पंजाब किंग्स की कमान अब मयंक की जगह शिखर संभालेंगे
शिखर धवन अब मयंक अग्रवाल की जगह पर आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए दिखेंगे। ईएसपीनएनक्रिकइंफ़ो को पता चला है कि धवन की पदोन्नति को बुधवार को फ़्रैंचाइज़ी बोर्ड की बैठक के दौरान मंज़ूरी दे दी गई थी और इसका समर्थन पंजाब के नवनियुक्त कोचट्रेवर बैलिस ने भी किया था।
मयंक को पिछले ही साल पंजाब की कप्तानी सौंपी गई थी। पिछेल मेगा ऑक्शन में मयंक और अर्शदीप सिंह ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्हें पंजाब की टीम ने रिटेन किया था। वहीं शिखर वह खिलाड़ी थे, जिन्हें मेगा ऑक्शन में पंजाब ने सबसे पहले ख़रीदा था। शिखर को अपने टीम में शामिल करने के लिए पंजाब की टीम ने 8.25 करोड़ की राशि ख़र्च की थी। वह 2016 से आईपीएल के सबले सफल बल्लेबाज़ों में से एक हैं। साल 2020 में उनका प्रदर्शन शानदार था। जहां उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की तरफ़ से खेलते हुए लगभग 145 के स्ट्राइक रेट से 618 रन रन बनाए थे। पंजाब किंग्स के लिए अपने पहले सीज़न में शिखर ने 460 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 38.33 और स्ट्राइक रेट 122.66 का था।
मयंक 2018 से पंजाब के लिए खेल रहे हैं। 2021 तक उन्होंने के एल राहुल की कप्तानी में खेला। हालांकि राहुल के जाने के बाद जैसे ही मयंक को कप्तान बनाया गया, उनके फ़ॉर्म में काफ़ी गिरावाट देखी गई और उन्होंने 13 मैचों में सिर्फ़ 196 रन बनाए। साथ ही आईपीएल 2022 में पंजाब की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर रही। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो के टी20 टाइम आउट कार्यक्रम के दौरान यह कहा था कि मयंक अग्रवाल को कप्तानी के प्रभार से मुक्त कर देना चाहिए।
शिखर आईपीएल के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वह 2008 से इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। साथ ही वह मुख्य कप्तानों की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की कप्तानी भी करते रहे हैं। आईपीएल में उन्होंने अब तक कुल 11 मैचों की कप्तानी की है, जिसमें से सात मैचों में उन्हें जीत और चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
अब यह भी देखा जाना बाक़ी है कि पंजाब किंग्स की टीम मयंक को अपनी टीम में रिटेन करती है या नहीं। 15 नवंबर तक आईपीएल की सभी टीमों को अपने उन खिलाड़ियों की सूची के बारे में बताना है, जिन्हें वह अगले आईपीएल में भी अपनी टीम में बनाए रखना चाहते हैं।
नागराज गोलपुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo कर सब एडिटर राजन राज ने किया है।