रा की शुरुआत की थी और उनके देश में जश्न का माहौल बना दिया था। वहीं न्यूज़ीलैंड इस वैश्विक टूर्नामेंट में दुर्लभ रूप से शुरुआती दौर में ही बाहर हो गया था।
इसके बाद से दोनों टीमें किसी भी फ़ॉर्मैट में नहीं भिड़ीं, जिससे इस रीमैच को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। ग्रुप डी को 'ग्रुप ऑफ़ डेथ' माना जा रहा है, जिसमें साउथ अफ़्रीका भी है। इससे इस मैच का महत्व और भी बढ़ जाता है।
न्यूज़ीलैंड पिछली हार की कड़वी यादों से उबरना चाहेगा, लेकिन विश्व कप से पहले भारत के हाथों 4-1 की सीरीज़ हार के बाद वह कई सवालों के साथ उतर रहा है। चोट और बीमारी ने टीम को परेशान किया है और टूर्नामेंट की मज़बूत शुरुआत करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
हालांकि न्यूज़ीलैंड को हालात से परिचित होना चाहिए, क्योंकि कुछ खिलाड़ी लगभग एक महीने से भारत में हैं। टीम को भरोसा होगा कि अगर वे इस शुरुआती चुनौती से निकल गए तो टूर्नामेंट में मज़बूती से आगे बढ़ सकते हैं।
अफ़ग़ानिस्तान शायद इस मैच में फ़ेवरिट के रूप में उतरे, क्योंकि वे 2024 की ऐतिहासिक उपलब्धि से भी आगे जाने की उम्मीद के साथ अभियान की मज़बूत शुरुआत चाहते हैं। अफ़ग़ानिस्तान इस फ़ॉर्मेट में लगातार छह मैच जीतकर आ रहा है। वे मज़बूत स्पिन आक्रमण के साथ उतरेंगे, ताकि अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फ़ायदा उठा सके।

टीम समाचार

न्यूज़ीलैंड चोट और बीमारी से जूझते हुए टूर्नामेंट में उतर रहा है। बल्लेबाज़ रचिन रविंद्र और डेवन कॉन्वे बीमारी के कारण प्रभावित हैं, जबकि फ़िन ऐलन भारत के ख़िलाफ़ मैच में लगी कंधे की चोट से उबर रहे हैं। ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल और तेज़ गेंदबाज़ लॉकी फ़र्ग्यूसन पिंडली की समस्या से जूझ रहे हैं। न्यूज़ीलैंड कैंप को उम्मीद है कि चयन के लिए उनकी लगभग पूरी ताक़त उपलब्ध होगी, हालांकि रविंद्र के समय पर फिट होने की संभावना कम दिखती है।
न्यूज़ीलैंड XI (संभावित): 1 फ़िन ऐलन, 2 टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), 3 रचिन रवींद्र/डेवन कॉन्वे, 4 ग्लेन फ़िलिप्स, 5 डैरिल मिचेल, 6 मार्क चैपमैन, 7 माइकल ब्रेसवेल, 8 मिचेल सैंटनर (कप्तान), 9 लॉकी फ़र्ग्यूसन, 10 मैट हेनरी, 11 ईश सोढ़ी
न्यूज़ीलैंड के उलट अफ़ग़ानिस्तान के लिए ज़्यादा चिंताएं नहीं हैं। वे अपनी पूरी ताक़त के साथ उतर सकते हैं।
अफ़ग़ानिस्तान XI (संभावित): 1 रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), 2 इब्राहिम ज़ादरान, 3 सेदिक़ुल्लाह अटल, 4 दरवेश रसूली, 5 मोहम्मद नबी, 6 गुलबदिन नईब, 7 अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, 8 राशिद ख़ान (कप्तान), 9 मुजीब उर रहमान, 10 फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी, 11 नूर अहमद

पिच और परिस्थितियां

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अब तक सिर्फ़ तीन T20I खेले गए हैं, जिनमें सबसे हालिया जनवरी 2025 में भारत की इंग्लैंड पर दो विकेट की जीत थी। उस मैच में टर्न भी दिखा था और पेस व बाउंस भी। यह मैदान पारंपरिक रूप से स्पिन के लिए जाना जाता है, हालांकि हाल के IPL सीज़न में टर्न थोड़ा कम दिखा है।
सुबह 11 बजे की शुरुआत के कारण मैच दिन में खेला जाएगा और चेन्नई की मशहूर उमस भी असर डालेगी।